विदिशा में मामा कोचिंग शुरू.. फ्री कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी करेंगे युवा, रायसेन, भैरूंदा में भी खुलेंगे सेंटर 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कोचिंग क्लास सिर्फ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों को सही दिशा देने का एक बड़ा प्रयास है. उन्होंने कहा कि विनम्र भाव से बेटा-बेटियों और भांजे-भांजियों के भविष्य के लिए एक नई राह बनाने की कोशिश की गई है. उन्होंने कहा कि संस्थान में ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन पढ़ाई की भी व्यवस्था की गई है.

Kisan India
नोएडा | Published: 11 May, 2026 | 12:37 PM

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के विदिशा में “मामा कोचिंग क्लासेस” का शुभारंभ कर दिया है. उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के भविष्य को नई दिशा मिलेगी और युवाओं को फ्री कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी का मौका मिलेगा. उन्होंने कहा कि मामा कोचिंग युवाओं को मार्गदर्शन देने वाला एक बेहतर केंद्र बनेगा. मेरा सौभाग्य है कि मुझे लोगों की सेवा का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और समाज परिवर्तन का सशक्त जरिया है. विदिशा के बाद रायसेन, भैरूंदा में मामा कोचिंग खोलने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा में “मामा कोचिंग क्लासेस” का शुभारंभ कर दिया है. उन्होंने कहा कि “मामा कोचिंग क्लासेस” का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए निशुल्क मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि पैसों या संसाधनों की कमी के कारण किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपने अधूरे नहीं रहने चाहिए. यदि ग्रामीण और सामान्य परिवारों के बच्चों को सही दिशा, अच्छा मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वो प्रशासनिक सेवाओं सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं.

मामा कोचिंग में करियर काउंसलिंग की व्यवस्था

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कोचिंग क्लास सिर्फ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों को सही दिशा देने का एक बड़ा प्रयास है. उन्होंने कहा कि विनम्र भाव से बेटा-बेटियों और भांजे-भांजियों के भविष्य के लिए एक नई राह बनाने की कोशिश की गई है. उन्होंने कहा कि संस्थान में ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन पढ़ाई की भी व्यवस्था की गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें. जिन विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, उनकी कक्षाएं अगले दिन से शुरू हो जाएंगी और व्यवस्था में जरूरत के अनुसार लगातार सुधार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ यहां करियर काउंसलिंग की भी व्यवस्था की जाएगी.

विशेषज्ञ बच्चों को सही दिशा दिखाएं

हर बच्चे को सरकारी नौकरी नहीं मिल सकती, इसलिए विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार सही मार्गदर्शन देना जरूरी है. भारत भर से बेहतर विशेषज्ञों को बुलाकर बच्चों को सही दिशा देने का काम करेंगे. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संस्थान में स्वरोजगार और रोजगार के अवसरों पर भी काम किया जाएगा. केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं की जानकारी बच्चों तक पहुंचाने के साथ उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. यह संस्थान देश के युवाओं को मार्गदर्शन देने वाला एक बेहतर केंद्र बनाने की दिशा में प्रयासरत रहेगा.

खुद को कभी कमजोर न समझें

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसी भी बच्चे को खुद को कमजोर नहीं समझना चाहिए, क्योंकि हर व्यक्ति के भीतर प्रतिभा, क्षमता और योग्यता मौजूद होती है. जरूरत केवल अपनी ताकत को पहचानने की है और जो अपनी क्षमता को पहचान लेता है, वही जीवन में चमत्कार करता है. उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के वो शब्द मेरे कानों में सदैव गूंजते हैं कि तुम साढ़े तीन हाथ के हाड़-मांस के पुतले नहीं हो. ईश्वर के अंश हो, अमृत के पुत्र हो, अनंत शक्तियों के भंडार हो, और अमर आनंद के भागी हो. दुनिया में कोई काम ऐसा नहीं कि जो तुम ना कर सको. उन्होंने कहा कि अगर छात्र दृढ़ संकल्प के साथ मेहनत करेंगे तो दुनिया की कोई ताकत उन्हें सफल होने से नहीं रोक सकती.

12वीं में अच्छे अंक लाने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाए

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस कोचिंग में अगर आएं तो ये तय करके आओ कि हमको सफलता प्राप्त करनी है. मेहनत अगर तुम करोगे तो सच है, दुनिया की कोई ताकत तुम्हें सफल होने से रोक नहीं सकती. इसलिए दत्तचित्त होकर पूरी मेहनत के साथ, ईमानदारी से पढ़ाई करना. सफलता तुम्हारे पास आएगी. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षा, दिव्यांगजन सहायता, बेटियों के विवाह, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण जैसे कई क्षेत्रों में व्यापक काम करने की योजना बनाई जा रही है. हम एक नहीं, ऐसे अनेकों प्रयास करना चाहते हैं. एक कोचिंग का काम हो गया, मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है. विदिशा, रायसेन और सीहोर जिले के जो बच्चे 12वीं में अच्छे अंक लेकर आए हैं, उनके सम्मान का कार्यक्रम रखकर उन्हें दिशा देने और करियर काउंसलिंग करने का काम भी करेंगे.

दिव्यांगों को मोटराइज्ड साइकिल देंगे

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, हमारे क्षेत्र में कई दिव्यांगजन चल नहीं सकते, ऐसे लोगों को मोटराइज्ड साइकिल दी जाएगी. जहां भी कोई जरूरतमंद मिले. जो बेटियां केवल शादी के कारण बोझ समझ ली जाती हैं, उनके विवाह जैसे कार्यक्रम भी हम कर रहे हैं. गुलाबगंज, भैरूंदा, पिपलानी और इछावर जैसे क्षेत्रों में ऐसे प्रयास किए गए हैं. उन्होंने कहा, क्यों न एक चलता-फिरता अस्पताल गांवों तक पहुंचे, लोगों का चेकअप करे, सामान्य बीमारियों की दवा वहीं दे और गंभीर बीमारी होने पर बड़े अस्पताल में रेफर करे. कैंसर मरीजों के उपचार को लेकर उन्होंने कहा कि टाटा कैंसर अस्पताल की एक छोटी यूनिट क्षेत्र में लाने पर भी चर्चा चल रही है, ताकि मरीजों को बाहर जाने में परेशानी न हो. उन्होंने कहा, ये काम हम इस भाव से नहीं करेंगे कि कोई अहसान कर रहे हैं. यह हमारा सौभाग्य है कि लोगों की सेवा का अवसर मिला है.

रायसेन और भैरूंदा में भी खुलेगी मामा कोचिंग

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पहल समाज का ऋण उतारने और युवाओं को बेहतर भविष्य देने का प्रयास है. उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और समाज परिवर्तन का सशक्त जरिया भी बन सकती है. उन्होंने कहा कि आज मामा कोचिंग क्लास में मैं आप सबका हृदय से स्वागत करता हूं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, मामा कोचिंग आज विदिशा में शुरू हुई है, फिर हम रायसेन और भैरूंदा में भी करेंगे. इस कोचिंग क्लास को बेहतर ढंग से चलाने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है. दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को घर जैसा माहौल, सुरक्षा और आत्मीयता मिले, ताकि वे बिना किसी परेशानी के पढ़ाई कर सकें.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

मध्य प्रदेश के किस वैरायटी के गेहूं को जीआई टैग मिला है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
धान (चावल)
विजेताओं के नाम
संजीव कुमार, रेवाड़ी, हरियाणा

लेटेस्ट न्यूज़