आंध्र प्रदेश से VB-G RAMG मिशन का होगा शुभारंभ, महिलाएं खरीदेंगी वाहन.. 7 हजार करोड़ की सौगात

VB-G RAMG Mission Launch: केंद्र सरकार ने ग्रामीण भारत में रोजगार, आजीविका और पंचायत विकास को बढ़ावा देने के लिए ‘विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन (VB-G RAMG)’ शुरू करने का ऐलान किया है, जिसका शुभारंभ 1 जुलाई 2026 को आंध्र प्रदेश से किया जाएगा.

नोएडा | Published: 17 Jun, 2026 | 06:53 PM

VB-G RAMG Mission: ग्रामीण भारत में रोजगार, आजीविका और पंचायत विकास को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि, ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (VB-G RAMG)’ का राष्ट्रीय शुभारंभ 1 जुलाई 2026 को आंध्र प्रदेश से किया जाएगा. इस मिशन का मुख्य उद्देश्य गांवों में नए रोजगार पैदा करना, पंचायतों को मजबूत बनाना और किसानों तथा महिलाओं की आय में बढ़ोतरी करना है.

हाई लेवल बैठक में बनी रणनीति

यह घोषणा नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के साथ हुई बैठक के बाद की गई. इस बैठक में ग्रामीण विकास, रोजगार बढ़ाने, आजीविका से जुड़ी योजनाओं और पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई. दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि, ग्रामीण विकास योजनाओं का असर और बढ़ाया जाए, ताकि उनका फायदा सीधे जमीनी स्तर तक लोगों को मिल सके.

आंध्र प्रदेश बनेगा मॉडल राज्य

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आंध्र प्रदेश में बने आदर्श पंचायत और कचरा-मुक्त गांवों के मॉडल को देश के बाकी राज्यों के लिए उदाहरण के तौर पर अपनाया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि, आंध्र प्रदेश तेजी से फैसले लेने वाला राज्य है और यहां ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई नए प्रयोग किए जा रहे हैं, जिन्हें पूरे देश में लागू किया जा सकता है.

तकनीक से पारदर्शी बनेगा ग्रामीण विकास

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने बताया कि, राज्य में ग्रामीण विकास योजनाओं को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा रहा है.

इसके साथ ही हर पंचायत में पशुओं के लिए पेयजल व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है.

आंध्र प्रदेश को 7,700 करोड़ रुपये की मदद

VB-G RAMG मिशन के तहत केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश को 7,700 करोड़ रुपये से ज्यादा की अंतरिम मदद दी है. राज्य सरकार ने इसके लिए केंद्र का धन्यवाद किया है. इस पैसे से ग्रामीण विकास से जुड़े कामों को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.

बैठक में यह भी बताया गया कि, आंध्र प्रदेश में कॉफी की खेती और तटीय इलाकों के विकास पर खास ध्यान दिया जा रहा है. इससे गांवों में रोजगार के नए मौके बनेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. साथ ही, सतत विकास को भी बढ़ावा मिलेगा.

महिलाओं के लिए नई पहल

महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने के लिए ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत वाहन खरीदने की सुविधा को मंजूरी दी गई है. यह पहल दीन दयाल अंत्योदय योजना (DAY-NRLM) के अंतर्गत लागू की जाएगी, जिससे महिलाओं की आय और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

राष्ट्रीय सम्मेलन में होगा बड़ा मंथन

शिवराज सिंह चौहान ने पवन कल्याण को 28-29 जून को नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है. इस सम्मेलन में देशभर के राज्यों के अनुभव, नवाचार और ग्रामीण विकास की सफल योजनाओं पर चर्चा की जाएगी. VB-G RAMG मिशन ग्रामीण भारत के लिए एक नई दिशा साबित हो सकता है. रोजगार, तकनीक, पारदर्शिता और महिला सशक्तिकरण के साथ यह योजना गांवों को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की ओर एक बड़ा कदम है.

Topics: