टमाटर के होलसेल रेट में 64 फीसदी की गिरावट, नुकसान में किसान.. उठी MSP तय करने की मांग

कर्नाटक के कोलार जिले में टमाटर की कीमतों में करीब 64 फीसदी गिरावट से किसान संकट में हैं. APMC मंडियों में 15 किलो के एक क्रेट का भाव 500-550 रुपये से घटकर 150-200 रुपये रह गया है. लागत निकालना मुश्किल होने पर किसानों ने सरकार से टमाटर का 30 रुपये प्रति किलो न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने की मांग की है.

नोएडा | Updated On: 13 Jul, 2026 | 11:20 AM

Tomato Price Fall: कर्नाटक के टमाटर किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. कोलार जिले के मुलबागल तालुक में टमाटर की कीमतें अचानक गिरने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. APMC मंडियों में 15 किलो के एक क्रेट का भाव 500-550 रुपये से घटकर सिर्फ 150-200 रुपये रह गया है जो 64 फीसदी के करीब है. वहीं, कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट से किसानों के लिए खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है.

वहीं, एन. वड्डाहल्ली APMC में शनिवार को 15 किलो वाले एक टमाटर के क्रेट की कीमत सिर्फ 130 से 170 रुपये रही. यह मंडी टमाटर कारोबार  का बड़ा केंद्र है, जहां से जून से सितंबर के बीच तमिलनाडु, गुजरात, कोलकाता और दिल्ली समेत कई राज्यों में टमाटर भेजे जाते हैं. बेंगलुरु के के.आर. मार्केट, यशवंतपुर, के.आर. पुरम और मडिवाला की थोक और खुदरा मंडियों के व्यापारियों का कहना है कि पिछले 10 दिनों में टमाटर की कीमतों में तेज गिरावट आई है. इससे किसानों को अपनी उपज का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है.

हाइब्रिड टमाटर 15 रुपये किलो

बेंगलुरु के के.आर. मार्केट के मर्चेंट्स एसोसिएशन के सचिव सैयद मुश्ताक ने द हिन्दू को कहा कि थोक बाजार में टमाटर अब 10 से 15 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि कुछ समय पहले तक इसका भाव 60 से 70 रुपये प्रति किलो था. वहीं, यशवंतपुर मंडी के टमाटर व्यापारी खलीलुल्लाह ने कहा कि पिछले 10 दिनों से देसी (नाटी) टमाटर का खुदरा भाव 20 रुपये प्रति किलो है, जबकि हाइब्रिड टमाटर 15 से 17 रुपये प्रति किलो बिक रहा है.

टमाटर का MSP तय करने की उठी मांग

व्यापारियों के अनुसार, बाजार में टमाटर की अधिक आवक होने के कारण कीमतों में लगातार गिरावट आई है. इसका सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है, क्योंकि उन्हें अपनी उपज का उचित दाम नहीं मिल रहा है. टमाटर की कीमतों में भारी गिरावट से परेशान किसानों ने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से केंद्र सरकार को पत्र लिखकर टमाटर का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 30 रुपये प्रति किलो तय करने की मांग की है.

टमाटर कीमत में भारी गिरावट

कोलार जिले के मुलबागल के किसान यालावल्ली प्रभाकर ने कहा कि जून के आखिरी सप्ताह में 15 किलो वाले एक टमाटर के क्रेट का भाव 250 से 350 रुपये था. उस समय खेती, कटाई, मजदूरी और परिवहन का खर्च निकल जाता था. लेकिन अब एक क्रेट की कीमत 130 से 170 रुपये रह गई है. उन्होंने कहा कि शनिवार को उनके खेत में पैदा हुए 290 टमाटर के क्रेट की नीलामी हुई और हर क्रेट सिर्फ 130 रुपये में बिका. इतनी कम कीमत मिलने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ और वे बेहद निराश हैं.

देसी टमाटर जल्दी हो जाते हैं खराब

वहीं, वडाहल्ली APMC के एक अधिकारी ने बताया कि यहां आने वाले अधिकांश टमाटर देसी (नाटी) किस्म के हैं, जो जल्दी खराब हो जाते हैं. इसके विपरीत, श्रीनिवासपुर APMC में आने वाले टमाटर प्रोसेसिंग  के लिए इस्तेमाल होने वाली किस्म के होते हैं. इनसे केचप, टोमैटो सॉस और अन्य उत्पाद बनाए जाते हैं. इसलिए वहां खरीदारों की मांग अलग होती है, जबकि वडाहल्ली मंडी में खरीदार अपेक्षाकृत कम हैं.

Published: 13 Jul, 2026 | 11:16 AM

Topics: