Agriculture Budget: कृषि योजनाओं के लिए नहीं बढ़ा बजट, खेती पर खर्च होंगे 1.62 लाख करोड़ रुपये.. पढ़ें डिटेल्स

Agriculture Budget Decode: बजट 2026-27 में कुछ प्रमुख कृषि योजनाओं के लिए खर्च की जाने वाली अनुमानित राशि में बढ़ोत्तरी नहीं की गई है. वित्त मंत्रालय के अनुसार 2026-27 में कृषि और संबद्ध क्षेत्र के लिए कुल 1.62 लाख करोड़ रुपये का अनुमानित बजट रखा गया है, जो कृषि क्षेत्र पर खर्च किया जाएगा.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 1 Feb, 2026 | 04:35 PM

देश का कुल अनुमानित बजट 53.5 लाख करोड़ रुपये रहने वाला है. जो बीते साल के 50.65 लाख करोड़ की तुलना में करीब 3 लाख करोड़ रुपये अधिक है. कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र के लिए बजट में मामूली बढ़ोत्तरी की गई है. लेकिन, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम फसल बीमा योजना जैसी बड़ी केंद्रीय योजनाओं के लिए बजट नहीं बढ़ाया गया है. फसल बीमा योजना के लिए बजट बढ़ाने की बजाय 67 करोड़ रुपये घटा दिया गया है.

देश का कुल बजट 53.5 लाख करोड़ रुपये

लोकसभा में केंद्रीय बजट पेश करते हुए वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि गैर ऋण प्राप्तियां 36.5 लाख करोड़ रुपये रहा है. उन्होंने कहा कि 2026-27 के लिए खर्च होने वाली राशि 53.5 लाख करोड़ रुपए रहने का अनुमान है. बता दें कि बीते साल 1 फरवरी 2025 को घोषित किए गए बजट में अनुमानित खर्च के लिए 50.65 लाख करोड़ रुपये था. इस हिसाब से इस बार केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने देश के बजट में करीब 3 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोत्तरी की है. यानी देश का बजट 2026-27 के लिए अनुमानित 53.5 लाख करोड़ रुपये रखा गया है.

देश का कुल कृषि बजट, 11 हजार करोड़ की बढ़ोत्तरी

वित्त मंत्रालय के अनुसार बजट 2026-27 में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र के लिए खर्च की जाने वाली अनुमानित राशि 1.62 लाख करोड़ रुपये है. जो बीते साल के कृषि बजट 1.51 लाख करोड़ की तुलना में 11 हजार करोड़ की बढ़ोत्तरी की गई है.  कृषि बजट की यह राशि 2026-27 के दौरान कृषि योजनाओं और खेती के विकास पर खर्च की जाएगी.

फसल बीमा योजना का बजट बढ़ने की बजाय घटा

वित्त मंत्रालय के अनुसार पीएम फसल बीमा योजना के तहत बजट में 12,200 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं. यह राशि 2026-27 के दौरान फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल नुकसान पर दी जाएगी. बीते वर्ष फसल बीमा योजना का बजट संशोधित करके 12,267 करोड़ रुपये था. यानी इस साल फसल बीमा योजना के तहत बजट को 67 करोड़ रुपये कम आवंटित किए जाएंगे. बता दें कि उससे पहले 2024-25 में योजना के लिए बजट 14,473 करोड़ रुपये था, जो अब तक का सबसे ज्यादा था.

पीएम किसान सम्मान निधि का बजट नहीं बढ़ा

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए बजट 2026-27 में 63,500 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट रखा गया है. बीते वर्ष भी योजना के लिए इतना ही बजट प्रस्ताविक किया गया था. यानी इस साल पीएम किसान सम्मान योजना का बजट बढ़ाया नहीं गया है. इसका मतलब है कि पीएम किसान सम्मान निधि की राशि में बढ़ोत्तरी नहीं होगी. बता दें कि इससे पहले साल 2024-25 के लिए पीएम किसान सम्मान योजना का बजट 66,121 करोड़ रुपये था, जो अब तक का योजना के लिए सर्वाधिक बजट था.

पीएम किसान सम्मान राशि बढ़ने का सपना टूटा

किसान लंबे समय से पीएम किसान सम्मान निधि बढ़ाने की मांग कर रहे थे. लेकिन बजट में फंड नहीं बढ़ाए जाने का मतलब है कि केंद्र की ओर से किसानों को सालाना दिए जा रहे 6000 रुपये में भी बढ़ोत्तरी नहीं होने वाली है. किसान नेताओं ने पीएम किसान और फसल बीमा की राशि नहीं बढ़ाए जाने पर नाराजगी जताई है. किसान नेता राजेश धाकड़ ने कहा है कि किसानों के हित में काम करने वाली कोई सरकार नहीं है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 1 Feb, 2026 | 03:00 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

भारत की सबसे छोटी गाय नस्ल का नाम क्या है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
उत्तर प्रदेश
विजेताओं के नाम
कन्हैया कुमार रंजन, समस्तीपुर, बिहार