फसल सुरक्षा उत्पाद निर्माता कंपनी ने 3 महीने में 43 करोड़ मुनाफा कमाया, किसानों ने खूब खरीदे प्रोडक्ट
Insecticides India Q1 Results: फसलों के कीटों, बीमारियों को दूर करने वाले कृषि उत्पाद बनाने वाली कंपनी इंसेक्टिसाइड इंडिया ने 3 महीने में 43 करोड़ का शुद्ध मुनाफा कमाया है. हालांकि, बीते साल की समान अवधि की तुलना में कंपनी को रेवेन्यू और प्रॉफिट में झटका लगा है.
फसलों को बीमारियों, कीटों से बचाने वाले कीटनाशक दवाएं बनाने वाली निजी क्षेत्र की कंपनी इंसेक्टिसाइड इंडिया ने बीते 3 महीने में 43 करोड़ का शुद्ध मुनाफा कमाया है. कंपनी ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी की इस तिमाही में कुल आमदनी 616.86 करोड़ रुपये रही है. किसानों ने कंपनी के खूब उत्पाद खरीदें हैं. लेकिन, बीते साल की समान अवधि की तुलना में कंपनी कुल कमाई और मुनाफे में पीछे रह गई है. वहीं, नतीजे आने के बाद कंपनी के शेयर प्राइस में तेज उछाल दर्ज किया गया है.
पहली तिमाही में शुद्ध मुनाफा 43 करोड़ रुपये
एग्रोकेमिकल प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी इंसेक्टिसाइड इंडिया लिमिटेड (IIL) ने मंगलवार को बताया कि चालू वित्तवर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 24.5 फीसदी घटकर 43.87 करोड़ रुपये रह गया. कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि एक साल पहले इसी तिमाही में उसने 58.10 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था. यानी कंपनी का मुनाफा लगभग 15 करोड़ रुपये घट गया है.
तिमाही में कंपनी ने 616 करोड़ रुपये कमाए
कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में कुल आय 11.22 फीसदी घटकर 616.86 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 694.83 करोड़ रुपये थी. कंपनी ने बताया है कि तिमाही के दौरान खर्च भी घटा है. एक साल पहले के 617.58 करोड़ रुपये खर्च के मुकाबले इस बार का खर्च 558.31 करोड़ रुपये रहा है.
क्यों घटा मुनाफा और कम हुआ रेवेन्यू
मंगलवार को इंसेक्टिसाइड्स इंडिया लिमिटेड (IIL) ने बताया कि इस फाइनेंशियल ईयर की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून में उसके आमदनी और मुनाफे में झटका लगने की वजह कम बारिश रही है और इसकी वजह से उत्पादों की बिक्री भी कम दर्ज की गई है. कंपनी ने कहा कि पहली तिमाही में गिरावट की मुख्य वजह पूरे भारत में कम बारिश है. इसकी वजह से किसानों ने देरी से फसलों की बुवाई की है.
आगामी तिमाही में ग्रोथ की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद
इंसेक्टिसाइड्स इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश कुमार अग्रवाल ने आधिकारिक बयान में कहा कि कम बारिश का असर शॉर्ट टर्म रेवेन्यू पर पड़ा है, लेकिन प्राइसिंग डिसिप्लिन और ऑपरेटिंग एफिशिएंसी की वजह से ग्रॉस मार्जिन में स्थिरता बनी रही है. उन्होंने आगे कहा कि बेहतर होते मैक्रो एनवायरनमेंट और फोकस्ड एग्जीक्यूशन के साथ कंपनी को भरोसा है कि आने वाली तिमाहियों में उसकी ग्रोथ की रफ्तार बढ़ेगी.
नतीजे आते ही शेयर प्राइस में तेज उछाल
इंसेक्टिसाइड्स इंडिया लिमिटेड के तिमाही नतीजे जारी होने पर कंपनी के शेयर प्राइस में उछाल दर्ज किया गया. मंगलवार की सुबह नतीजे जारी होने से पहले शेयर बाजार खुलने पर कंपनी का एक शेयर 649 रुपये का था, जो नतीजे आने के बाद बाजार बंद होने तक उछलकर 654 रुपये के पार पहुंच गया. बता दें कि इंसेक्टिसाइड्स इंडिया कृषि रासायनिक उत्पाद बनाने वाली कंपनी है. यह मुख्य रूप से फसल सुरक्षा के लिए उत्पाद बनाती है, जिसमें कीटनाशक (इंसेक्टिसाइड), फफूनाशक (फंगीसाइड), खरपतवार नाशक (हर्बीसाइड), पादप वृद्धि नियामक (पीजीआर) और जैविक उत्पाद शामिल हैं.