Agriculture News in Hindi Live Updates: मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में लू-लपट (Heat Wave) चल रही है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और झुलसाने वाली गर्मी हो रही है. दिल्ली एनसीआर में गर्मी से लोगों को दोपहर में बाहर निकलना लगभग बंद हो गया है (Delhi Weather Latest Updates). वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लूट और गर्म हवाएं चलने का दौर जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में गर्म हवाओं से सुबह-शाम तापमान तीजे से ऊपर जा रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 23वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 23rd Installment) एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और रबी सीजन (Rabi Season) की फसलों की बुवाई और के बाद अब एमएसपी पर फसलों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today
Todays Top News List: कृषि मंत्री का दावा, 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ, खरीफ सीजन से पहले खाद को लेकर बड़ा अपडेट, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें
देशवासियों के लिए राहत की खबर है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में बदलाव का अनुमान जताया है. पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू झेल रहे उत्तर भारत के लोगों को अगले तीन दिनों में राहत मिल सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के असर से कई इलाकों में बारिश, आंधी, तेज हवाएं और ओलावृष्टि होने की संभावना है. IMD ने कई राज्यों के लिए गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट भी जारी किया है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
आदिवासी पहचान को लेकर बाबूलाल मरांडी ने विपक्ष की राजनीति पर निशाना साधा
भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने आदिवासी पहचान को लेकर विपक्ष की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लंबे समय से समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग आदिवासी समाज को अलग दिखाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सभी एक ही सनातन परंपरा का हिस्सा हैं. मरांडी ने कहा कि आदिवासी समाज को बांटने की साजिश सफल नहीं होगी और आदिवासी अपनी पहचान के बारे में जो चाहें लिख सकते हैं.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
उत्तर प्रदेश में किसानों को AI आधारित खेती की तकनीकों से जोड़ा जाएगा
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में किसानों को जल्द ही आधुनिक और AI आधारित खेती की तकनीकों से जोड़ा जाएगा. किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार यहां एक नया पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है. इस कृषि आधारित पायलट प्रोजेक्ट के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने रामपुर और सीतापुर जिलों का चयन किया है. इससे पहले सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा और पंचायती राज जैसे विभागों में भी ऐसे पायलट प्रोजेक्ट चला चुकी है, ताकि योजनाओं में पारदर्शिता बढ़े और लाभ सीधे लोगों तक पहुंच सके.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
डीके शिवकुमार ने मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से मुलाकात की
कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की.
दिल्ली: कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की
(सोर्स: AICC) pic.twitter.com/mQZqJYWneS
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 29, 2026
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
RJD नेता राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी हुआ
RJD नेता राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी हुआ. 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास अब बिहार सरकार में पशु, मत्स्य एवं डेयरी संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया गया है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय आम महोत्सव 2026 में हिस्सा लिया
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय आम महोत्सव 2026 में हिस्सा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोगों को आम महोत्सव की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से उन्हें इस महोत्सव में शामिल होने का अवसर मिल रहा है और यह कार्यक्रम किसानों, बागवानों और आम प्रेमियों को एक मंच पर लाने का काम करता है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
अमित शाह ने कच्छ में भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट स्थित 'हरामी नाला' क्षेत्र का दौरा किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कच्छ में भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट स्थित 'हरामी नाला' क्षेत्र का दौरा किया.
#WATCH गुजरात: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कच्छ में भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट स्थित 'हरामी नाला' क्षेत्र का दौरा किया। pic.twitter.com/al1hS2AKk2
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 29, 2026
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
कई राज्यों में जून महीने के दौरान सामान्य से ज्यादा चलेगी लू, IMD ने जारी किया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जून 2026 में कई राज्यों में सामान्य से ज्यादा लू चलने की चेतावनी दी है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव के दिन ज्यादा रह सकते हैं. वहीं महाराष्ट्र, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भी लू का असर देखने को मिल सकता है.
हालांकि राजस्थान और झारखंड में इस बार सामान्य से कम हीटवेव वाले दिन रहने की संभावना जताई गई है. IMD के महानिदेशक एम महापात्रा ने बताया कि प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति धीरे-धीरे विकसित हो रही है. जून में कमजोर अल नीनो शुरू हो सकता है, जबकि जुलाई-अगस्त तक इसके मध्यम स्तर तक पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून के बाद अल नीनो और मजबूत हो सकता है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
इस बार औसत का 90 फीसदी तक बारिश होगी- IMD
इस साल भारत में कमजोर मानसून और मौसम संबंधी सूखे (मेट्रोलॉजिकल ड्रॉट) की आशंका बढ़ गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मानसून का अनुमान घटाकर लंबी अवधि के औसत (LPA) का 90 फीसदी कर दिया है, जो “सामान्य से कम” श्रेणी में आता है. इससे पहले अप्रैल में मानसून का अनुमान 92 फीसदी लगाया गया था. IMD के मुताबिक, देश के दक्षिण, मध्य और उत्तर-पश्चिम हिस्सों में जून से सितंबर के बीच सामान्य से कम बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में सामान्य बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कहा कि कुछ इलाकों में सामान्य से ज्यादा बारिश भी हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर इस बार मानसून कमजोर रहने के संकेत हैं.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से खाद की किल्लत, गैस सप्लाई घटी
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर अब भारत की खेती और खाद आपूर्ति पर भी दिखने लगा है. धान की बुवाई का सीजन 1 जून से शुरू होने वाला है, लेकिन इससे पहले किसानों को खाद की कमी और कीमत बढ़ने की चिंता सताने लगी है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि प्राकृतिक गैस समेत कच्चे माल के आयात में दिक्कत आने से देश में यूरिया उत्पादन प्रभावित हो सकता है. कई फैक्ट्रियों में गैस सप्लाई पहले ही 30 फीसदी तक घट चुकी है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
भारत में कचरा उत्सर्जन के सबसे तेजी से बढ़ रहा- रिपोर्ट
नई दिल्ली: (29 मई) शुक्रवार को प्रकाशित एक नई रिपोर्ट के अनुसार, भारत के कचरा क्षेत्र से होने वाला उत्सर्जन 2047 तक बढ़कर 119.5 मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर हो सकता है. इसकी मुख्य वजह यह है कि ठोस कचरे का आधा हिस्सा बिना किसी ट्रीटमेंट के सीधे डंपसाइट्स (कचरा डालने की जगहों) पर चला जाता है.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 1994 से 2020 के बीच, कचरा क्षेत्र से होने वाले उत्सर्जन में 226 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस वजह से यह भारत में उत्सर्जन के सबसे तेज़ी से बढ़ते स्रोतों में से एक बन गया है.
दिल्ली स्थित एक थिंक टैंक, 'काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर' द्वारा प्रकाशित विश्लेषण 'ऑर्गेनिक वेस्ट सर्कुलर इकोनॉमी फॉर विकसित भारत' के अनुसार, इस समस्या से निपटने का एक तरीका शहरी जैविक नगरपालिका कचरे का बेहतर प्रबंधन करना है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
पुणे में जहरीली शराब से 12 लोगों की मौत, तस्कर समेत आठ गिरफ्तार
पुणे: (29 मई) अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पिंपरी चिंचवाड़ इलाके और पुणे शहर में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है. इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक मुख्य शराब तस्कर भी शामिल है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को "बेहद गंभीर" बताया और कहा कि और भी लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है, क्योंकि जहरीली शराब की सप्लाई में शामिल "पूरे नेटवर्क" की पहचान कर ली गई है.
पिंपरी चिंचवाड़ के फुगेवाड़ी इलाके में सात लोगों की मौत हुई, जबकि पुणे के हडपसर स्थित पंढारे माला इलाके में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से पांच अन्य लोगों की जान चली गई. पुलिस ने बताया कि जहरीली शराब पीने के शक में तीन लोगों का पिंपरी चिंचवाड़ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
पंजाब सरकार ने शहरों और गांवों में बहुत काम किया है- मनीष सिसौदिया
चंडीगढ़: पंजाब नगर निगम चुनाव नतीजे 2026 | AAP नेता मनीष सिसोदिया, पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा और AAP के अन्य नेताओं ने AAP मुख्यालय में जश्न मनाया. AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, "मैं पंजाब के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने आज नगर निगम के चुनावों में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रति इतना सम्मान दिखाया है... पंजाब सरकार ने शहरों और गांवों में बहुत काम किया है. लोगों ने संदेश दिया है कि ED पार्टी की जरूरत पंजाब में नहीं है..."
-
Posted By: रिजवान नूर खान
सीएम योगी ने 392 करोड़ की 114 परियोजनाओं की सौगात दी
मऊ जिले के मधुबन स्थित गांधी मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इन परियोजनाओं में सड़क, पर्यटन, स्वास्थ्य, तकनीकी शिक्षा और नगर विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छी सरकार आने पर विकास तेज होता है और उनकी सरकार बिना भेदभाव के काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था और गरीबों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में बड़ा बदलाव आया है. उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले की सरकारों में जनता परेशान रहती थी, जबकि अब हर वर्ग को शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास की सुविधाएं मिल रही हैं.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
भीषण गर्मी पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अपील, लू से बचाव के लिए सतर्क रहने को कहा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में भीषण गर्मी और नौतपा को देखते हुए प्रदेशवासियों से स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और लू के प्रभावों से बचने के लिए जरूरी उपायों को दिनचर्या में अपनाने की अपील की है.
उन्होंने गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बच्चों एवं बुजुर्गों और अस्वस्थ व्यक्तियों की देखभाल करने के साथ प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने का आग्रह किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अपनी क्षमता अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर छाया और पानी की व्यवस्था करे। साथ ही पशु पक्षियों को दाना पानी उपलब्ध कराने में सहभागिता निभाए.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
अरुणाचल में दुनिया में सबसे ज्यादा ऊंचाई पर हाथी पाए गए, मानव-वन्यजीव संघर्ष से निपटने की योजना पेश की गई
ईटानगर: (29 मई) WWF-India और राज्य के वन विभाग द्वारा किए गए एक नए आकलन के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में समुद्र तल से 3,000 मीटर से ज़्यादा ऊंचाई पर हाथी पाए गए हैं। यह दुनिया में अब तक दर्ज की गई हाथियों की सबसे ज़्यादा ऊंचाई पर मौजूदगी है.
ये नतीजे 'अरुणाचल प्रदेश में मानव-हाथी संघर्ष का प्रबंधन: एक रणनीति और कार्य योजना' (Managing Human–Elephant Conflict in Arunachal Pradesh: A Strategy and Action Plan) नाम की एक रिपोर्ट में पेश किए गए। इस रिपोर्ट को पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री के सलाहकार, वांगलिन लोवांगदोंग ने जारी किया.
इस रिपोर्ट को समय पर और महत्वपूर्ण बताते हुए, लोवांगदोंग ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष, खासकर हाथियों से जुड़ा संघर्ष, राज्य में एक गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
सरकार खरीफ सीजन पर अल नीनो के खतरे से निपटने के लिए आपातकालीन योजनाएं तैयार कर रही है: शिवराज सिंह
नई दिल्ली: (28 मई) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार इस साल की खरीफ फसल पर अल नीनो मौसम की घटना के किसी भी बुरे असर को कम करने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने एकीकृत खेती और दालों व तिलहनों में ज्यादा आत्मनिर्भरता लाने का भी आह्वान किया.
चौहान ने यहां दो-दिवसीय राष्ट्रीय खरीफ सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से कहा, "चिंता करने के बजाय, तैयारी करने की जरूरत है. प्रभावित जिलों के लिए आपातकालीन योजनाएं बनाई जाएँगी और जहाँ भी ज़रूरी होगा, फसलों में बदलाव पर विचार किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि मंत्रालय वैकल्पिक फसलों के लिए ज़िलों की पहचान करने और अल नीनो के असर की स्थिति में बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया में है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
शिवराज सिंह चौहान ने पीएमएवाई-जी के तहत 12 राज्यों को 10,021 हजार करोड़ राशि जारी की
शिवराज सिंह चौहान ने पीएमएवाई-जी के तहत 12 राज्यों को ₹10,021 करोड़ की मदर सैंक्शन जारी किए हैं. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश का कोई भी गरीब कच्चे मकान में न रहे. इसी संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण प्रारंभ की गई थी। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत 4.95 करोड़ घरों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 3.91 करोड़ घरों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है तथा 3.05 करोड़ से अधिक घरों का निर्माण पूर्ण हो चुका है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
यूपी में राज्यपाल ने गौसंरक्षण, पोषण एवं संसाधन संरक्षण के लिए हाइड्रोपोनिक चारा उत्पादन यूनिट शुरू की
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज जन भवन में स्थापित हाइड्रोपोनिक चारा उत्पादन इकाई का उद्घाटन एवं अवलोकन किया. यह इकाई जन भवन गौशाला में गौवंशों को वर्ष भर मानक के अनुरूप पर्याप्त, पौष्टिक एवं रसायन मुक्त हरा चारा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित की गई है.
राज्यपाल महोदया की प्रेरणा एवं संवेदनशील सोच के अनुरूप इस इकाई की स्थापना की गई है, ताकि गौवंशों के संरक्षण एवं उनके बेहतर पोषण के लिए आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग किया जा सके.
उनका विचार रहा है कि सीमित संसाधनों में भी पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं सतत कृषि प्रणाली को बढ़ावा देते हुए गौसेवा को अधिक प्रभावी बनाया जाए. इसी सोच के तहत कम पानी, कम स्थान एवं कम समय में अधिक पौष्टिक हरा चारा उपलब्ध कराने वाली हाइड्रोपोनिक प्रणाली को जन भवन में स्थापित किया गया है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
'अन्नपूर्णा' का फॉर्म यह पक्का करने के लिए है कि लाभ नागरिकों तक पहुंचे - बंगाल की मंत्री
कोलकाता: (29 मई) पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने महिलाओं के लिए प्रत्यक्ष नकद हस्तांतरण योजना, हाल ही में घोषित 'अन्नपूर्णा योजना' के लिए 12-पृष्ठों के विस्तृत आवेदन फॉर्म का बचाव करते हुए कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ केवल भारतीय नागरिकों तक ही पहुंचे.
इस लंबे फॉर्म की कई हलकों से आलोचना हुई है, जिसमें महिला लाभार्थियों को परिवार के प्रत्येक सदस्य के बारे में विस्तृत जानकारी देनी होती है; कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि अत्यधिक दस्तावेजीकरण के कारण वास्तविक लाभार्थी इस योजना से वंचित रह सकते हैं.
इस आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए, पॉल ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा सरकार गैर-नागरिकों को राज्य द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अनुमति नहीं देगी.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
भीषण गर्मी से पूरे भारत में 3,400 ज्यादा मौतें होती हैं - एक स्टडी का अनुमान
नई दिल्ली: (29 मई) एक स्टडी के अनुमान के मुताबिक, पूरे भारत में एक दिन की भीषण गर्मी से लगभग 3,400 ज़्यादा मौतें होती हैं, जबकि पाँच दिन की लू से लगभग 30,000 मौतें होती हैं.
अमेरिका की कैलिफ़ोर्निया यूनिवर्सिटी, बर्कले में इंडिया एनर्जी एंड क्लाइमेट सेंटर के रिसर्चर पीयूष नारंग और अशोक गाडगिल ने कहा कि भले ही ग्लोबल स्टडीज़ गर्मी से होने वाली मौतों में तेज़ी से हो रही बढ़ोतरी को दिखाती हैं, लेकिन भारत के ज़िलों में लू से मौतों पर क्या असर पड़ता है, इस बारे में बारीक स्थानिक-सामयिक डेटा आम रिसर्चरों के लिए उपलब्ध नहीं है.
टीम ने भारत के 10 शहरों में गर्मी से होने वाली मौतों के एक मल्टी-सिटी विश्लेषण से मिले नतीजों को आधार बनाकर, देश के सभी ज़िलों में होने वाली ज़्यादा मौतों का अनुमान लगाया.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
दिल्ली 21 जून को NEET-UG री-टेस्ट देने वाले उम्मीदवारों को DTC बसों में मुफ़्त यात्रा की सुविधा देगी
नई दिल्ली: (29 मई) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि 21 जून को NEET (UG) 2026 का री-टेस्ट देने वाले उम्मीदवारों को DTC बसों में मुफ़्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी. गुप्ता ने X पर एक पोस्ट में कहा कि यह सुविधा री-टेस्ट के लिए वैध एडमिट कार्ड दिखाने पर दी जाएगी.
उन्होंने कहा, "21 जून को NEET (UG) 2026 की परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों की मदद के लिए, दिल्ली सरकार सभी DTC बसों में वैध एडमिट कार्ड दिखाने पर मुफ़्त यात्रा की सुविधा देगी."
-
Posted By: रिजवान नूर खान
बिहार में विक्रमशिला सेतु पर यातायात की बहाली के लिए चार बेली पुलों का निर्माण जारी
भागलपुर, बिहार: विक्रमशिला सेतु पर यातायात की बहाली करने के लिए चार बेली पुलों का निर्माण जारी है. आवागमन शुरू करने के लिए 7 जून की समय-सीमा तय की गई है. जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा, "जहां पर पुल का स्लैब गिरा था वहां बहुत पहले बेली पुल लॉन्च हो चुका है. ऑडिट रिपोर्ट में जहां दिक्कत थी वहां पर लॉन्चिंग हो चुकी है. एक अंतिम लॉन्चिंग बची है, 140 फीट का स्लैब और बचा है. बहुत जल्द ये शुरू होगा. हमने आम लोगों से जो कहा था कि 7 जून से पहले हम पुल को चालू कर देंगे... हम विश्वास दिलाते हैं कि 7 जून से पहले पुल पर आवागमन शुरू होगा..."
-
Posted By: रिजवान नूर खान
BJP सरकार की वर्षगांठ के जश्न के लिए PM ओडिशा दौरे पर जाएंगे- CM मोहन चरण मांझी
भुवनेश्वर: (29 मई) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी के अगले महीने राज्य में BJP सरकार की दूसरी वर्षगांठ के जश्न में शामिल होने की संभावना है.
गुरुवार को भुवनेश्वर में ABVP के एक कार्यक्रम में बोलते हुए माझी ने कहा कि वह इस हफ्ते की शुरुआत में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिले थे और उन्हें इस मौके पर ओडिशा आने का न्योता दिया था. मुख्यमंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस दौरे पर सकारात्मक जवाब दिया है, हालांकि तारीख अभी तय नहीं हुई है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
फसलों में विविधता और बागवानी उत्पादकता बढ़ाना किसानों की समृद्धि की कुंजी: हरियाणा के CM
करनाल: (28 मई) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को कहा कि फसलों में विविधता लाना और बागवानी-आधारित खेती किसानों की समृद्धि की कुंजी है. उन्होंने राज्य में बागवानी क्षेत्र के उत्पादन को बढ़ाने के लिए कई उपायों का सुझाव भी दिया.
मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय को 14 नए बागवानी विज्ञान केंद्र समर्पित किए और कहा कि अब फसल कटाई के बाद के प्रबंधन (post-harvest management), पौधों के कीट नियंत्रण और रोगों जैसे विषयों में मास्टर और PhD कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे.
'बागवानी फसलों के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज और रोपण सामग्री का रणनीतिक प्रतिमान' (Strategic Paradigm of Quality Seeds and Planting Material for Horticultural Crops) नामक एक राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये केंद्र किसानों तक नवीनतम तकनीकें, गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री और वैज्ञानिक मार्गदर्शन पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
-
Posted By: Saurabh Sharma
7 जून से पहले शुरू होगा पुल पर आवागमन, भागलपुर DM ने दिया भरोसा
भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि जिस स्थान पर पुल का स्लैब गिरा था, वहां पहले ही बेली पुल लॉन्च किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि ऑडिट रिपोर्ट में जिन हिस्सों में दिक्कत सामने आई थी, वहां काम पूरा हो चुका है. अब केवल 140 फीट के एक अंतिम स्लैब की लॉन्चिंग बाकी है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा. जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन ने लोगों से जो वादा किया था, उसके अनुसार 7 जून से पहले पुल पर आवागमन शुरू कर दिया जाएगा. (ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
सिद्धारमैया आगे भी करेंगे मार्गदर्शन, 2028 चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ेंगे- सतीश जारकीहोली
कर्नाटक के पूर्व मंत्री सतीश जारकीहोली ने सिद्धारमैया को लेकर कहा कि वे पार्टी के साथ रहेंगे और आगे भी नेताओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि 2028 के विधानसभा चुनाव भी सिद्धारमैया के मार्गदर्शन में ही लड़े जाएंगे. वहीं मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर जारकीहोली ने कहा कि इस विषय पर चर्चा कल की जाएगी. उनके बयान के बाद कर्नाटक कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. (ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
उत्तराखंड चुनाव से पहले BJP की बड़ी बैठक, नितिन नवीन और धामी ने सांसदों संग बनाई रणनीति
देहरादून में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पुष्कर सिंह धामी और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ अहम बैठक की. इस दौरान चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और जनता तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने पर चर्चा हुई. बैठक में पार्टी नेताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और चुनाव की तैयारियों को तेज करने के निर्देश दिए गए. BJP आगामी चुनावों में मजबूत प्रदर्शन के लिए लगातार संगठनात्मक बैठकों पर फोकस कर रही है. (ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में खरीफ अभियान 2026 में लिया हिस्सा
शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली में आयोजित कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन- खरीफ अभियान 2026 में भाग लिया. इस सम्मेलन में देशभर से कृषि विशेषज्ञ, अधिकारी और किसान प्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक का मुख्य उद्देश्य खरीफ फसलों की तैयारी, उत्पादन बढ़ाने की रणनीति और किसानों की आय में सुधार पर चर्चा करना था. मंत्री ने आधुनिक कृषि तकनीक, बीज सुधार और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को अधिक उत्पादन और बेहतर लाभ दिलाना है. (ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
सिद्धारमैया के इस्तीफे पर बोले संजय राउत, ऐसा सुचारू सत्ता हस्तांतरण राजनीति में बहुत कम देखने को मिलता है
संजय राउत ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस की अपनी आंतरिक व्यवस्था है, लेकिन सिद्धारमैया के प्रति उनका सम्मान और बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि राजनीति में नेता आमतौर पर अपना पद आसानी से नहीं छोड़ते, लेकिन सिद्धारमैया ने पार्टी के आदेश का सम्मान करते हुए पद छोड़ा. राउत ने उन्हें जनता का सच्चा नेता बताया और कहा कि भारतीय राजनीति में इतना शांत और सुचारू सत्ता हस्तांतरण बहुत कम देखने को मिलता है. (ANI)
-
Posted By: Saurabh Sharma
दिल्ली में राहुल गांधी से मिले सिद्धारमैया, कर्नाटक की राजनीति पर हुई चर्चा
कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली स्थित 10 जनपथ पर CM सिद्धारमैया से मुलाकात की. इस बैठक को कर्नाटक की राजनीति और संगठनात्मक मुद्दों के लिहाज से अहम माना जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, सरकार के कामकाज और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई. बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे सामान्य राजनीतिक मुलाकात बताया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं.(ani)
-
Posted By: Kisan India
श्रमिकों के बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी, ESIC मेडिकल कॉलेजों में MBBS-BDS की 700 सीटें आरक्षित
बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए डॉक्टर बनने का शानदार अवसर सामने आया है. कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने देशभर के 20 मेडिकल कॉलेजों में MBBS और BDS पाठ्यक्रमों की 700 सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित की हैं. इन सीटों पर प्रवेश NEET UG की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा. अधिक छात्रों को मौका देने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई से बढ़ाकर 21 जून 2026 कर दी गई है. इस पहल से संगठित क्षेत्र में कार्यरत हजारों श्रमिक परिवारों के बच्चों को मेडिकल शिक्षा हासिल करने का बेहतर अवसर मिलेगा.
-
Posted By: Kisan India
हिमाचल में जंगलों में आग का कहर, शिमला से चंबा तक बढ़ीं घटनाएं
हिमाचल प्रदेश में जंगलों में आग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. शिमला, सोलन, बिलासपुर, ऊना और चंबा समेत कई जिलों में वन क्षेत्र धू-धू कर जल रहे हैं. इस साल अब तक जंगलों में आग लगने की 258 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने से भी अधिक हैं. आग की वजह से करीब 81 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है. कोटखाई में जंगल की आग से काली माता मंदिर जलकर राख हो गया, जबकि सोलन में आग का असर कालका-शिमला रेललाइन पर भी पड़ा और ट्रेनों का संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ. वन विभाग, अग्निशमन विभाग और अन्य एजेंसियां आग पर काबू पाने के लिए लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं.
-
Posted By: Kisan India
कृषि मंत्री का दावा, 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ
उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने योगी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कृषि ऋण माफ किया गया था. उन्होंने कहा कि इस फैसले से किसानों को आर्थिक राहत मिली और उनका आत्मविश्वास बढ़ा. मंत्री ने यह भी दावा किया कि राज्य सरकार ने गन्ना किसानों को 3.27 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड भुगतान सुनिश्चित किया है. साथ ही उन्होंने पिछली सरकारों पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.
-
Posted By: Kisan India
सिद्धारमैया का इस्तीफा मंजूर, डीके शिवकुमार की ताजपोशी की अटकलें तेज
कर्नाटक की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है. आधिकारिक आदेश के अनुसार, नई व्यवस्था बनने तक सिद्धारमैया कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालते रहेंगे. वहीं कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार के अगले मुख्यमंत्री बनने की संभावनाएं काफी मजबूत मानी जा रही हैं. शिवकुमार आज दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर सकते हैं, जहां नई सरकार के गठन और मंत्रिमंडल को लेकर अहम चर्चा होने की उम्मीद है.
-
Posted By: Kisan India
फसलों में विविधता और बागवानी पर जोर, किसानों की आय बढ़ाने के लिए हरियाणा सरकार की नई पहल
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि फसलों में विविधता लाना और बागवानी आधारित खेती को बढ़ावा देना किसानों की आर्थिक समृद्धि का सबसे प्रभावी रास्ता है. करनाल में आयोजित एक राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान उन्होंने महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय को 14 नए बागवानी विज्ञान केंद्र समर्पित किए. मुख्यमंत्री ने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर गुणवत्ता के बीज, उन्नत पौध सामग्री और वैज्ञानिक सलाह उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही विश्वविद्यालय में फसल कटाई के बाद प्रबंधन, कीट नियंत्रण और पौध रोगों से जुड़े विषयों में मास्टर और पीएचडी कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे, जिससे कृषि और बागवानी क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी.
-
Posted By: Kisan India
दिल्ली में शुरू होगी हाइड्रोजन बस सेवा, प्रदूषण मुक्त सफर की दिशा में बड़ा कदम
दिल्ली सरकार राजधानी में स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की तैयारी कर रही है. इसी कड़ी में डीटीसी और एनटीपीसी के सहयोग से दो नई हाइड्रोजन फ्यूल सेल बसों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत सड़कों पर उतारने की योजना बनाई गई है. हाइड्रोजन तकनीक से चलने वाली ये बसें प्रदूषण को कम करने में मदद करेंगी और ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देंगी. इस परियोजना के तहत बसों का संचालन डीटीसी करेगा, जबकि वित्तीय सहायता के लिए एनटीपीसी की सीएसआर फंडिंग समेत अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है. सरकार का मानना है कि यह पहल भविष्य में राजधानी के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और अधिक स्वच्छ और आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
-
Posted By: Kisan India
हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढहा, 6 मजदूरों की मौत
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया. हादसे के समय कई मजदूर पुल के नीचे और आसपास आराम कर रहे थे, जिससे वे मलबे में दब गए. अब तक छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कुछ अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया. यह पुल मोराकंदर परसानी और नैथी गांव को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था.
-
Posted By: Kisan India
ओडिशा में बिजली गिरने और तेज तूफान से 3 लोगों की मौत, कई घरों को भारी नुकसान
ओडिशा में खराब मौसम ने भारी तबाही मचाई है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में तेज आंधी, तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं. अधिकारियों के अनुसार मयूरभंज, क्योंझर और अंगुल जिलों में बिजली गिरने और तूफान की वजह से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण 94 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं. प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर रहा है और जरूरतमंद लोगों को सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
-
Posted By: Kisan India
खेती में नई क्रांति की ओर उत्तर प्रदेश, 2047 विजन के तहत बढ़ेगा उत्पादन
उत्तर प्रदेश सरकार ने खरीफ सीजन 2026-27 के लिए खाद्यान्न और तिलहन उत्पादन बढ़ाने का बड़ा लक्ष्य तय किया है. राज्य सरकार इस बार 30.25 मिलियन टन उत्पादन हासिल करना चाहती है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत अधिक है. इसके लिए खेती का रकबा बढ़ाने, किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराने और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश को कृषि उत्पादन और कृषि निर्यात के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाना है. मक्का, दलहन और तिलहन जैसी फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के साथ-साथ जैविक खेती और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है.
-
Posted By: Kisan India
यूपी में 100 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में 29 और 30 मई के बीच मौसम बेहद खराब रहने की आशंका है. मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने कई जिलों के लिए खतरनाक आंधी-तूफान, ओलावृष्टि, वज्रपात और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. चेतावनी के अनुसार कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 80 से 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 100 किमी प्रति घंटा तक भी जा सकती है. बाँदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ और मुरादाबाद समेत कई जिलों में तूफान का खतरा बना हुआ है. वहीं वाराणसी, गोंडा, श्रावस्ती, बरेली और पीलीभीत सहित कई क्षेत्रों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
-
Posted By: Kisan India
कर्ज़ माफी और लाड़की बहिन योजना पर विपक्ष को शिंदे का जवाब, किसानों को हर मदद का भरोसा
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विपक्ष पर किसानों की कर्ज़ माफी, फसल बीमा और लाड़की बहिन योजना को लेकर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया है. लातूर में एक रैली को संबोधित करते हुए शिंदे ने कहा कि किसानों को तय समय सीमा के भीतर कर्ज़ माफी का लाभ दिया जाएगा और फसल बीमा योजनाओं का पूरा फायदा भी मिलेगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों और महिला लाभार्थियों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी को भी अकेला नहीं छोड़ा जाएगा.
-
Posted By: Kisan India
यूपी में किसानों को मिला रिकॉर्ड भुगतान, अनाज खरीद व्यवस्था ने बढ़ाया भरोसा
उत्तर प्रदेश में किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकारी खरीद अभियान लगातार मजबूत किया जा रहा है. सरकार के अनुसार गेहूं, धान, बाजरा और ज्वार की खरीद के जरिए लाखों किसानों को सीधा लाभ मिला है. वर्ष 2017-18 से अब तक केवल गेहूं खरीद के तहत 51 लाख से अधिक किसानों को 45 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया गया है. खरीद प्रक्रिया को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाए जाने से किसानों को समय पर भुगतान मिल रहा है और सरकारी खरीद व्यवस्था पर उनका भरोसा भी मजबूत हुआ है.
-
Posted By: Kisan India
2030 तक रिकॉर्ड स्तर पर रह सकती है वैश्विक गर्मी, अल नीनो बढ़ा सकता है खतरा
दुनिया के लिए जलवायु को लेकर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की नई रिपोर्ट के अनुसार 2030 तक वैश्विक तापमान रिकॉर्ड स्तर के आसपास बना रह सकता है. रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि आने वाले वर्षों में 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा अस्थायी रूप से पार होने की आशंका काफी बढ़ गई है. साथ ही 2027 और 2028 के दौरान अल नीनो के दोबारा मजबूत होने की संभावना भी जताई गई है, जिससे दुनिया के कई हिस्सों में सूखा, बाढ़ और चरम मौसम की घटनाएं बढ़ सकती हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती गर्मी का असर खेती, जल संसाधनों, स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है.
-
Posted By: Kisan India
हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल ढहने से बड़ा हादसा, 6 की मौत
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में निर्माणाधीन पुल गिरने से बड़ा हादसा हो गया. मवई जार और कुरारा को जोड़ने वाला पुल देर रात अचानक ढह गया, जिससे कम से कम छह लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. प्रशासन के अनुसार अभी भी तीन लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है. पुलिस, एनडीआरएफ और राहत-बचाव टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं. वहीं, पुल गिरने के कारणों की जांच के लिए तकनीकी टीम को भी मौके पर बुलाया गया है.
-
Posted By: Kisan India
गुजरात दौरे पर अमित शाह, आज सीमा चौकियों पर जवानों से करेंगे मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के आखिरी दिन भुज पहुंचेंगे, जहां वह बीएसएफ की सीमा चौकियों का दौरा करेंगे. शाह हरामीनाला क्षेत्र में तैनात जवानों से बातचीत कर उनका हालचाल जानेंगे और सीमा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे. उनका यह दौरा जवानों का मनोबल बढ़ाने और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिहाज से अहम माना जा रहा है. सरकार सीमा क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास योजनाओं को भी मजबूत करने पर जोर दे रही है.
-
Posted By: Kisan India
पेट्रोल पंपों पर मिलेंगे कई ईंधन विकल्प, अब गाड़ी के हिसाब से चुन सकेंगे इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल
सरकार पेट्रोल पंपों पर इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कई विकल्प उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है. नई योजना के तहत वाहन मालिक अपनी गाड़ी के इंजन की क्षमता के अनुसार E20, E22, E25 या E30 पेट्रोल चुन सकेंगे. इसके लिए सरकारी और निजी तेल कंपनियों को जरूरी बुनियादी ढांचा विकसित करने की सलाह दी गई है. सरकार का मानना है कि इससे इथेनॉल के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा, ईंधन आयात पर निर्भरता कम होगी और किसानों को भी फायदा मिलेगा.
-
Posted By: Kisan India
NEET-UG परीक्षा की सुरक्षा होगी और कड़ी, प्रश्नपत्र पहुंचाने में वायुसेना की मदद पर विचार
NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत बनाने की तैयारी कर रही है. पेपर लीक विवाद के बाद 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई में भारतीय वायुसेना (IAF) के विमानों के इस्तेमाल पर विचार किया जा रहा है. सरकार परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष सुरक्षा तंत्र तैयार कर रही है. हालांकि इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला अभी लिया जाना बाकी है.