मॉनसून की आहट के बीच मौसम विभाग का अलर्ट, 16 राज्यों में आंधी-तूफान और होगी बारिश

देश में इस समय दो तरह का मौसम देखने को मिल रहा है. पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है, जबकि उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मॉनसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे कई राज्यों में मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है.

नई दिल्ली | Updated On: 14 May, 2026 | 07:12 AM

Today weather: देशभर में मौसम एक बार फिर तेजी से बदलता नजर आ रहा है. एक तरफ दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार क्षेत्र में मॉनसून की हलचल बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. इसी बीच IMD ने देश के 16 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

दिल्ली-NCR में गर्मी के बीच बारिश की संभावना

दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदलता रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 13 से 16 मई के बीच राजधानी में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. दिल्ली में 14 मई को अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हालांकि 15 मई के बाद गर्मी फिर बढ़ सकती है और तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है.

उत्तर प्रदेश में उमस बढ़ाएगी परेशानी

उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना कम दिखाई दे रही है. राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में अगले दो से तीन दिनों तक मौसम साफ रहने का अनुमान है. हालांकि तेज धूप और बढ़ती उमस लोगों को परेशान कर सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, बुलंदशहर और शामली में हल्के बादल और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है. लखनऊ में 14 मई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है.

बिहार में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट

बिहार में 14 से 17 मई के बीच मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है. कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 16 मई को कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. दरभंगा और पूर्णिया में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है. पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. लोगों को बिजली गिरने और आंधी के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

उत्तराखंड और हिमाचल में बदलेगा मौसम

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है. देहरादून, मसूरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. नैनीताल में तापमान 26 डिग्री अधिकतम और 19 डिग्री न्यूनतम रह सकता है. चारधाम यात्रा मार्गों पर फिसलन और पत्थर गिरने का खतरा बढ़ सकता है.

वहीं हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 मई को मौसम खराब रहने का अनुमान है. शिमला, मनाली, धर्मशाला और कुल्लू में बारिश और तेज हवाओं का असर दिख सकता है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है. शिमला का तापमान 26 डिग्री अधिकतम और 17 डिग्री न्यूनतम रह सकता है.

राजस्थान में भीषण लू का खतरा

राजस्थान में 15 से 18 मई के बीच भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया गया है. जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर में तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच सकता है. जयपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने का अनुमान है. पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जरूर है, लेकिन गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं.

झारखंड में कई दिनों तक सक्रिय रहेगा मौसम

झारखंड में 14 से 18 मई तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है. रांची में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रह सकता है. मौसम विभाग ने बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों से दूर रहने की सलाह दी है.

कई राज्यों में दो अलग-अलग मौसम

देश में इस समय दो तरह का मौसम देखने को मिल रहा है. पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है, जबकि उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मॉनसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे कई राज्यों में मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है.

Published: 14 May, 2026 | 07:10 AM

Topics: