देशभर में मौसम का डबल अटैक! कहीं भारी बारिश तो कहीं आंधी-तूफान, IMD ने जारी किया अलर्ट
Weather Update Today: मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर बढ़ सकता है. उत्तर भारत के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.
Today’s Weather Update: देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई राज्यों में बारिश, आंधी, वज्रपात और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं. जहां एक तरफ भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं मुश्किलें भी बढ़ा सकती हैं. ऐसे में अगर आप घर से बाहर निकलने से पहले अपने राज्य का मौसम अपडेट जरूर जान लें.
उत्तर भारत में बारिश की दस्तक
उत्तर भारत के कई राज्यों में मॉनसून से पहले मौसम बदलने के संकेत मिलने लगे हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. हालांकि सभी क्षेत्रों में बारिश की संभावना नहीं है और कई जगहों पर गर्मी का असर जारी रह सकता है.
राजस्थान में बारिश से मिली राहत
राजस्थान के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. बारां जिले के अटरू क्षेत्र में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा झुंझुनूं, श्रीगंगानगर और अन्य इलाकों में भी बारिश हुई है.
बारिश के बावजूद राज्य के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है. जैसलमेर और बाड़मेर जैसे जिलों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है.
पहाड़ी राज्यों में मौसम रहेगा सक्रिय
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके असर से ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी हुई है. उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में मौसम लगातार बदलता रहेगा. वहीं हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.
दक्षिण भारत में मॉनसून का असर
दक्षिण भारत में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है. इससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को लू और गर्मी से काफी राहत मिली है. हालांकि कई तटीय क्षेत्रों में बारिश के कारण उमस बढ़ी हुई है. मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कुछ जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों के दौरान भारी बारिश का दौर तेज हो सकता है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मॉनसून के आगे बढ़ने के साथ इन क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है. इससे नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
मुंबई और बंगाल में भी बदलेगा मौसम
मुंबई में बारिश का मौसम अब जोर पकड़ता नजर आ रहा है. शहर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है और आने वाले दिनों में बारिश और बढ़ सकती है. वहीं, पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. उत्तर बंगाल के कुछ इलाकों में हालात को देखते हुए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है. यहां तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.