Ginger New Varieties: अदरक की नई किस्मों से किसानों की दोगुनी इनकम, नई प्रजातियों की लिस्ट देखें

Ginger Farming: अदरक की नई किस्में ज्यादा पैदावार के साथ ही बेहतर क्वालिटी दे रही हैं. इससे किसान को अच्छी कीमत मिलने के साथ ही बिक्री भी कटाई के तुरंत बाद हो जा रही है. नई प्रजातियों की खेती करके किसान एक एकड़ से दो-तीन लाख रुपए तक का मुनाफा हासिल कर रहे हैं.

नोएडा | Updated On: 8 Apr, 2026 | 07:54 PM

Ginger New Varieties: गेहूं और धान जैसी पारंपरिक फसलें उगाने वाले किसानों को अदरक की किस्मों की खेती लखपति बना रही है. नई प्रजातियों की खेती करके किसान दो से तीन लाख रुपए तक का मुनाफा हासिल कर रहे हैं. बिलासपुर कृषि महाविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों ने कहा है कि किसान अब अदरक की इन नई प्रजातियों को उगा कर अच्छी कमाई कर सकते हैं. अगर किसान एक एकड़ खेत में इस नई किस्म की अदरक उगाएं, तो उन्हें 2 से 3 लाख रुपये तक की आमदनी हो सकती है. यह आमदनी पारंपरिक धान और गेहूं की खेती से लगभग दोगुनी है.

अदरक की 3 नई किस्में

वैज्ञानिकों ने अदरक की तीन नई प्रजातियां विकसित की हैं – सुरभि, श्रुचि और अश्रुति (केरल से लाई गई). इनमें से सुरभि और श्रुचि प्रजातियां किसानों के लिए सबसे ज्यादा लाभकारी साबित हो रही हैं. अदरक के पौधे टिश्यू कल्चर और रायजोम (ऊतक प्रावधान) विधि से तैयार किए जा रहे हैं. इस तकनीक से बने पौधे रोग-प्रतिरोधक होते हैं और बेहतर गुणवत्ता की फसल देते हैं. धीरे-धीरे इन पौधों को किसानों को भी उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि वे अपने खेतों में व्यावसायिक रूप से उगा सकें.

लाभ और बाजार

नई किस्म की अदरक उगाने से किसान एक एकड़ में 2 से 3 लाख रुपये तक कमा सकते हैं. बाजार में अदरक की लगातार मांग और कीमत में स्थिरता से कारण यह किसानों के लिए एक सुरक्षित और लाभकारी विकल्प बनाती है. अदरक की यह उन्नत प्रजाति केवल उत्पादन बढ़ाने में मदद नहीं करेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ और देश के अन्य किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत करेगी. बिलासपुर कृषि महाविद्यालय की यह पहल राज्य के कृषि क्षेत्र में नई क्रांति साबित हो सकती है.

प्रति एकड़ 120 क्विंटल पैदावार और 4 लाख रुपये कमाई

कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार अदरक की खेती में प्रति एकड़ औसतन 80 से 120 क्विंटल तक उत्पादन मिलता है, हालांकि अच्छी किस्म, उचित खाद-पानी और देखभाल से यह 150 क्विंटल तक भी पहुंच सकता है. बाजार में अदरक का भाव आमतौर पर 20 से 60 रुपये प्रति किलो के बीच रहता है. इस हिसाब से एक एकड़ से लगभग 4 लाख रुपये तक की कुल कमाई होती है और इसमें से 3 लाख रुपये तक मुनाफा मिल जाता है.

अदरक की पांच उन्नत किस्में

  1. IISR वरदा (IISR Varada) – यह जल्दी तैयार होने वाली और रोगों के प्रति प्रतिरोधी होने के साथ ही ज्यादा उत्पादन देने वाली किस्म है.
  2. IISR महिमा (IISR Mahima) – यह अधिक उत्पादन और प्रोसेसिंग के लिए उपयुक्त उन्नत किस्म मानी जाती है.
  3. कार्तिका (Karthika) – यह किस्म ज्यादा उत्पादन क्षमता और अच्छी गुणवत्ता वाली नई किस्मों में शुमार है.
  4. अथिरा (Athira) – यह रोग प्रतिरोधी और अच्छी पैदावार देने वाली उन्नत किस्म है.
  5. सुप्रभा (Suprabha) – यह किस्म कीट और रोगों के प्रति सहनशील और स्थिर उत्पादन देने वाली किस्मों में शामिल है.
Published: 8 Apr, 2026 | 02:11 PM

Topics: