दिल्ली लक्ष्मी योजना लॉन्च, एक सितंबर से महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये मिलेंगे

Delhi Lakshmi Yojana : दिल्ली सरकार ने महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के इरादे से ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ कर दिया है. योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हुई थी. सरकार के अनुसार 25 अगस्त तक करीब 9.13 लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया है.

नोएडा | Updated On: 26 Aug, 2026 | 03:58 PM

दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत करते हुए बुधवार 26 अगस्त को पात्र महिलाओं को स्वीकृति पत्र वितरित किए. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तालकटोरा स्टेडियम में लाभार्थी महिलाओं को पत्र सौंपे. योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1 सितंबर 2026 से हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देना और उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाना है.

दिल्ली लक्ष्मी योजना में 6.52 लाख आवेदन जमा हुए

दिल्ली सरकार ने महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने के इरादे से ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ कर दिया है. योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हुई थी. सरकार के अनुसार 25 अगस्त तक करीब 9.13 लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया, जबकि इनमें से लगभग 6.52 लाख आवेदन अंतिम रूप से जमा किए गए. इनमें पात्रता की जांच और सत्यापन के बाद चयनित महिलाओं को स्वीकृति पत्र दिए जा रहे हैं.

योजना का लाभ पाने के लिए ये शर्तें पूरी करनी होंगी

योजना का लाभ पाने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए और परिवार की सबसे बड़ी उम्र वाली पात्र महिला को लाभार्थी बनाया जाएगा. परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा महिला का दिल्ली का मतदाता होना जरूरी है तथा महिला, उसके पति या माता-पिता में से किसी एक का कम से कम 10 साल से दिल्ली का निवासी होना आवश्यक है.

इन महिलाओं को नहीं मिलेगा योजना का लाभ

कुछ महिलाओं और परिवारों को योजना के दायरे से बाहर रखा गया है. आयकरदाता, सरकारी कर्मचारी या पेंशन पाने वाली महिलाएं पात्र नहीं हैं. इसके अलावा जिस परिवार में सरकारी कर्मचारी हो, चार पहिया वाहन का स्वामित्व हो, तीन से अधिक बच्चे हों या सालाना घरेलू बिजली खपत 2,400 यूनिट से ज्यादा हो, ऐसे परिवार भी योजना के लिए अयोग्य माने गए हैं. योजना के आधिकारिक पोर्टल पर आधार कार्ड, दिल्ली वोटर आईडी सहित अन्य दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई है.

क्या पूरी राशि खर्च कर पाएंगे लाभार्थी

2,500 रुपये की सहायता को लेकर एक महत्वपूर्ण बात यह है कि पूरी राशि सामान्य रूप से तुरंत खर्च करने के लिए उपलब्ध नकद राशि के रूप में नहीं होगी. सरकार की तय व्यवस्था के अनुसार लाभार्थी 1,000 रुपये तक की राशि CBDC के माध्यम से इस्तेमाल कर सकती हैं, जबकि 1,500 रुपये FD/RD में रखी जा सकती है. लाभार्थी के पास पूरे 2,500 रुपये जमा योजना में रखने का विकल्प भी बताया गया है. सहायता पाने के लिए CBDC प्रणाली से जुड़े निर्धारित बैंकों में सक्रिय बैंक खाता होना जरूरी है. इस योजना के तहत आवेदन करने वाली महिलाएं आधिकारिक पोर्टल पर ‘Track Application’ विकल्प के जरिए अपने आवेदन की स्थिति मोबाइल नंबर से देख सकती हैं.

Published: 26 Aug, 2026 | 02:55 PM

Topics: