Today’s Top News List: मुंबई में लैंडस्लाइड से 6 लोगों की मौत, नमो लक्ष्मी योजना के 646 करोड़ जारी, दिनभर की खबरें पढ़ें

Latest Agriculture News in Hindi: बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि राज्य में कृषि की नई संभावनाओं को किसानों की समृद्धि से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि आधुनिक अनुसंधान, उन्नत तकनीक और वैज्ञानिक ज्ञान को खेतों तक पहुंचाकर कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों की आय तथा आजीविका को भी बढ़ाया जा सकता है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

Agriculture News in Hindi: मध्यप्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन और ग्वालियर संभाग के अधिकांश जिलों में, जबकि रीवा और जबलपुर संभाग के अनेक क्षेत्रों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई. आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. वहीं राजगढ़, बुरहानपुर, खरगोन, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, आगर, नीमच, गुना और श्योपुरकलां सहित कई जिलों में भारी वर्षा और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

नई दिल्ली | Updated On: 12 Aug, 2026 | 07:21 PM
The liveblog has ended.
  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 06:59 PM (IST)

    CBI जांच नहीं हुई तो उठेंगे सवाल, ABVP का CM हेमंत सोरेन पर बड़ा हमला

    रांची में जारी JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच ABVP ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है. ABVP के महासचिव ने आरोप लगाया कि अगर भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की CBI जांच के आदेश नहीं दिए गए, तो इससे मुख्यमंत्री की भूमिका पर भी सवाल उठेंगे. उन्होंने हेमंत सोरेन को 'तानाशाह' बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने की कोशिश कर रही है. ABVP ने छात्रों की मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की.

  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 06:40 PM (IST)

    मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 3 घंटे का ब्रेक, मेंटेनेंस और मॉक ड्रिल के चलते लिंक बंद

    महाराष्ट्र के लोनावला में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर आज तीन घंटे के लिए ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. पुणे से मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर कनेक्टिंग लिंक को मेंटेनेंस काम और मॉक ड्रिल के चलते अस्थायी रूप से बंद किया गया है. इस दौरान इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय बंदी के समय का ध्यान रखें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें.

  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 06:24 PM (IST)

    बिहार के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान! 430 करोड़ रुपये से AI-ड्रोन समेत इन फ्यूचर स्किल्स की मिलेगी ट्रेनिंग

    बिहार सरकार ने युवाओं को नए दौर के रोजगार से जोड़ने के लिए कुशल युवा कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुताबिक, ‘सात निश्चय-3’ के तहत यह कार्यक्रम 2026-27 से 2030-31 तक जारी रहेगा. इसके लिए 430.08 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. युवाओं को AI, ड्रोन, सोलर, नेटवर्किंग, डिजिटल मार्केटिंग, बैंकिंग, विदेशी भाषा और उद्यमिता जैसे कौशलों की ट्रेनिंग दी जाएगी. सरकार के अनुसार, हर साल 2.57 लाख से ज्यादा युवा प्रशिक्षित होंगे.

  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 06:11 PM (IST)

    महाराष्ट्र ATS का बड़ा एक्शन! 9 करोड़ से ज्यादा की मेथ ड्रग जब्त, विदेशी महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार

    महाराष्ट्र ATS ने एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई और ग्रेटर नोएडा से 4.738 किलो मेथामफेटामाइन जब्त की गई है, जिसकी कीमत 9 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है. मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो विदेशी महिलाएं भी शामिल हैं. ATS अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ड्रग की सप्लाई से जुड़े कनेक्शन की जांच कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 05:56 PM (IST)

    NEET Protest: संसद में छात्रों के मुद्दे पर बहस नहीं हुई तो भड़के किरेन रिजिजू

    लोकसभा में छात्रों के NEET विरोध प्रदर्शन पर बहस नहीं हो पाने को लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि वह इस स्थिति से बेहद निराश और पूरी तरह हताश हैं. रिजिजू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पहली बार है जब वह ऐसी स्थिति देख रहे हैं, जहां सरकार संसद में बहस के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से पीछे हट रहा है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार के तैयार होने के बावजूद विपक्ष का बहस से बचना समझ से परे है.

  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 05:40 PM (IST)

    कर्नाटक SIR पर बड़ा दावा, 80 फीसदी मतदाताओं के नाम पक्के

    बेंगलुरु में कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनबु कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर बड़ा अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि करीब 80 फीसदी मतदाताओं के नाम की पुष्टि हो चुकी है. वहीं ड्राफ्ट मतदाता सूची से 1 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. अधिकारी के मुताबिक, SIR प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची की जांच और सत्यापन किया जा रहा है. ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी होगी.

  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 05:25 PM (IST)

    गुजरात में खिलाड़ियों के लिए बड़ा कदम, डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने लॉन्च किया 'शक्तिदूत 2.0'

    गांधीनगर में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए आयोजित 'शक्तिदूत 2.0' कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर देने पर जोर दिया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों को सम्मान देना और राज्य में खेलों को बढ़ावा देना है. 'शक्तिदूत 2.0' के जरिए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 05:07 PM (IST)

    ऐसा पहली बार हुआ कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री सदन में मौजूद नहीं रहे: कांग्रेस

    नयी दिल्ली: 12 अगस्त - कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की संसद के दोनों सदनों में गैर-मौजूदगी को लेकर बुधवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 1952 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब पूरे सत्र के दौरान न तो प्रधानमंत्री और न ही गृह मंत्री लोकसभा या राज्यसभा में मौजूद रहे। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में किया, ‘‘1952 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब पूरे सत्र के दौरान न तो प्रधानमंत्री और न ही गृह मंत्री लोकसभा या राज्यसभा में मौजूद रहे।

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 04:53 PM (IST)

    'नमो लक्ष्मी', 'नमो सरस्वती विज्ञान साधना' योजना के लाभार्थियों के लिए 646 करोड़ जारी

    गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर में एक राज्य-स्तरीय कार्यक्रम के दौरान 'नमो लक्ष्मी', 'नमो सरस्वती विज्ञान साधना' और अन्य योजनाओं के तहत ₹646 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति और वित्तीय सहायता वितरित की, जिससे राज्य के 4.72 लाख से अधिक मेधावी छात्र लाभान्वित हुए।

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 04:39 PM (IST)

    सीजेपी की मीटिंग के लिए बुक हॉल के मालिकों को धमकी मिली- अभिजीत दिपके

    दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने कहा, "आज दिल्ली में हमारे वॉलंटियर्स की मीटिंग होनी थी... हम हॉल ढूंढ रहे थे, लेकिन कोई हमें हॉल किराए पर नहीं दे रहा था. सब यही कह रहे थे कि ऊपर से दबाव है... बड़ी मुश्किल से हमें यह हॉल मिला था. हमारे पास इसकी रसीद भी है. लेकिन आज सुबह ही हॉल के मालिकों को धमकियां मिलीं. उनसे कहा गया कि अगर उन्होंने यहां CJP की मीटिंग होने दी, तो उन्हें उल्टा लटका दिया जाएगा...

    यह सब BJP कर रही है... उनकी हरकतों और बातों से साफ पता चलता है कि वे देश के युवाओं से डरे हुए हैं... अगर उन्हें लगता है कि ऐसी छोटी-मोटी हरकतों से हम डर जाएंगे, तो वे बहुत बड़ी गलतफहमी में हैं..."

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 04:28 PM (IST)

    बेंगलुरु: खाद्य पदार्थों के एक गोदाम में लाइसेंसिंग और लेबलिंग संबंधी खामियां मिलीं, नोटिस जारी

    बेंगलुरु: 12 अगस्त (भाषा) खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शहर के प्रमुख होटलों और रेस्तरां को खाद्य सामग्री और किराने का सामान उपलब्ध कराने वाले एक गोदाम का विशेष निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। विभाग ने कहा कि इस संबंध में संबंधित इकाई को नोटिस जारी किया गया है और निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 04:16 PM (IST)

    कांग्रेस कार्यसमिति की 19 अगस्त को बैठक, सरकार को घेरने की रणनीति पर होगी चर्चा

    नयी दिल्ली: 12 अगस्त  कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक 19 अगस्त को होगी, जिसमें मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की जाएगी.  पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 04:00 PM (IST)

    कांग्रेस कार्यसमिति की 19 अगस्त को बैठक, सरकार को घेरने की रणनीति पर होगी चर्चा

    नयी दिल्ली: 12 अगस्त - कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक 19 अगस्त को होगी, जिसमें मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की जाएगी. पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी. सूत्रों के अनुसार, बैठक में छात्रों के मुद्दे और राम मंदिर से ‘‘चंदा चोरी’’ के आरोप को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी. उन्होंने बताया कि कार्यसमिति की बैठक में अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों की भी समीक्षा किए जाने की संभावना है.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. सूत्रों ने कहा कि छात्रों के मुद्दे और राम मंदिर से ‘‘चंदा चोरी’’ के आरोप को लेकर सरकार को घेरने की पार्टी की रणनीति बैठक के एजेंडे में शामिल होगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 03:46 PM (IST)

    नीट प्रश्नपत्र लीक मामला: दिल्ली की अदालत ने सीबीआई के आरोपपत्र का संज्ञान लिया

    नयी दिल्ली: 12 अगस्त- दिल्ली की एक अदालत ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले में सीबीआई के आरोपपत्र का बुधवार को संज्ञान लिया। विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने 13 आरोपियों के खिलाफ एजेंसी की अंतिम रिपोर्ट का संज्ञान लिया। (भाषा)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 03:32 PM (IST)

    खेत में कीटनाशक छिड़काव करने जा रहे किसान को छुट्टा गोवंश ने पटका, मौत

    एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के एक गांव में मंगलवार को खेत में दवा डालने जा रहे एक किसान की आवारा पशु के हमले में मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि सकीट थाना क्षेत्र के घुटलई गांव निवासी 40 वर्षीय कुलदीप अपने खेत की ओर जा रहा था कि तभी पीछे से आए एक आवारा गोवंशीय पशु ने उस उठाकर पटक दिया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 03:19 PM (IST)

    पश्चिम बंगाल सरकार असम को बाढ़ से राहत के लिए 10 करोड़ रुपये की सहायता राशि देगी

    कोलकाता: 12 अगस्त - पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने असम में बाढ़ की स्थिति को ‘‘भयावह’’ बताते हुए इस संकट से निपटने में मदद के लिए पड़ोसी राज्य को 10 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की बुधवार को घोषणा की। शुभेंदु ने कहा कि असम में बाढ़ से 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। असम के साथ पश्चिम बंगाल का एक ‘‘विशेष आध्यात्मिक संबंध’’ है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को विधानसभा में कहा, ‘‘पड़ोसी राज्य असम में स्थिति भयावह है। असम के साथ हमारा एक विशेष आध्यात्मिक संबंध है। मणिपुर और छत्तीसगढ़ जैसे कई राज्यों ने असम को सहायता देने की घोषणा की है। हम भी मुख्यमंत्री राहत कोष से असम को 10 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे।’’

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 03:04 PM (IST)

    कॉजपा से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जांच संबंधी याचिका पर केंद्र, बीसीआई, सीबीआई जवाब दे: न्यायालय

    नयी दिल्ली: 12 अगस्त-  उच्चतम न्यायालय ने फर्जी वकीलों, कानून की फर्जी डिग्री वाले लोगों और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जांच के अनुरोध वाली याचिका पर केंद्र सरकार, भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जवाब मांगा है। कॉजपा का गठन मई में एक सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुआ था। बाद में इस संगठन ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले में ‘जेन-जी’ के प्रदर्शन का नेतृत्व किया था।(भाषा)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 02:47 PM (IST)

    सफाईकर्मियों की नियुक्ति के मुद्दे को लेकर धरने पर बैठे मंत्री

    मंत्री जयपुर: 12 अगस्त- राजस्थान के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के मुद्दे पर बुधवार को अलवर नगर निगम कार्यालय परिसर में कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठ गए और जिलाधिकारी पर निशाना साधा। शर्मा ने कहा कि जब तक सफाई कर्मचारियों को नियुक्तिपत्र नहीं मिल जाते और उनकी नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक वह धरना स्थल से नहीं उठेंगे। मंत्री ने सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति में कथित देरी को लेकर जिलाधिकारी और नगर निगम आयुक्त के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। वहीं, राज्य के कांग्रेस नेताओं ने इस घटनाक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह भाजपा शासन में प्रशासनिक तंत्र के ‘‘पूरी तरह चरमरा जाने का सबूत है।’’

  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 02:28 PM (IST)

    NEET पेपर लीक मामले में 13 आरोपियों पर CBI की 20 हजार पन्नों की चार्जशीट, कल तय होंगे आरोप

    NEET UG पेपर लीक मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने CBI की चार्जशीट पर संज्ञान लिया है. CBI ने इस मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ करीब 20,000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. अब अदालत ने आरोप तय करने को लेकर दलीलों की सुनवाई के लिए मामले को कल सूचीबद्ध किया है. अदालत में होने वाली अगली सुनवाई के बाद यह तय होगा कि आरोपियों के खिलाफ किन धाराओं में आरोप तय किए जाएंगे. मामले की जांच CBI कर रही है.

  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 02:16 PM (IST)

    FCRA संशोधन विधेयक पर बनी संसद की संयुक्त समिति, लोकसभा से 21 और राज्यसभा से 10 सदस्य होंगे

    FCRA संशोधन विधेयक की जांच के लिए संसद की संयुक्त समिति का गठन किया जाएगा. समिति में कुल 31 सदस्य होंगे, जिनमें लोकसभा के 21 और राज्यसभा के 10 सदस्य शामिल होंगे. यह समिति विधेयक के विभिन्न प्रावधानों की समीक्षा करेगी और अपनी रिपोर्ट संसद के सामने रखेगी. FCRA यानी विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम से जुड़े इस संशोधन विधेयक पर समिति की जांच के बाद आगे की संसदीय प्रक्रिया तय होगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 01:58 PM (IST)

    राम मंदिर पर जब भाजपा ने राजनीतिक लाभ उठाया तब राज्य का विषय नहीं था: प्रियंका

    नयी दिल्ली: 12 अगस्त- कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को कहा कि सरकार राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी से जुड़े सवालों का जवाब देने से यह कहते हुए इनकार कर रही है कि यह राज्य का विषय है, जबकि लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंदिर के नाम पर राजनीतिक लाभ उठाने में कोई हिचक नहीं दिखाई थी। मानसून सत्र के आखिरी चरण में भी संसद में जारी गतिरोध के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि सरकार को जनता के प्रति जिम्मेदारी का अहसास नहीं है, क्योंकि संसद ही वह मंच है जहां उसे सवालों के जवाब देने और बयान देने होते हैं। (भाषा)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 01:47 PM (IST)

    मानदेय वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल जारी

    अमरावती: 12 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश में रेजिडेंट डॉक्टरों ने 30 प्रतिशत मानदेय बढ़ाने की मांग तथा एमएससी एवं पीएचडी धारकों की नियुक्ति और सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में बुधवार को भी अपनी हड़ताल जारी रखी। आंध्र प्रदेश जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (एपीजेयूडीए) ने कहा कि सरकार ने उनका मानदेय तीन प्रतिशत बढ़ाने की पेशकश की है, जो "अस्वीकार्य" है। एपीजेयूडीए ने कहा, “हम 30 प्रतिशत मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल जारी रखे हुए हैं। साथ ही हम एमएससी और पीएचडी धारकों की नियुक्ति तथा सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष किए जाने के प्रस्ताव का भी विरोध कर रहे हैं।”

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 01:34 PM (IST)

    शाह का ‘लेक्चर’ सुनने में दिलचस्पी नहीं, सिर्फ यह बताएं कि ‘गोली चलाने’ का आदेश किसने दिया- राहुल गांधी

    नयी दिल्ली: 12 अगस्त - लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर उन पर निशाना साधा और कहा कि विपक्ष को उनका ‘‘लेक्चर’’ सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं है, बल्कि उन्हें सिर्फ यह बताना चाहिए कि दिल्ली में छात्रों पर ‘‘गोली चलाने’’ का आदेश किसने दिया था.

    उन्होंने कहा कि यदि शाह ने आदेश दिया था तो वह दोषी हैं और यदि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी तो ‘अक्षम’ हैं तथा इन दोनों ही परिस्थितियों में उन्हें इस्तीफा देना चाहिए.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 01:17 PM (IST)

    तमिलनाडु के हिस्से का कावेरी का पानी तत्काल जारी करने संबंधी याचिका पर 17 अगस्त को सुनवाई: न्यायालय

    नयी दिल्ली: 12 अगस्त - उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को कहा कि तमिलनाडु के हिस्से का कावेरी नदी का पानी तत्काल छोड़ने का कर्नाटक को निर्देश देने के अनुरोध वाली तमिलनाडु सरकार, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और अन्य की याचिकाओं पर 17 अगस्त को सुनवाई होगी.

    प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची एवं न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने इससे पहले कहा था कि तमिलनाडु सरकार की याचिका पर बृहस्पतिवार यानी 13 अगस्त को सुनवाई होगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 01:09 PM (IST)

    मैं झारखंड मुद्दे पर चुप नहीं हूं और हम छात्रों के खिलाफ कोई भी हिंसा की सराहना नहीं करते हैं- राहुल गांधी

    दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने झारखंड के मुद्दे पर कहा,"मैं झारखंड के मुद्दे पर चुप नहीं हूं और प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट कर दिया है कि हम छात्रों के खिलाफ कोई भी हुए हिंसा की सराहना नहीं करते हैं। मैं चुप नहीं हूं खुलकर बोल रहा हूं"

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 12:57 PM (IST)

    कानपुर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो भाइयों को 20-20 साल की सजा

    कानपुर (उप्र): 12 अगस्त - कानपुर की एक अदालत ने 2021 में इटावा में एक शादीशुदा महिला को करीब तीन माह तक बंधक बनाकर उससे सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में दो भाइयों को 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है.

    अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इस अपराध में अपने बेटों की मदद करने की आरोपी महिला को भी अदालत ने दोषी ठहराते हुए चार साल के कारावास की सजा सुनाई.

    अपर मुख्य शासकीय अधिवक्ता जितेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि यशोदा नगर निवासी महिला 13 मार्च 2021 को अपने दो वर्षीय बेटे के साथ राशन कार्ड के लिए आवेदन करने गोविंद नगर स्थित आपूर्ति कार्यालय गई थी तभी इटावा निवासी अनवार और उसके भाई छोटू ने कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 12:47 PM (IST)

    मुंबई में भूस्खलन से छह लोगों की मौत, चार घायल; महापौर ने सहायता राशि की घोषणा की

    मुंबई: 12 अगस्त -  मुंबई के घाटकोपर इलाके में बुधवार तड़के भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में तीन बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन की घटना तड़के तीन बजकर 48 मिनट पर चिराग नगर के अशोक नगर स्थित गौसिया चॉल में हुई. (भाषा)

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 12:35 PM (IST)

    महाराष्ट्र: चुनाव खर्च का समय पर ब्योरा न देने पर नांदेड़ स्थानीय निकायों के 44 सदस्य अयोग्य घोषित

    नांदेड़: 12 अगस्त - महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में चुनाव खर्च का ब्योरा निर्धारित समयसीमा के भीतर जमा नहीं कराने पर 44 उम्मीदवारों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है और वे तीन साल तक नगर निकाय का चुनाव नहीं लड़ पाएंगे. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. जिले की 12 नगर परिषदों और एक नगर पंचायत के लिए 2025 में हुए चुनावों के बाद यह कार्रवाई की गई है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    12 Aug 2026 12:18 PM (IST)

    ओडिशा में 17 अगस्त तक भारी बारिश के आसार, तेज हवाएं चलने का अलर्ट

    भुवनेश्वर: 12 अगस्त - बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव वाला नया क्षेत्र बनने से ओडिशा में 17 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। आईएमडी ने सुबह जारी बुलेटिन में कहा कि यह मौसमी प्रणाली अगले 48 घंटों के दौरान और अधिक सक्रिय हो सकती है तथा उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकती है।

    बुलेटिन के अनुसार, ‘‘उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में कल बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से आज (बुधवार) सुबह साढ़े पांच बजे पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना।’’ भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने एक अन्य बुलेटिन में कहा कि राज्य में अगले पांच से छह दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।

  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 12:09 PM (IST)

    तमिलनाडु विधानसभा में डिलिमिटेशन के खिलाफ प्रस्ताव पास, केंद्र के फैसले पर उठे सवाल

    तमिलनाडु विधानसभा ने डिलिमिटेशन के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया है. विधानसभा में यह प्रस्ताव राज्य की मौजूदा राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था पर परिसीमन के संभावित असर को लेकर लाया गया. राज्य सरकार का कहना है कि परिसीमन के दौरान जनसंख्या के आधार को जिस तरह इस्तेमाल किया जाएगा, उससे दक्षिणी राज्यों के हित प्रभावित हो सकते हैं.

  • Posted By: Isha Gupta

    12 Aug 2026 11:56 AM (IST)

    जल जीवन मिशन पर CM धामी की बड़ी बैठक, हर घर नल के पानी को लेकर लिया अहम अपडेट

    देहरादून में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में जल जीवन मिशन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में राज्य में हर घर तक नल से पानी पहुंचाने की योजना की प्रगति और इससे जुड़े जरूरी मुद्दों पर चर्चा की गई. सरकार का फोकस ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में पेयजल सुविधा मजबूत करने पर है. मुख्यमंत्री ने योजना के काम को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने और लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 11:36 AM (IST)

    एयर इंडिया घटना पर मनीष तिवारी बोले- मामला गंभीर, DGCA को संवेदनशीलता से लेना चाहिए

    कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने एयर इंडिया की घटना को गंभीर बताया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी रिपोर्ट नहीं देखी है, लेकिन अगर सामने आ रही जानकारी सही है तो DGCA को मामले को गंभीरता से लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया विमान की रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हुई है, इसलिए इस पूरे मामले को संवेदनशीलता के साथ देखने की जरूरत है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 11:25 AM (IST)

    संजय राउत बोले- राम मंदिर चंदे और छात्रों पर पैलेट गन के मुद्दे पर हो चर्चा

    शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अमित शाह को इस्तीफा देना पड़ेगा. राउत ने कहा कि राम मंदिर के चंदे और छात्रों के खिलाफ पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया, इन दोनों मुद्दों पर सदन में चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर 15 दिनों से संसद में हंगामा हो रहा है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 11:08 AM (IST)

    FCRA बिल पर अखिलेश यादव का सरकार पर निशाना, बोले- अल्पसंख्यकों को दबाने के लिए ला रहे बिल

    सपा सांसद अखिलेश यादव ने FCRA बिल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार यह बिल केवल अल्पसंख्यकों को दबाने और अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए लाना चाहती है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 10:51 AM (IST)

    प्रियंका गांधी ने अमित शाह पर साधा निशाना, बोलीं- छात्रों पर कार्रवाई का जवाब दें

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब हजारों छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन का इस्तेमाल किया जाता है और बिहार में AK-47 चलने की घटनाएं होती हैं, तो सरकार की जनता के प्रति जवाबदेही बनती है. उन्होंने कहा कि विपक्ष इन मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगा और सरकार से जवाब मांगेगा.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 10:40 AM (IST)

    2019 में ग्रामीण आंध्र प्रदेश के कृषि परिवारों की औसत मासिक आय 10,480 रुपये थी

    केंद्रीय कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 2019 में ग्रामीण आंध्र प्रदेश के कृषि परिवारों की औसत मासिक आय 10,480 रुपये थी. वहीं, 2018-19 में राज्य के 93.2 फीसदी कृषि परिवार कर्ज में थे. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने लोकसभा में मछलीपट्टनम के सांसद वल्लभनेनी बालाशौरी के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी. सांसद ने किसानों की आय, कर्ज की स्थिति और उनकी कमाई बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों को लेकर सवाल पूछा था.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 10:26 AM (IST)

    सांसद प्रमोद तिवारी बोले- गृह मंत्री सदन में आएं और छात्रों पर कार्रवाई का जवाब दें

    कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि गृह मंत्री का सदन में आना उनका संवैधानिक दायित्व है. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री सदन में आएं और छात्रों के साथ हुए कथित अत्याचार पर जवाब दें. साथ ही उन्होंने चंदे से जुड़े आरोपों पर भी सरकार से जवाब देने की मांग की..

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 10:10 AM (IST)

    पीएम मोदी बोले- कोविंद जी के संघर्षों की जीत भारतीय गणतंत्र की है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की किताब ‘ट्रायम्फ ऑफ द इंडियन रिपब्लिक: माय लाइफ, माय स्ट्रगल्स’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस किताब का नाम बिल्कुल सटीक है. उन्होंने कहा कि कोविंद जी के जीवन में आए संघर्ष भले ही व्यक्तिगत रहे हों, लेकिन उन संघर्षों से मिली जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि भारतीय गणतंत्र और लोकतंत्र की जीत है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 09:53 AM (IST)

    छत्तीसगढ़ राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ने जताई नाराजगी

    छत्तीसगढ़ राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ने चीन में भारतीय चावल की खेपों को GMO बताकर खारिज किए जाने का मुद्दा उठाया है. एसोसिएशन ने कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के चेयरमैन अभिषेक देव को पत्र लिखकर चीन के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ कस्टम्स (GACC) से बातचीत कर इस मामले को सुलझाने की मांग की है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 09:35 AM (IST)

    FCRA बिल पर राम गोपाल यादव बोले- इसे नहीं लाना चाहिए था

    SP सांसद राम गोपाल यादव ने FCRA बिल का विरोध किया. उन्होंने कहा कि झारखंड, गुजरात और देश के कई आदिवासी इलाकों में मिशनरी और NGO के जरिए लंबे समय से काम हो रहे हैं. उनके मुताबिक, इन संगठनों ने गरीबों और उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई समेत कई सुविधाओं के लिए काम किया है. यादव ने कहा कि FCRA बिल आने से इन कामों पर असर पड़ सकता है. राम मंदिर चंदे के मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मुद्दा खत्म नहीं हो सकता.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 09:19 AM (IST)

    चीन ने 7 भारतीय चावल निर्यातकों का रजिस्ट्रेशन रद्द किया, GMO का लगाया आरोप

    चीन ने जेनेटिकली मॉडिफाइड ऑर्गेनिज्म (GMO) की मौजूदगी का आरोप लगाते हुए 7 भारतीय चावल निर्यातकों का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है. इसके साथ ही चीन और भारत के बीच इन कंपनियों के जरिए चावल का कारोबार फिलहाल रुक गया है. चीन ने इस साल की शुरुआत में इनमें से 3 कंपनियों को पहले ही निलंबित कर दिया था.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 09:08 AM (IST)

    चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब शक्कर, गुड़ और ब्राउन शुगर के दाम भी तेजी से बढ़ गए

    चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब शक्कर, गुड़ और ब्राउन शुगर के दाम भी तेजी से बढ़ गए हैं. खासकर पंजाब में महंगाई का असर कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रहा है. पिछले एक महीने में शक्कर, गुड़ और ब्राउन शुगर की कीमतों में करीब 10 से 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है. इससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है. विशेषज्ञों का कहना है कि कीमतों में इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर मिठाई कारोबारियों पर पड़ सकता है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 08:52 AM (IST)

    बांसुरी स्वराज बोलीं- तिरंगा 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प की शक्ति का प्रतीक

    बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि तिरंगा सिर्फ भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प और शक्ति का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने आजाद भारत का सपना देखा था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का संकल्प लिया है, जिसे देश का युवा पूरा करेगा.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 08:35 AM (IST)

    इस साल देश में कपास का आयात रिकॉर्ड 62 लाख गांठ तक पहुंचने का अनुमान

    कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मुताबिक, इस साल देश में कपास का आयात रिकॉर्ड 62 लाख गांठ तक पहुंचने का अनुमान है. जुलाई के अंत तक 54 लाख गांठ कपास का आयात हो चुका है, जबकि सितंबर के अंत तक 8 लाख गांठ और आने की उम्मीद है. CAI क्रॉप कमेटी के चेयरमैन अतुल एस. गनात्रा के मुताबिक, पिछले दो-तीन दशकों में भारत का सालाना कपास आयात आमतौर पर 15-20 लाख गांठ के बीच रहा है. लेकिन पिछले साल आयात बढ़कर 41 लाख गांठ हो गया था. पिछले दो साल में रिकॉर्ड आयात के चलते इस साल कपास का क्लोजिंग स्टॉक भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान है. फिलहाल इस साल अक्टूबर के अंत तक कपास के आयात पर कोई शुल्क नहीं लग रहा है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 08:20 AM (IST)

    रिकॉर्ड आयात से बढ़ा कपास का स्टॉक, नए सीजन में 93.59 लाख गांठ रहने का अनुमान

    नए फसल वर्ष 2026-27 की शुरुआत देश में कपास के रिकॉर्ड स्टॉक के साथ होने का अनुमान है. कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (CAI) के मुताबिक, अक्टूबर से शुरू होने वाले नए सीजन में शुरुआती स्टॉक 93.59 लाख गांठ (एक गांठ 170 किलो) रह सकता है. यह पिछले सीजन के 55.59 लाख गांठ के मुकाबले करीब 68 फीसदी ज्यादा है. रिकॉर्ड आयात के चलते कपास का स्टॉक बढ़ा है. CAI के ताजा अनुमान के मुताबिक, सितंबर में खत्म होने वाले मौजूदा फसल वर्ष 2025-26 के अंत में भी कपास का स्टॉक 93.59 लाख गांठ रह सकता है. यह पिछले साल के मुकाबले 38 लाख गांठ ज्यादा है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 08:08 AM (IST)

    आंध्र प्रदेश में 51.8 फीसदी कम बारिश, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चिंता जताई

    आंध्र प्रदेश में इस सीजन 51.8 फीसदी कम बारिश होने पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चिंता जताई है. उन्होंने अधिकारियों को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कृषि समेत दूसरे उत्पादों में वैल्यू एडिशन बढ़ाने के लिए कंटिजेंसी प्लान तैयार करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और ग्रोथ से जुड़े ऐसे कदम उठाए जाएं, जिनसे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े. उन्होंने इस मुद्दे की समीक्षा के लिए एक समिति बनाने का सुझाव भी दिया. नायडू ने अधिकारियों को जिला, विधानसभा क्षेत्र और मंडल स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग रिपोर्ट तैयार करने को कहा, ताकि किसी भी समस्या पर समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें और योजनाओं को जमीन पर बेहतर तरीके से लागू किया जा सके. बैठक में वित्त एवं योजना विभाग के प्रमुख सचिव पीयूष कुमार, योजना विभाग के कार्यकारी निदेशक वी.आर. अलपार्थी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 07:50 AM (IST)

    आंध्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था ने दूसरी तिमाही में 10.7 फीसदी की वृद्धि दर्ज की

    आंध्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था ने 2025-26 की दूसरी तिमाही में 10.7 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है. खास बात यह है कि इस दौरान अल नीनो के असर से राज्य में बारिश कम हुई थी. इसके बावजूद राज्य की आर्थिक विकास दर राष्ट्रीय औसत से ऊपर रही. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को मंगलवार को योजना विभाग ने जुलाई 2026 की मासिक आर्थिक रिपोर्ट सौंपी. रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य की वास्तविक GSDP ग्रोथ 2023-24 में 6.5 फीसदी से बढ़कर 2025-26 में 9.9 फीसदी हो गई है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 07:35 AM (IST)

    शाहनवाज हुसैन बोले- FCRA बिल देश के हित में, विपक्ष बिना पढ़े कर रहा विरोध

    भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने FCRA बिल को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने बिल को पढ़े बिना ही इसके खिलाफ राय बना ली है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आदत है कि देश के हित में आने वाले हर बिल को लेकर भ्रम फैलाया जाए और उसका विरोध किया जाए. शाहनवाज हुसैन ने कहा कि विपक्ष संसद की कार्यवाही रोकने के लिए कोई न कोई वजह तलाशता रहता है. उन्होंने दावा किया कि FCRA बिल देश के हित में है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 07:20 AM (IST)

    दिल्ली में 12 अगस्त को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

    दिल्ली में 12 अगस्त को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान  29 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं, उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, बहराइच, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, शाहजहांपुर, रामपुर, उन्नाव, प्रयागराज, देवरिया और गोरखपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. इन इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    12 Aug 2026 07:05 AM (IST)

    12 अगस्त को 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी

    देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 अगस्त को 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कुछ इलाकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. वहीं, पूर्वी राज्यों के कई हिस्सों में तेज गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Agriculture News in Hindi Live Updates: केरल में मॉनसून के प्रवेश करने के बाद से मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. तटीय राज्यों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की जा रही है. जबकि, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में बारिश और गर्मी (Heat Wave) के मिलेजुले मौसम ने लोगों को परेशान कर रखा है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) के कुछ हिस्सों में बदली के चलते तापमान कम हुआ है तो कई जगह चटख धूप तेवर दिखा रही है. दिल्ली एनसीआर में मौसम हर रोज बदल रहा है. (Delhi Weather Latest Updates). वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं और बारिश का दौर जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में तेज धूप से सुबह-शाम तापमान तीजे से ऊपर जा रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 24वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 23rd Installment), एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और खरीफ सीजन (Kharif Season) की फसलों की बुवाई शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today

Published: 12 Aug, 2026 | 07:02 AM