कॉकरोच जनता पार्टी ने किसानों से मांगा समर्थन, दीपके बोले- छात्रों ने हमेशा किसानों का साथ दिया अब उनकी बारी

Abhijeet Deepak Ask Farmers Support: अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्र किसानों के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं और अब उन्हें किसानों की एकजुटता की जरूरत है. उन्होंने कहा कि छात्रों ने हमेशा किसानों के प्रदर्शन और उनकी नीतियों को सपोर्ट किया है, अब किसानों की बारी है कि वे भी छात्रों के आंदोलन का समर्थन करें.

नोएडा | Updated On: 21 Jun, 2026 | 07:04 PM

नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर युवाओं के नेतृत्व में जारी आंदोलन के दूसरे दिन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किसानों से भी समर्थन की अपील की. अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्रों ने हमेशा किसानों के प्रदर्शन और उनकी नीतियों को सपोर्ट किया है, अब किसानों की बारी है कि वे भी छात्रों के आंदोलन का समर्थन करें.

कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली के जंतर मंतर में दूसरे दिन भी धरना जारी रहा. शनिवार को शुरू हुए प्रदर्शन के लिए मिली अनुमति खत्म होने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की है. लेकिन दीपके समेत अन्य कार्यकर्ता और समर्थक रात भर वहीं रहे और जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखा. दीपके ने रविवार को पुलिस से विरोध प्रदर्शन के लिए एक अलग स्थल आवंटित करने को कहा है लेकिन तब तक वे जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखेंगे.

किसानों के समर्थन के बिना यह मुहिम सफल नहीं होगी- दीपके

अभिजीत दीपके ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लोगों को हमारे विरोध प्रदर्शन को सपोर्ट करने के लिए प्रदर्शनस्थल पहुंचना चाहिए. उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि 21 जून को नीट की परीक्षा खत्म होने के बाद वे प्रदर्शन में शामिल हों. दीपके ने रविवार को लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा कि हम मोर्चा संभाले हुए हैं, लेकिन आपके समर्थन के बिना यह मुहिम सफल नहीं होगी.

छात्रों ने किसानों की लड़ाई लड़ी, अब किसानों की जरूरत छात्रों को है

अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्र किसानों के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं और अब उन्हें किसानों की एकजुटता की जरूरत है. उन्होंने कहा कि छात्रों ने हमेशा किसानों के प्रदर्शन और उनकी नीतियों को सपोर्ट किया है, अब किसानों की बारी है कि वे भी छात्रों के आंदोलन का समर्थन करें. उन्होंने किसानों, किसान नेताओं और मजदूरों से उनके आंदोलन का समर्थन करने की अपील की.

पुलिस से अपील- प्रदर्शन स्थल पहुंच रहे लोगों को रोका न जाए

दीपके ने अधिकारियों से मौके पर सार्वजनिक शौचालयों में पानी की आपूर्ति बहाल करने का भी अनुरोध किया. उन्होंने दावा किया कि शनिवार रात से वहां पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है. प्रदर्शनकारियों ने इससे पहले आरोप लगाया था कि विरोध स्थल की बत्तियां बंद कर दी गई थीं और पानी, भोजन तथा शौचालयों तक उनकी पहुंच को प्रतिबंधित कर दिया गया था. उन्होंने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में पुलिस से लोगों को जंतर-मंतर आने से नहीं रोकने की अपील करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारी कुछ भी गलत नहीं कर रहे हैं और वे केवल उन छात्रों के लिए न्याय मांग रहे हैं जिन्होंने आत्महत्या की है.

Published: 21 Jun, 2026 | 07:04 PM

Topics: