सीएम योगी ने बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत राशि जारी की, 102 गांवों के ग्रामीणों-किसानों को मिलेगा पैसा
Flood Relief Funds : सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को सहायता जारी करने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों के नुकसान की भरपाई भी सरकार करेगी. सभी जिलों से फसल नुकसान की आकलन रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं.
उत्तर प्रदेश में बारिश के चलते लगभग सभी नदियां अपने जलस्तर से ऊपर बह रही हैं. नदियों के पानी की चपेट में 150 से ज्यादा गांव हैं और बाढ़ की स्थिति से भारी नुकसान का सामना कर रहे हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों और किसानों को राहत राशि देने का ऐलान किया है. उन्होंने बाढ़ से हुए परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र और राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष से वित्तीय सहायता राशि जारी कर दी है. उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों के नुकसान की भरपाई भी सरकार करेगी.
बाढ़ पीड़ितों को पट्टा आवंटन पत्र और वित्तीय राशि जारी की
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित 1000 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की और कहा कि उनकी सरकार 102 गांवों में बाढ़ से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता देगी. उन्होंने बाढ़ से बेघर हुए परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र और राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष से वित्तीय सहायता भी वितरित की.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ पीड़ितों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं यहां आपको आश्वस्त करने आया हूं कि आपदा की इस घड़ी में आप अकेले नहीं हैं. डबल इंजन वाली एनडीए सरकार आपके साथ खड़ी है और यह सुनिश्चित करेगी कि आपकी आवश्यकताओं के अनुसार हरसंभव मदद आप तक पहुंचे. उन्होंने कहा कि जिले की तीनों बाढ़ प्रभावित तहसीलों – सदर, कायमगंज और अमृतपुर – का निरीक्षण किया है और निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे.
बाढ़ प्रभावित 102 गांवों के लिए राशि जारी करने की प्रक्रिया तेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार इस बाढ़ से प्रभावित सभी 102 गांवों के लोगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है. उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधि राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए पिछले 15 दिनों से लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि चौबीस घंटे चलने वाले नियंत्रण कक्ष, बाढ़ चौकियां और राहत शिविर स्थापित किए गए हैं जबकि जिन परिवारों के घर बाढ़ में डूब गए हैं, उनके लिए भोजन और आवास की व्यवस्था की गई है.
किसानों को फसलों के नुकसान का मुआवजा मिलेगा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को सहायता जारी करने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों के नुकसान की भरपाई भी सरकार करेगी. सभी जिलों से फसल नुकसान की आकलन रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं. बाढ़ से जिन अन्नदाता किसानों की फसल को नुकसान हुआ है, उसका सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं. सर्वे की रिपोर्ट आते ही अन्नदाता किसानों के खाते में सीधे डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी जाएगी.
सांप-बिच्छू काटने के मामलों में जहर रोधी दवाएं उपलब्ध कराईं
उन्होंने कहा कहा कि नदियों के प्रवाह को सुचारू करने और आसपास के गांवों को बाढ़ से बचाने के साथ ही फसलों को बचाने और लोगों को राहत देने में मदद मिलेगी. सीएम ने कहा कि बाढ़ के मौसम के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं को अलर्ट पर रखा गया है तथा सांप और बिच्छू के काटने के मामलों से निपटने के लिए अस्पतालों में जहर रोधी दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं.