दिल्ली में मॉनसून ने दी दस्तक, फिर भी क्यों नहीं हो रही झमाझम बारिश? IMD ने बताई बड़ी वजह

Delhi Monsoon Update: दिल्ली में 2 जुलाई को मॉनसून आने के बावजूद अभी तक झमाझम बारिश नहीं हुई है. शनिवार को केवल कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, मध्य भारत में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मॉनसूनी ट्रफ दक्षिण की ओर खिसक गई है, इसलिए दिल्ली में पर्याप्त नमी नहीं पहुंच पा रही है.

नोएडा | Published: 5 Jul, 2026 | 12:40 PM

Delhi Weather Update: दिल्ली में 2 जुलाई को मॉनसून ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी थी, लेकिन जिस तेज और लगातार बारिश का लोग इंतजार कर रहे थे, वह अब तक देखने को नहीं मिली है. शनिवार को राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली. हालांकि, ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा ही बना रहा.

मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि मॉनसून की शुरुआत इस बार थोड़ी धीमी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि, बारिश नहीं होगी. अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना बनी हुई है.

क्यों नहीं हो रही तेज बारिश?

लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब मॉनसून दिल्ली पहुंच चुका है तो फिर अच्छी बारिश क्यों नहीं हो रही. दरअसल, इसकी वजह मध्य भारत में बना कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) है. ओडिशा और मध्य प्रदेश के आसपास सक्रिय इस मौसम सिस्टम ने मॉनसूनी ट्रफ को उत्तर भारत से हटाकर मध्य और दक्षिण भारत की ओर खिसका दिया है. इसका असर यह हुआ कि दिल्ली तक पर्याप्त नमी और घने बादल नहीं पहुंच पा रहे हैं. यही कारण है कि राजधानी में सिर्फ हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है.

10 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?

भारतीय मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर में 10 जुलाई तक मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला नहीं है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश लगातार होने की संभावना फिलहाल कम है, लेकिन बीच-बीच में बारिश के दौर चलते रहेंगे. इससे तापमान ज्यादा नहीं बढ़ेगा और लोगों को भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद है.

पूरी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जैसी चेतावनी

हालांकि आज के लिए मौसम विभाग ने कोई औपचारिक मौसम अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन पूरी दिल्ली को तात्कालिक चेतावनी के तहत ‘येलो अलर्ट’ पर रखा गया है. इसका मतलब है कि मौसम कभी भी अचानक बदल सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. विशेष रूप से दोपहर के समय कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से तेज बौछारें पड़ सकती हैं. इसके अलावा तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जो कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी का रूप ले सकती हैं.

घर से निकलने से पहले मौसम जरूर देखें

अगर आप आज या अगले कुछ दिनों में बाहर जाने की योजना बना रहे हैं तो मौसम का ताजा अपडेट जरूर देख लें. अचानक बारिश और तेज हवाओं की वजह से ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है. दोपहिया वाहन चालकों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

अभी राहत, लेकिन झमाझम बारिश का इंतजार जारी

फिलहाल दिल्ली में मॉनसून की मौजूदगी महसूस तो हो रही है, लेकिन मूसलाधार बारिश का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि जैसे ही मॉनसूनी ट्रफ दोबारा उत्तर भारत की ओर सक्रिय होगी, दिल्ली-एनसीआर में अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है. तब तक लोगों को रुक-रुक कर होने वाली बारिश और बदलते मौसम के लिए तैयार रहना होगा.

Topics: