घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर.. कई राज्यों में भीषण लू का अलर्ट.. चलेंगी गर्म हवाएं

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 9- 10 जून को दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू का असर रहेगा. यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि बिहार में हल्की बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में मौसम सुहावना रहने के आसार हैं.

Kisan India
नोएडा | Published: 9 Jun, 2026 | 07:08 AM

Weather Updates: दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब के लोगों को मंगलवार को भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इन क्षेत्रों में फिलहाल बारिश की संभावना कम है, जिससे तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी हो सकती है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में लू (हीटवेव) जैसी स्थिति बन सकती है. ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग ने कहा है कि 9 जून को हरियाणा में हीटवेव का असर और बढ़कर 14 जिलों तक पहुंच सकता है. इनमें सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, रोहतक, जींद, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह और पलवल शामिल हैं. पंजाब में मुक्तसर, मानसा, बठिंडा, फाजिल्का, मोगा, संगरूर, फिरोजपुर, बरनाला और फरीदकोट में लू चलने के आसार हैं.

पंजाब- हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 10 जून तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लगभग सभी हिस्से भीषण गर्मी और हीटवेव  की चपेट में आ सकते हैं. हालांकि 11 जून से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के प्रभाव से मौसम बदल सकता है. हरियाणा के कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है. वहीं चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, करनाल और कैथल में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश में गर्मी से राहत नहीं

वहीं, 9 जून को उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. पूर्वी और पश्चिमी यूपी में फिलहाल बारिश की संभावना  कम है. हालांकि, गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. वहीं, बिहार में कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की या छिटपुट बारिश होने की संभावना है. झारखंड में भी कुछ स्थानों पर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि फिलहाल बारिश के आसार कम हैं, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है.

उत्तराखंड में हो सकती है बारिश

9 जून को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम अपेक्षाकृत राहतभरा रहने की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है. मैदानी इलाकों की तुलना में तापमान कम रहने से लोगों और पर्यटकों को गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है, इसलिए यात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है.

राजस्थान में रहेगा गर्मी का असर

राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में 9 जून को मौसम शुष्क रहने  और गर्मी का प्रभाव बने रहने की संभावना है. पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्के बादल दिख सकते हैं, लेकिन व्यापक बारिश के आसार नहीं हैं, ऐसे में राज्य के कई क्षेत्रों में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़