अब 10 लाख टन होगी प्याज की खरीदी.. 1500 रुपये क्विंटल किसानों को मिल सकती है सब्सिडी

महाराष्ट्र के प्याज किसानों को राहत देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया ह. किसानों से 10 लाख टन प्याज खरीदा जाएगा और 1,500 रुपये प्रति क्विंटल सब्सिडी देने की तैयारी है. केंद्र सरकार प्याज बीज निर्यात पर शुल्क और पारदर्शी ग्रेडिंग सिस्टम लागू करने पर भी विचार कर रही है.

नोएडा | Published: 28 May, 2026 | 12:13 PM

Onion Mandi Rate: महाराष्ट्र के प्याज किसानों के लिए राहत की खबर है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद किसानों को राहत देने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर किसानों से 10 लाख टन प्याज खरीदेंगी. साथ ही किसानों को 1,500 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी देने की योजना भी बनाई जाएगी. केंद्र सरकार ने यह भी कहा है कि प्याज के बीज के निर्यात पर अतिरिक्त शुल्क लगाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा. इससे घरेलू बाजार में बीज की उपलब्धता बढ़ाने और किसानों को राहत देने की कोशिश की जाएगी.

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ नई दिल्ली गई टीम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा पवार, मार्केटिंग मंत्री जयकुमार रावल, सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल और चीनी सहकारी क्षेत्र के कई नेता शामिल थे. बैठक के बाद फडणवीस ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्याज की गिरती कीमतों पर चिंता जताई है. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार किसानों से 10 लाख टन प्याज खरीदने के लिए तैयार हो गई है.

अतिरिक्त शुल्क लगाने की मांग की

फडणवीस ने कहा कि किसानों को अच्छा दाम दिलाने के लिए राज्य सरकार पहले ही प्याज का खरीद मूल्य  बढ़ाकर 15.80 रुपये प्रति किलो कर चुकी है. साथ ही केंद्र सरकार से कीमत में और बढ़ोतरी की मांग भी की गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बड़ी मात्रा में प्याज के बीज के निर्यात से घरेलू बाजार प्रभावित होता है और किसानों को सही कीमत नहीं मिल पाती. इसलिए राज्य सरकार ने केंद्र से प्याज के बीज के निर्यात पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की मांग की है, ताकि किसानों को बेहतर दाम मिल सके.

प्याज गुणवत्ता की जांच

उन्होंने कहा कि कई बार व्यापारी गुणवत्ता जांच के नाम पर किसानों के साथ मनमानी  करते हैं. इस पर केंद्र सरकार ने भरोसा दिया है कि प्याज की गुणवत्ता जांच के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष ग्रेडिंग सिस्टम बनाया जाएगा, जिससे किसानों को नुकसान न हो. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र से मांग की है कि राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नेफेड) और राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ (एनसीसीएफ) किसानों से सीधे प्याज खरीदें. इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और किसानों को उनकी फसल का सही दाम मिल सकेगा.

खरीद कीमत में 345 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी

बता दें कि केंद्र सरकार ने हाल ही में प्याज की खरीद कीमत में 345 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की थी. अब किसानों से प्याज 1,235 रुपये प्रति क्विंटल की बजाय 1,580 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदा जा रहा है. नई दर मंगलवार से लागू हो गई है. सरकार की ओर से यह खरीद मूल्य स्थिरीकरण कोष (PSF) के तहत की जा रही है. इसके लिए केंद्र की एजेंसियां नेफेड (NAFED) और एनसीसीएफ (NCCF) किसानों से प्याज खरीदकर बफर स्टॉक तैयार कर रही हैं.

Topics: