अब सस्ते दर पर राशन दुकानों में मिलेगा मक्का और ज्वार, सरकार शुरू कर रही है नई योजना

उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि ये अनाज सिर्फ बाजार की वस्तु नहीं रहना चाहिए, बल्कि गरीबों की भूख मिटाने वाला पौष्टिक भोजन  बनना चाहिए. इस फैसले से आम लोगों के साथ-साथ कल्याणकारी हॉस्टलों में रहने वाले हजारों छात्रों को भी फायदा होने की उम्मीद है.

नोएडा | Updated On: 9 May, 2026 | 02:50 PM

Telangana News: तेलंगाना में आने वाले दिनों में गरीबों को सस्ते दर पर मक्का और ज्वार मिलेगा. इसके लिए राज्य सरकार एक योजना लॉन्च कर सकती है. इस योजना ते तहत किसानों से खरीदे गए मक्का और ज्वार को सीधे गरीब लोगों तक राशन दुकानों के जरिए कम कीमत पर पहुंचाया जाएगा. सरकार को उम्मीद है कि इससे किसानों को उनके फसल का उचित रेट मिलेगा और गरीबों को कम कीमत में खाने के लिए पौष्टि आहार मिल सकेगा.

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना में सरकार खुले बाजार में नीलामी  करने के बजाय सिविल सप्लाई विभाग के माध्यम से वितरण करने की सोच रही है, ताकि बिचौलियों की भूमिका कम हो और अनाज जरूरतमंद लोगों तक सस्ते दामों पर पहुंचे. इस प्रस्ताव के तहत सरकार किसानों से सीधे मक्का और ज्वार खरीदेगी, ताकि उन्हें उनकी उपज का उचित दाम मिल सके. फिर खरीदे गए अनाज को राशन दुकानों के जरिए गरीबों में वितरित किया जाएगा.

उप-समिति की बैठक में लिया गया फैसला

यह फैसला हाल ही में हुई कैबिनेट उप-समिति की बैठक में लिया गया, जिसमें किसानों और आम लोगों के हित पर खास ध्यान दिया गया है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मक्का और ज्वार जैसे पौष्टिक अनाज जनता को बाजार से कम कीमत पर उपलब्ध कराए जाएं. आमतौर पर सरकार द्वारा खरीदा गया अनाज खुले बाजार में नीलाम कर दिया जाता है, जिससे बिचौलिये सस्ते दाम पर खरीदकर मुनाफा कमाते हैं. इस व्यवस्था को रोकने के लिए सरकार अब इन अनाजों को सीधे पैक करके सब्सिडी वाले दाम पर लोगों तक पहुंचाने की योजना बना रही है.

(मक्का के रेट Agmarknet से लिए गए हैं)

मंडी का नाम तारीख आवक (मीट्रिक टन) किस्म न्यूनतम भाव (रु./क्विंटल) अधिकतम भाव (रु./क्विंटल) मॉडल भाव (रु./क्विंटल)
Achampet APMC 07/05/2026 17.00 लोकल 1,429 1,839 1,710
Achampet APMC 08/05/2026 17.25 लोकल 1,339 1,840 1,730
Alampur APMC 06/05/2026 30.00 लोकल 1,800 2,400 2,000
Asifabad APMC 07/05/2026 25.00 लोकल 2,400 2,400 2,400
Badepalli APMC 04/05/2026 278.50 लोकल 1,601 1,850 1,762

हॉस्टलों में होगी मक्का और ज्वार की सप्लाई

उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि ये अनाज सिर्फ बाजार की वस्तु नहीं रहना चाहिए, बल्कि गरीबों की भूख मिटाने वाला पौष्टिक भोजन  बनना चाहिए. इस फैसले से आम लोगों के साथ-साथ कल्याणकारी हॉस्टलों में रहने वाले हजारों छात्रों को भी फायदा होने की उम्मीद है. सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि SC, ST, BC और अल्पसंख्यक गुरुकुल स्कूलों व हॉस्टलों में मक्का और ज्वार की आपूर्ति की जाए, ताकि छात्रों को पौष्टिक भोजन मिल सके. इसके अलावा, मुर्गी पालन (पोल्ट्री) क्षेत्र को भी मदद देने के लिए सरकार इन अनाजों को बाजार से कम कीमत पर पोल्ट्री किसानों को उपलब्ध कराने पर विचार कर रही है, ताकि इस सेक्टर की समस्याओं को कम किया जा सके.

मंडियों में क्या है मक्का का रेट

बता दें कि अभी तेलंगाना में मक्का का रेट एमएसपी से काफी कम है. ऐसे में किसान लागत भी नहीं निकाल पा रहे हैं. कई किसान घाटे में प्राइवेट व्यापारियों को अपनी उपज बेचने को मजबूर हैं. Agmarknet के आंकड़ों के मुताबिक, अचमपेट एपीएमसी मंडी में 7 मई को लोकल मक्का की 17 मीट्रिक टन आवक दर्ज की गई. इस दौरान न्यूनतम भाव 1,429 रुपये और अधिकतम भाव 1,839 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि मॉडल भाव 1,710 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. इसी तरह अलमपुर एपीएमसी मंडी में 6 मई लोकल मक्का की 30 मीट्रिक टन आवक दर्ज की गई. इस दौरान न्यूनतम भाव 1,800 रुपये और अधिकतम भाव 2,400 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि मॉडल भाव 2,000 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. वहीं, आसिफाबाद एपीएमसी मंडी में 7 मई को 25 मीट्रिक टन मक्का की आवक हुई. यहां लोकल फसल का न्यूनतम, अधिकतम और मॉडल भाव तीनों 2,400 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किए गए.

 

Published: 9 May, 2026 | 02:34 PM

Topics: