आम जनता को राहत! 5 रुपये लीटर सस्ता हुआ पेट्रोल, डीजल की कीमत में भी कटौती
कंपनी के अनुसार, पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें नायरा एनर्जी के देशभर में फैले 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं. हालांकि, अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और अन्य स्थानीय करों के कारण ईंधन की अंतिम कीमतों में अंतर हो सकता है.
देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर कंपनियों में से एक नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की है. कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर कम कर दिए हैं. नई कीमतें बुधवार से लागू हो गई हैं. कंपनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने के बाद यह फैसला लिया गया है. पिछले दो वर्षों से अधिक समय में यह पहला मौका है, जब किसी ईंधन कंपनी ने खुदरा स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी की है. कीमतों में इस कटौती से निजी वाहन चालकों, परिवहन क्षेत्र और आम उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है.
कंपनी के अनुसार, पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें नायरा एनर्जी के देशभर में फैले 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं. हालांकि, अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और अन्य स्थानीय करों के कारण ईंधन की अंतिम कीमतों में अंतर हो सकता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग के दोबारा खुलने से कच्चे तेल और एलएनजी (LNG) की आपूर्ति सामान्य हुई है. इससे वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, जिसके बाद नायरा एनर्जी ने ईंधन सस्ता करने का फैसला लिया.
STORY | Nayara Energy cuts petrol price by Rs 5 a litre, diesel by Rs 3 as global oil rates cool down
और पढ़ें”Nayara Energy, India’s largest private fuel retailer, on Wednesday cut petrol prices by Rs 5 per litre and diesel by Rs 3 a litre across its nationwide network, marking the… pic.twitter.com/jupNEvPiV9
— Press Trust of India (@PTI_News) July 1, 2026
सरकारी कंपनियों ने नहीं घटाए रेट
वहीं, सरकारी तेल विपणन कंपनियों- इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने फिलहाल पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. देश के एक लाख से अधिक पेट्रोल पंपों में से 90 प्रतिशत से ज्यादा इन्हीं तीन कंपनियों के नियंत्रण में हैं.
दिल्ली में क्या है पेट्रोल का रेट
दिल्ली में फिलहाल इंडियन ऑयल (IOC) के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है. सरकारी तेल कंपनियों ने अभी तक अपने ईंधन के दामों में कोई बदलाव नहीं किया है. गौरतलब है कि नायरा एनर्जी ने 26 मार्च को ईरान से जुड़े तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने पर पेट्रोल 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था. इसके बाद मई के दूसरे पखवाड़े में सरकारी तेल कंपनियों ने भी कई चरणों में पेट्रोल और डीजल के दाम कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए थे.
इसलिए कीमतों में की गई कटौती
अब पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद नायरा एनर्जी ने कीमतों में कटौती की है. इससे मार्च में की गई बढ़ोतरी पूरी तरह वापस ले ली गई है. हाल के सप्ताहों में अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार स्थिर होने के बाद यह पहली बार है, जब ईंधन की कीमतों में कमी का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा है.
तेल रिफाइनरी का संचालन करती है कंपनी
कहा जा रहा है कि रिफाइनरी के रखरखाव और मरम्मत (टर्नअराउंड) का काम पूरा होने के बाद नायरा एनर्जी देशभर में ईंधन की मांग पूरी करने के लिए पूरी तरह तैयार है. कंपनी ने पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए अपने पूरे रिटेल नेटवर्क को सक्रिय कर दिया है. नायरा एनर्जी गुजरात के वाडिनार में 2 करोड़ टन सालाना क्षमता वाली एक बड़ी तेल रिफाइनरी का संचालन करती है. यह रिफाइनरी देश के प्रमुख ईंधन उत्पादन केंद्रों में से एक मानी जाती है.