वैश्विक बाजार में धनिया की मांग बढ़ने से भाव में उछाल, बिनौला खली और ग्वारगम की कीमतें लुढ़कीं
Commodity Price Updates : वैश्विक बाजार में हलचल के बाद से घरेलू वायदा बाजार में धनिया के दाम में उछाल देखा गया है, जो आगे और चढ़ने की संभावना है. वहीं, बिनौला खली, ग्वार सीड और ग्वार गम के दामों में नरमी ने दर्ज की गई है.
वैश्विक बाजार में धनिया की मांग की बढ़त का असर घरेलू वायदा बाजार में सोमवार को बढ़े हुए भाव के रूप में देखा गया है. धनिया की वायदा कीमत में 40 रुपये की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. वहीं, बिनौला खली की वैश्विक मांग गिरने से कीमतों में गिरावट देखी गई है. इसके साथ ही ग्वारसीड और ग्वारगम के भाव भी नीचे लुढ़क गया है. हालांकि, आगामी मॉनसूनी सीजन के दौरान बारिश से सप्लाई प्रभावित होने पर पशुओं को पौष्टिक चारे की मांग बढ़ने के साथ ही खली के भाव में उछाल आने की संभावना जताई गई है.
ग्वारसीड और ग्वारगम की कीमतों में गिरावट
उत्पादक क्षेत्रों से पर्याप्त आपूर्ति के बीच वायदा कारोबार में सोमवार को ग्वारसीड की कीमत 16 रुपये की गिरावट के साथ 6,264 रुपये प्रति क्विन्टल दर्ज की गई. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) में ग्वारसीड के सितंबर माह में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 0.25 फीसदी की गिरावट के साथ 6,264 रुपये प्रति क्विन्टल रह गई. इसी तरह हाजिर बाजार में कमजोरी के रुख के चलते कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार घटाने से वायदा कारोबार में सोमवार को ग्वारगम की कीमत नौ रुपये की गिरावट के साथ 12,000 रुपये प्रति क्विंटल रह गई.
ग्वार सीड दलहनी फसल का बीज है और इसकी खेती मुख्य रूप से राजस्थान, गुजरात और हरियाणा में होती है. ग्वार बीज से ग्वार गम को तैयार किया जाता है, जिसका इस्तेमाल खाद्य वस्तुओं, कॉस्मेटिक और तेल के रूप में किया जाता है.
बिनौला खली का भाव 36 रुपये लुढ़का
हाजिर बाजार में कमजोरी के रुख को देखते हुए कारोबारियों के अपने सौदे घटाने से वायदा बाजार में सोमवार को बिनौला खली की कीमत 36 रुपये गिरकर 3,802 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गई. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज में सितंबर महीने में डिलीवरी वाले बिनौला खली का भाव 36 रुपये यानी 0.94 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,802 रुपये प्रति क्विंटल रह गया. हालांकि, एक्सपर्ट का अनुमान है कि मॉनसूनी सीजन के चलते आगामी दिनों में पशु आहार के रूप में इसकी मांग बढ़ेगी, जिसके बाद कीमत में मजबूती देखे जानी की संभावना है.
मांग बढ़ने से धनिया के वायदा भाव में तेजी
त्यौहारी सीजन की आहट के साथ ही धनिया के भाव में उछाल दर्ज किया गया है. हाजिर बाजार में मांग बढ़ने से सोमवार को वायदा कारोबार में धनिया की कीमत 40 रुपये बढ़कर 16,190 रुपये प्रति क्विंटल हो गई. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज पर सितंबर डिलीवरी वाले धनिया के अनुबंध की कीमत 40 रुपये यानी 0.25 फीसदी की बढ़त के साथ 16,190 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज की गई. अनुमान है कि इस कमोडिटी में अभी और उछाल देखा जा सकता है.