दिल्ली का प्याज संकट दूर करेंगे असम, तमिलनाडु और महाराष्ट्र, आज से 35 रुपये में बिक्री शुरू
Onion Price Hike : केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग के अनुसार प्याज की खुदरा कीमत एक महीने में 28 फीसदी से ज्यादा बढ़ गई है. दिल्ली के खुले बाजारों में प्याज का भाव 60 रुपये प्रति किलो पहुंच चुका है जो सालभर पहले 33 रुपये में था. उपभोक्ताओं को आज से सस्ती दर प्याज की बिक्री सहकारी स्टोर्स के जरिए शुरू की गई है.
दिल्ली में प्याज की बढ़ती कीमतों को नीचे लाने के लिए केंद्र सरकार ने असम, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से प्याज मंगाई है. कांदा एक्सप्रेस के जरिए 800 टन से ज्यादा प्याज आज दिल्ली पहुंची है. अब सरकार दिल्ली में आज 26 अगस्त से सब्सिडी वाली दर यानी 35 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से प्याज की बिक्री कर रही है. बता दें कि दिल्ली में प्याज की कीमत 60 रुपये किलो तक बिक रही है. एक महीने में प्याज का भाव 10 रुपये उछल गया है, जबकि सालाना आधार पर प्याज की कीमत में 55 फीसदी से भी ज्यादा का उछाल आया है.
कई राज्यों से दिल्ली पहुंच रहा प्याज
उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने कहा कि ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिये आज बुधवार को 800 टन प्याज की आपूर्ति दिल्ली पहुंची है. दिल्ली में नाफेड, एनसीसीएफ और केंद्रीय भंडार स्टोर के जरिये प्याज बेचा जाएगा. कांदा एक्सप्रेस खास रेलवे रैक के जरिये तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै, केरल के एर्नाकुलम, असम के गुवाहाटी के साथ ही महाराष्ट्र के नासिक से बड़ी मात्रा में प्याज दिल्ली आ रहा है. कीमतों में वृद्धि को रोकने के लिए प्याज का स्टॉक जारी किया जा रहा है.
साल भर पहले 28 रुपये में थी प्याज अब 60 रुपये पहुंचा भाव
केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग की मूल्य निगरानी समिति के अनुसार प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत एक महीने में 28 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 25 अगस्त को 44.72 रुपये प्रति किलो हो गई, जो 25 जुलाई को 34.80 रुपये प्रति किलो थी. एक साल पहले इसी दिन कीमत 28.67 रुपये प्रति किलो थी, जो 56 फीसदी की भारी बढ़ोतरी को दिखाती है. बता दें कि दिल्ली के खुले बाजारों में प्याज का भाव 60 रुपये प्रति किलो में बिक रहा है. जबकि, सालभर पहले 33 रुपये में प्याज थी.
चेन्नई, कोलकाता, मुंबई और रांची में प्याज लगभग दोगुने भाव पर
प्रमुख शहरों में खुदरा प्याज की कीमतें चेन्नई में 60 रुपये प्रति किलो पर हैं, जबकि एक साल पहले 35 रुपये प्रति किलो प्याज का भाव था. कोलकाता में 60 रुपये प्रति किलो प्याज का भाव है, जो साल भर पहले 32 रुपये प्रति किलो था. इसी तरह मुंबई में 48 रुपये प्रति किलो के दाम पर प्याज बिक रही है, जो साल भर पहले 32 रुपये प्रति किलो पर थी. रांची में 38 रुपये प्रति किलो प्याज का भाव है जो साल भर पहले केवल 25 रुपये प्रति किलो था.
सरकार के पास 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक
केंद्र सरकार ने साल 2026 के लिए लगभग 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक बनाए रखा गया है. साल 2025-26 में प्याज का अनुमानित उत्पादन 307.37 लाख टन है, जो पिछले साल के 307.67 लाख टन के उत्पादन के लगभग बराबर है. बता दें कि त्योहारों के समय मांग, मौसम से जुड़ी रुकावटों, सप्लाई चेन की गतिविधियों और मांग में लगातार उतार चढ़ाव के चलते अगस्त-सितंबर के बीच प्याज की कीमतों में आमतौर पर बढ़ोतरी देखी जाती है.