प्याज-चीनी के बढ़ते दाम पर दिल्ली सरकार अलर्ट, तैयार होगा एक्शन प्लान.. CM ने दिए निर्देश

दिल्ली में प्याज और चीनी के दाम बढ़ने की आशंका के बीच सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सस्ते प्याज के लिए अलग-अलग इलाकों में कैंप लगाने और NAFED से खरीद के निर्देश दिए हैं. सरकार परिवहन खर्च उठाएगी. साथ ही प्याज की सप्लाई और चीनी के स्टॉक की निगरानी कर जमाखोरी रोकने पर जोर रहेगा.

नोएडा | Published: 26 Aug, 2026 | 10:19 AM

दिल्ली में प्याज और चीनी की कीमतों में और बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में कैंप लगाकर लोगों को सस्ते दाम पर प्याज उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को NAFED से प्याज खरीदने की प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा है. केंद्र सरकार भी उन राज्यों और इलाकों में प्याज पहुंचाने के लिए कदम उठा रही है, जहां इसकी कमी है.

दिल्ली सरकार ने कहा है कि फिलहाल राजधानी में प्याज और चीनी  की कोई कमी नहीं है. हालांकि, अगर आने वाले दिनों में इनके दाम और बढ़ते हैं तो सरकार लोगों पर बढ़ी कीमतों का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने देगी. सरकार के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर NAFED से प्याज और चीनी खरीदी जाएगी. इसके बाद इन्हें दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में खरीद मूल्य पर लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा.

प्याज-चीनी की ढुलाई का खर्च उठाएगी सरकार

दिल्ली सरकार ने कहा कि इन उत्पादों की खरीद के बाद परिवहन और अन्य संबंधित खर्च सरकार खुद उठाएगी, ताकि लोगों को उचित कीमत पर प्याज और चीनी मिल सके. दिल्ली सरकार ने संबंधित विभाग को दिल्ली में आने वाली प्याज की सप्लाई  पर नजर रखने और बाजार में इसकी सही तरीके से उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, जमाखोरी रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने को कहा गया है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

NAFED के भाव पर ही दिल्ली में बिकेगा प्याज

दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्याज के दाम बढ़ने पर दिल्ली के लोगों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े. उन्होंने कहा कि NAFED जिस कीमत पर प्याज उपलब्ध कराएगा, उसी कीमत पर इसे लोगों को बेचा जाएगा. प्याज की ढुलाई और इससे जुड़े अन्य खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी. सिरसा ने कहा कि केंद्र सरकार ने चीनी की जमाखोरी  रोकने के लिए स्टॉक की एक तय सीमा निर्धारित की है. अगर दिल्ली में तय सीमा से ज्यादा चीनी का स्टॉक मिला तो सरकार इन नियमों के तहत कार्रवाई करेगी.

कोलकाता में प्याज हुआ महंगा

वहीं, कोलकाता के बाजारों में प्याज की कीमतें पिछले दो हफ्तों में लगभग दोगुनी हो गई हैं. अगस्त के दूसरे हफ्ते में जहां प्याज 30-35 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, वहीं सोमवार को ज्यादातर बाजारों में इसका भाव बढ़कर 60-65 रुपये प्रति किलो पहुंच गया. कारोबारियों के मुताबिक, पिछले साल अगस्त में भी कोलकाता के खुदरा बाजारों में प्याज 32-35 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहा था.

Topics: