धान की खेती में आई कमी, दलहन-मोटे अनाज का रकबा बढ़ा.. पंजाब में गन्ने से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

खरीफ सीजन 2026 में धान की बुवाई का रकबा करीब 4 फीसदी घटकर 426.81 लाख हेक्टेयर रह गया है. कर्नाटक, तेलंगाना समेत कई राज्यों में धान का क्षेत्रफल कम हुआ है. वहीं दलहन और मोटे अनाज का रकबा बढ़ा है. तिलहन और कपास में मामूली कमी आई है. कुल खरीफ फसलों का रकबा भी 16.05 लाख हेक्टेयर घटा है.

नोएडा | Published: 15 Sep, 2026 | 07:42 AM

देश में खरीफ सीजन 2026 के दौरान धान की बुवाई का रकबा घट गया है. कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 11 सितंबर तक धान की बुवाई 426.81 लाख हेक्टेयर में हुई है. पिछले साल इसी अवधि में यह रकबा 443.78 लाख हेक्टेयर था. यानी इस साल धान का रकबा करीब 4 फीसदी कम है. खास बात यह है कि धान की खेती का रकबा कई राज्यों में घटा है. इनमें कर्नाटक और तेलंगाना प्रमुख हैं. कर्नाटक में धान का रकबा 4.54 लाख हेक्टेयर घटा है. वहीं तेलंगाना में 4.46 लाख हेक्टेयर की कमी आई है.

इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 1.90 लाख हेक्टेयर, उत्तर प्रदेश में 1.84 लाख हेक्टेयर, मध्य प्रदेश में 1.75 लाख हेक्टेयर, तमिलनाडु में 1.40 लाख हेक्टेयर, महाराष्ट्र में 1.15 लाख हेक्टेयर और झारखंड में 0.97 लाख हेक्टेयर रकबा कम हुआ है. इस तरह कई प्रमुख धान उत्पादक राज्यों में रकबा घटने से इस साल धान उत्पादन  पर भी असर पड़ने की आशंका है.

दलहन और मोटे अनाज का रकबा बढ़ा, तिलहन और कपास में आई कमी

खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान की कटाई अक्टूबर से शुरू होगी. इस बीच कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, दलहन की बुवाई  का रकबा बढ़कर 118.46 लाख हेक्टेयर हो गया है. पिछले साल इसी अवधि में यह 116.79 लाख हेक्टेयर था. इसी तरह श्री अन्न और मोटे अनाज का रकबा भी थोड़ा बढ़ा है. इस साल 11 सितंबर तक इनकी बुवाई 183.17 लाख हेक्टेयर में हुई है, जबकि पिछले साल यह 182.48 लाख हेक्टेयर था.

हालांकि, तिलहन की बुवाई में मामूली कमी आई है. तिलहन का रकबा पिछले साल के 194.07 लाख हेक्टेयर से घटकर 193.90 लाख हेक्टेयर रह गया है. वहीं, कपास का रकबा भी घटा है. 11 सितंबर तक कपास की बुवाई 109.34 लाख हेक्टेयर में हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 110.31 लाख हेक्टेयर था.

गन्ने का रकबा मामूली घटा, खरीफ फसलों की बुवाई 16 लाख हेक्टेयर कम

देश में खरीफ फसलों की बुवाई  का कुल रकबा इस साल पिछले साल के मुकाबले कम है. कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 11 सितंबर 2026 तक सभी खरीफ फसलों की बुवाई 1,096.49 लाख हेक्टेयर में हुई है. पिछले साल इसी अवधि में यह रकबा 1,112.54 लाख हेक्टेयर था. यानी इस साल करीब 16.05 लाख हेक्टेयर की कमी आई है.

पंजाब में बढ़ा गन्ना का रकबा

हालांकि, पंजाब में इस साल गन्ने की खेती का रकबा बढ़ा है, जो 1.16 लाख हेक्टेयर हो गया है. सरकार ने इस सीजन 700 लाख क्विंटल गन्ना उत्पादन का लक्ष्य रखा है. इसे देखते हुए पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने गन्ने को किसानों के लिए ज्यादा मुनाफे वाली फसल बनाने की योजना बताई है. उन्होंने कहा कि सरकार खेती में मशीनीकरण बढ़ाने, किसानों तक नई तकनीक पहुंचाने और किसानों को सीधे आर्थिक मदद देने पर जोर देगी. सरकार का लक्ष्य इन उपायों के जरिए गन्ने की खेती को ज्यादा लाभदायक बनाना है.

Topics: