प्याज खरीद के लिए 1235 रुपये प्रति क्विंटल भाव तय, NCCF किसानों से करेगी उपज खरीद
Onion Price Fixed: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही दाम देने के लिए सरकार लगातर निर्णय ले रही है. हाल ही में खरीफ फसलों के एमएसपी में बढ़ोत्तरी की गई है. उन्होंने कहा कि प्याज किसानों के लिए भी खरीद मूल्य तय कर दिया गया है.
प्याज किसानों को गिरते बाजार भाव से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने प्याज खरीद कीमत तय कर दी है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्याज खरीद के लिए भाव 1235 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. किसानों से प्याज खरीद के लिए सहकारी समिति NCCF को जिम्मेदारी दी गई है. उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा. केंद्र और राज्य मिलकर गन्ना कीमत और खरीद को लेकर रास्ता निकालेंगे.
5 लाख ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास सौंपे
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज ने महाराष्ट्र के सतारा में महाराष्ट्र के 5 लाख ग्रामीण परिवारों को पक्के घरों का तोहफा दिया. शिवराज सिंह ने PMAY-G के लिए 8,368.50 करोड़ रुपए की बड़ी केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी. इसके अलावा 35 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी देते हुए 122.98 करोड़ रुपये से 35 बस्तियों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि ‘हर गरीब को पक्की छत’ मिलेगी. बचे हुए पात्र परिवारों को भी पक्का आवास दिया जाएगा और इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
35 सड़कों के लिए राशि को मंजूरी दी
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के अंतर्गत महाराष्ट्र के लिए 122.98 करोड़ रु. की लागत वाली 35 सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति भी मुख्यमंत्री फडणवीस को सौंपी. 95.99 किलोमीटर लंबाई की इन परियोजनाओं से राज्य की 35 ग्रामीण बसावटों को लाभ मिलेगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच अधिक सुगम होगी.
1 जुलाई से शुरू होगी विकसित भारत जी राम जी योजना
केंद्रीय मंत्री ने विकसित भारत जी राम जी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 1 जुलाई से शुरू होने जा रही यह पहल गांवों के समग्र और सुनियोजित विकास की नई आधारशिला बनेगी. उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्राम पंचायतें अपनी स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास की व्यापक रूपरेखा तैयार करेंगी, जिससे गांवों के बुनियादी ढांचे, जनसुविधाओं और आजीविका से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को गति मिलेगी तथा विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को विकसित गांवों के मजबूत आधार पर आगे बढ़ाया जा सकेगा.
प्याज किसानों के लिए खरीद भाव तय किया
केंद्रीय कृषि मंत्री ने प्याज उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी. उन्होंने कहा कि उत्पादन बढ़ने और निर्यात संबंधी परिस्थितियों के कारण बाजार भाव प्रभावित हुए हैं, इसलिए आज से ही NAFED द्वारा 1235 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्याज की खरीदी शुरू की जाएगी, ताकि किसानों को तत्काल सहारा मिल सके. उन्होंने स्पष्ट कहा कि केंद्र सरकार किसानों को संकट में अकेला नहीं छोड़ेगी और खरीदी व्यवस्था को प्रभावी, पारदर्शी तथा व्यवस्थित बनाने पर बल दिया. अधिकारियों को सतर्क निगरानी रखने के निर्देश भी दिए, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारु रहे और वास्तविक किसानों को उसका लाभ मिल सके.
गन्ना किसानों की समस्या हल करेगा केंद्र
गन्ना उत्पादकों से जुड़े मुद्दों पर भरोसा दिलाया कि केंद्र और महाराष्ट्र सरकार मिलकर समस्याओं का समाधान निकालेंगे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री फडणवीस के साथ इस विषय पर चर्चा हुई है और संबंधित मंत्रालयों के स्तर पर आवश्यक विमर्श कर व्यावहारिक समाधान की दिशा में पूरी कोशिश की जाएगी, क्योंकि किसान देश की अर्थव्यवस्था का आधार हैं.
किसानों के लिए कई बड़े फैसले लिए
कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा हैं. उन्होंने MSP में हालिया बढ़ोतरी, तिलहन-दलहन खरीदी, कपास मिशन, फार्मर आईडी, किसान-केंद्रित व्यवस्थाओं और ग्रामीण आधारभूत संरचना के विस्तार जैसे उपायों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों और ग्रामीण गरीबों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.