Agriculture News in Hindi Live Updates: मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों में शीतलहर (Cold Wave) चल रही है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) में बारिश और सुबह कोहरे की स्थिति बनी हुई है. दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण (Delhi Air Pollution Latest Updates) कम हुआ है, लेकिन अभी भी साफ हवा का स्तर कमजोर है. वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में ठंडी हवाओं से सुबह-शाम तापमान नीचे लुढ़क रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 23वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 23rd Installment) एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और रबी सीजन (Rabi Season) की फसलों की बुवाई और के बाद अब एमएसपी पर फसलों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today
Todays Top News List: विदिशा में 147 गेहूं खरीद केंद्रों पर 3100 स्लॉट बुक, दिल्ली में लू और भीषण गर्मी का अलर्ट, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें
Agriculture News in Hindi: जयपुर मौसम केंद्र ने राजस्थान में इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दौरान होने वाली बारिश के सामान्य से कम होने की संभावना व्यक्त की है. दीर्घकालीक पूर्वानुमान में कहा गया कि इस बार मॉनसून की बारिश 92 प्रतिशत रहने की संभावना है. विभाग ने कहा है कि मॉनसून अवधि में अलनीनो जैसी स्थितियां विकसित होने के भी आसार हैं. इस बीच, राजस्थान में गर्मी का असर बढ़ने लगा है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.
-
Posted By: Isha Gupta
ऋषिकेश में बड़ा खुलासा! फर्जी दस्तावेजों के साथ बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार
ऋषिकेश, उत्तराखंड में नियमित जांच के दौरान पुलिस ने एक बांग्लादेशी महिला को फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी की पहचान रीना (उर्फ रीता) के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के ढाका स्थित शरियतपुर जिले की रहने वाली बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
-
Posted By: Isha Gupta
नोएडा में सामान्य हुआ कामकाज! सैलरी हाइक और हिंसा पर पुलिस का बड़ा बयान
नोएडा (उत्तर प्रदेश) में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि सभी फैक्ट्रियों में सुबह 6 बजे से काम फिर से सामान्य हो गया है और मजदूर अपनी पूरी शिफ्ट में काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मजदूरों की तनख्वाह में अभी के लिए थोड़ी बढ़ोतरी की गई है और एक वेतन बोर्ड बनाने का फैसला भी लिया गया है, जो सरकार को आगे सुझाव देगा. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अब तक 10 मामले दर्ज किए गए हैं और जो लोग हिंसा भड़का रहे थे, उनकी जांच की जा रही है.
-
Posted By: Isha Gupta
गेहूं खरीद में तेजी! विदिशा में 147 केंद्रों पर 3100 स्लॉट बुक, किसानों के लिए आसान हुई व्यवस्था
विदिशा जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का काम तेजी से चल रहा है. किसानों की सुविधा के लिए स्लॉट बुकिंग सिस्टम लागू किया गया है, जिससे भीड़ और इंतजार की परेशानी कम हो रही है.
15 अप्रैल के लिए जिले के 147 उपार्जन केंद्रों पर कुल 3100 स्लॉट बुक किए गए हैं. इससे किसान तय समय पर पहुंचकर आसानी से अपनी फसल बेच पा रहे हैं.
कलेक्टर अंशुल गुप्ता की निगरानी में पूरी प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित स्लॉट के अनुसार ही केंद्र पर आएं और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
-
Posted By: Isha Gupta
जल्द आएंगे गृहमंत्री! खराब मौसम से दार्जिलिंग दौरा टला, BJP ने दिया बड़ा आश्वासन
खराब मौसम के कारण केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का दार्जिलिंग दौरा स्थगित हो गया. इस पर दार्जिलिंग से BJP सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि गृह मंत्री ने भरोसा दिया है कि वे जल्द क्षेत्र का दौरा करेंगे. उन्होंने बताया कि सिमलाबारी (सुकना) में रैली होगी और सिलीगुड़ी में उनका कार्यक्रम तय है. साथ ही उन्होंने दार्जिलिंग क्षेत्र के स्थायी समाधान और विकास परियोजनाओं का भी आश्वासन दिया.
-
Posted By: Isha Gupta
चार शादी पर लगेगा ब्रेक! अमित शाह का बड़ा बयान, लव-जिहाद और लैंड-जिहाद पर सख्त रुख
पश्चिम बंगाल में एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अगर राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है तो कोई भी चार शादियां नहीं कर पाएगा. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार लव जिहाद और लैंड जिहाद दोनों पर सख्ती से रोक लगाएगी. शाह के इस बयान ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है और चुनावी बहस तेज हो गई है.
-
Posted By: Isha Gupta
बिहार कैबिनेट में बड़ा बंटवारा! सीएम के पास 29 विभाग, दोनों डिप्टी CM को मिले अहम मंत्रालय
बिहार में नई सरकार के तहत कैबिनेट विभागों का बंटवारा तय हो गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास कुल 29 विभाग हैं, जिनमें गृह, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन, कला एवं संस्कृति और खेल जैसे अहम मंत्रालय शामिल हैं.
वहीं डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को 10 विभाग मिले हैं, जिनमें जल संसाधन, अल्पसंख्यक कल्याण, शिक्षा, उच्च शिक्षा, परिवहन और ग्रामीण विकास शामिल हैं. दूसरे डिप्टी सीएम बृजेंद्र प्रसाद यादव के पास 8 विभाग हैं, जिनमें ऊर्जा और वित्त जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय शामिल किए गए हैं.
-
Posted By: Isha Gupta
दिल्ली में लू का अलर्ट! 38 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा पारा, 4 दिन का मौसम रहेगा ऐसा, जानें
दिल्ली में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 से 18 अप्रैल 2026 तक आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन गर्मी लगातार बढ़ेगी. 15 अप्रैल को तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और तेज उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी. 16 और 17 अप्रैल को पारा 41–42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से काफी अधिक है. 18 अप्रैल को भी गर्मी बरकरार रहेगी और आंशिक बादल छा सकते हैं. दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
-
Posted By: Isha Gupta
‘नमो रोडशो में श्रद्धांजलि!’ पीएम मोदी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को किया नमन
तमिलनाडु के कन्याकुमारी के नागरकोइल में रोडशो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में यह पल खास माना गया. इस दौरान भारी भीड़ उमड़ी और चुनावी माहौल के बीच यह कदम राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है.
-
Posted By: Isha Gupta
बिहार के नए CM सम्राट चौधरी की पत्नी ममता ने बिहार की जनता को कहा धन्यवाद
पटना में नए बिहार CM सम्राट चौधरी की पत्नी ममता ने लोगों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि वह बिहार की जनता को धन्यवाद देती हैं और सभी को अपनी शुभकामनाएं देती हैं. यह उनका मुख्यमंत्री बनने के बाद परिवार की ओर से पहला सार्वजनिक बयान माना जा रहा है.
-
Posted By: Isha Gupta
‘संविधान ममता के हिसाब से चलेगा?’ राजनाथ सिंह का बड़ा हमला, आंकड़ों से घेरा बंगाल सरकार को
दक्षिण दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि क्या कानून और संविधान ममता की मर्जी से चलेगा? 15 साल में विकास के बजाय विनाश हुआ है. सिंह ने आरोप लगाया कि नॉर्थ बंगाल को सिर्फ 900 करोड़ मिले, जबकि मदरसों के लिए 5,000 करोड़ दिए गए, जिससे युवाओं को नुकसान हुआ है.
-
Posted By: Isha Gupta
रोडशो में उमड़ा जनसैलाब! चुनाव से पहले राजनाथ सिंह की ताकत का बड़ा प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विधानसभा चुनाव से पहले भव्य रोडशो किया. इस दौरान सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जो मजबूत जनसमर्थन का संकेत मानी जा रही है. समर्थकों ने जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत किया, जिससे चुनावी माहौल और भी गर्म हो गया है.
-
Posted By: Isha Gupta
CBSE का बड़ा ऐलान! 10वीं बोर्ड रिजल्ट 2026 जारी, स्टूडेंट्स में उत्साह
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आज 15 अप्रैल को कक्षा 10वीं का रिजल्ट 2026 घोषित कर दिया है. बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए छात्र अब अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर चेक कर सकते हैं. इसके अलावा DigiLocker और UMANG ऐप के जरिए भी आसानी से रिजल्ट देखा जा सकता है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
बिहार मोदी-नीतीश मॉडल पर चलेगा: CM चौधरी; तेजस्वी ने उन पर 'चुने हुए CM' होने का तंज कसा
पटना: (15 अप्रैल) बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार का शासन "मोदी-नीतीश मॉडल" पर चलेगा। इस मौके पर NDA नेताओं की ओर से उन्हें बधाई संदेश मिले, जिन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राज्य तेज़ी से तरक्की करेगा.
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने चौधरी को मुख्यमंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. यह शपथ ग्रहण समारोह नीतीश कुमार के इस्तीफ़ा देने के ठीक एक दिन बाद हुआ; नीतीश कुमार ने सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने के बाद इस्तीफा दिया था.
शपथ ग्रहण समारोह के बाद नए मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं राज्य की समृद्धि के लिए तुरंत काम शुरू करूंगा. यह बात बिल्कुल साफ़ रहनी चाहिए कि बिहार का शासन आगे भी मोदी-नीतीश मॉडल पर ही चलता रहेगा.
-
Posted By: Isha Gupta
‘टेक और सत्ता का संगम!’ गोरखनाथ मंदिर में CM योगी और टाटा चेयरमैन की खास पूजा
गोरखपुर (यूपी) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान दोनों ने मंदिर में दर्शन किए और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की.
-
Posted By: Isha Gupta
चाय बागान मजदूरों की सैलरी बढे़गी, जल्पेश मंदिर को 50 करोड़! जलपाईगुड़ी में अमित शाह के बड़े चुनावी वादे
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कई बड़े ऐलान किए. उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के 2.5 साल के भीतर चाय बागान मजदूरों की सैलरी 500 रुपये से ज्यादा बढ़ाई जाएगी. साथ ही जल्पेश मंदिर के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे. शाह ने यह भी वादा किया कि राजबंशी भाषा को 8वीं अनुसूची में शामिल किया जाएगा.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
CM सुक्खू ने क्लास I और क्लास II अधिकारियों के लिए 3 प्रतिशत वेतन कटौती वापस लेने की घोषणा की
शिमला: (15 अप्रैल) मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को हिमाचल दिवस के अवसर पर क्लास I और क्लास II अधिकारियों के लिए तीन प्रतिशत वेतन कटौती वापस लेने की घोषणा की.
किन्नौर जिले के रिकांग पियो में आयोजित एक समारोह के दौरान 79वें हिमाचल दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और मार्च पास्ट की सलामी लेने वाले CM सुक्खू ने कहा कि 1 जनवरी, 2016 और 31 दिसंबर, 2021 के बीच रिटायर हुए क्लास IV कर्मचारियों की बकाया ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट, जिसमें 50 करोड़ रुपये का खर्च शामिल है, का भुगतान मई तक कर दिया जाएगा.
उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव, DGP और वरिष्ठ अधिकारियों के वेतन में 30 प्रतिशत और 20 प्रतिशत की अस्थायी कटौती जारी रहेगी.
-
Posted By: Isha Gupta
वित्त मंत्री का सादगी वाला अंदाज! निर्मला सीतारमण ने बुनकर के घर खाया खाना, देखें
अंबिका कालना, पूर्बा बर्धमान (पश्चिम बंगाल): केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तांत बुनकर सुकुमार हलधर के घर पहुंचकर उनके साथ सादगी भरा भोजन किया. इस दौरान उन्होंने बुनकर परिवार से बातचीत की और उनके कामकाज व जीवन से जुड़ी बातें जानीं.
#WATCH अंबिका कालना, पूर्बा बर्धमान (पश्चिम बंगाल): केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तांत बुनकर सुकुमार हलधर के साथ उनके घर पर भोजन किया। pic.twitter.com/ERKajY36vC
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 15, 2026
-
Posted By: Isha Gupta
‘पीठ में छुरा!’ AAP में बगावत? राघव चड्ढा पर गंभीर आरोप, ED रेड से मचा तूफान
दिल्ली में AAP सांसद अशोक मित्तल पर ED की छापेमारी को लेकर सियासत गरमा गई है. पार्टी नेता प्रियंका कक्कड़ ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि यह कार्रवाई राघव चड्ढा के इशारे पर हुई है. उन्होंने दावा किया कि चड्ढा ने हाल ही में एक बड़े BJP नेता से मुलाकात की थी. कक्कड़ ने इसे “पीठ में छुरा घोंपने” जैसा बताया और कहा कि पार्टी ने ही उन्हें आम कार्यकर्ता से संसद तक पहुंचाया था.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
पंजाब में जालंधर और फगवाडा में लवली ग्रुप के कई परिसरों में ईडी छापेमारी जारी
प्रवर्तन निदेशालय पंजाब में जालंधर और फगवाडा में लवली ग्रुप के कई परिसरों में आज छापेमारी कर रहा है. आम आदमी पार्टी के सांसद अशोक मित्तल इस ग्रुप के प्रमुख हैं, जिन्हें हाल ही मे राज्यसभा में पार्टी का उपनेता बनाया गया है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
मंजूरी और फंड जारी करने में हो रही देरी से सिस्टम में असमानता का एहसास होता है: सिद्धारमैया ने PM से कहा
बेंगलुरु: (15 अप्रैल) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन सौंपा. इसमें उन्होंने 18 मुद्दों पर उनके दखल की मांग की, जिनमें कर्नाटक की 56 प्रतिशत आरक्षण नीति को संवैधानिक सुरक्षा देना और घाटा अनुदान जारी करना शामिल है. सिद्धारमैया ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार की ओर से राज्य को मंजूरी देने और फंड जारी करने में बार-बार हो रही देरी से सिस्टम में असमानता का एहसास होता है.
CM ने PM से मांग की कि वे दखल देकर कर्नाटक के अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए 56 प्रतिशत आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करवाएं, और कुछ OBCs को ST की केंद्रीय सूची में शामिल करवाएं.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बस पलटने से 6 श्रद्धालुओं की मौत, 21 घायल
चंडीगढ़: (15 अप्रैल) पुलिस ने बुधवार को बताया कि पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में आनंदपुर साहिब से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस पलट गई, जिससे छह लोगों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए.
यह घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे बस्सी पठाना के मोरिंडा-चुन्नी रोड इलाके में हिम्मतपुरा के पास हुई. उस समय श्रद्धालु—जो सभी फतेहगढ़ साहिब के मेन माजरी के रहने वाले थे—बैसाखी के मौके पर आनंदपुर साहिब (रूपनगर जिला) में मत्था टेककर लौट रहे थे. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी तकनीकी खराबी के कारण बस सड़क पर पलट गई.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
आंध्र प्रदेश में गैस सिलेंडर फटने से तीन लोगों की मौत, दो मकान ढहे
पुट्टपर्थी (आंध्र प्रदेश): (15 अप्रैल) एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को आंध्र प्रदेश के श्री सत्यसाई जिले में गैस सिलेंडर फटने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई. पुलिस अधीक्षक एस. सतीश के अनुसार, एक ज़ोरदार धमाके के कारण कमरावारीपल्ली गांव में दो घर ढह गए. सतीश ने PTI को बताया, "कादिरी मंडल के कमरावारीपल्ली गांव में दोपहर करीब 12.30 बजे एक घर में गैस सिलेंडर फटने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई."
-
Posted By: रिजवान नूर खान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
इंदौर में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार फैसले ले रही है, जिनमें लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का संकल्प ऐतिहासिक कदम है.
मुख्यमंत्री ने तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं को मिली राहत और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि इंदौर देवी अहिल्याबाई होल्कर और लता मंगेशकर की कर्मभूमि है. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यशोदा माता, पन्नाधाय, अहिल्याबाई और रानी दुर्गावती के त्याग और बलिदान को याद कर इसे नारी शक्ति का प्रेरणास्रोत बताया.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा, 16 मजदूरों की मौत और 20 से ज्यादा बुरी तरह जख्मी
छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक के सिंघीतराई गांव में स्थित वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है. यहां बॉयलर का ट्यूब ब्लास्ट होने से 16 मजदूरों की मौत हो गई है. जिसकी पुष्टि एसपी प्रफुल ठाकुर ने की है. 20 से ज्यादा मजदूर झुलसे हैं, जिनमें से 5 से ज्यादा मजदूरों की हालत गंभीर हैं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. इधर, घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है. हालात को देखते हुए प्लांट को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और भारी पुलिस बल तैनात है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
लखनऊः BSP अध्यक्ष मायावती ने SC-ST, OBC महिलाओं के लिए मांगा अलग आरक्षण
बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने महिला आरक्षण बिल को लेकर बड़ा राजनीतिक दांव चला है. संसद के विशेष सत्र के दौरान पेश होने वाले इस बिल का स्वागत करते हुए महिलाओं को 33% की बजाय 50% आरक्षण दिया जाने की मांग की है.
मायावती ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि देश में बहुजन समाज, खासकर दलित और पिछड़ी जातियों की महिलाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय है. उन्होंने एससी, एसटी और ओबीसी महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की भी मांग की और कहा कि बिना इस व्यवस्था के दलित और पिछड़ी जातियों की महिलाएं लाभ से वंचित रह जाएंगी,
-
Posted By: रिजवान नूर खान
हाथी 'ओमकार' कुछ समय बाद गोवा लौटा, फसलें बर्बाद कीं, किसान परेशान
पेरनेम (गोवा): (14 अप्रैल) उत्तरी गोवा के पेरनेम तालुका के किसानों की रातों की नींद उड़ गई है, क्योंकि 'ओमकार' नाम का 10 साल का एक हाथी, जो कुछ समय क लिए चला गया था, अब वापस आकर उत्पात मचा रहा है और उनकी फ़सलों को बर्बाद कर रहा है.
वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को PTI को बताया कि यह हाथी गोवा-महाराष्ट्र सीमा से सटे मोपा और आस-पास के गांवों में काजू के बागानों और फलों के खेतों में घूम-घूमकर खाना खा रहा है. अधिकारी ने आगे बताया कि वे हाथी की हरकतों पर नज़र रखने और उसे और ज़्यादा नुकसान पहुंचाने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
बलिया में गेहूं बंटवारे को लेकर बेटे ने पिता की लाठी से पीटकर हत्या की, मां को भी घायल किया
बलिया (UP): (15 अप्रैल) पुलिस ने बुधवार को बताया कि यहां एक गांव में गेहूं के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद, कथित तौर पर बेटे ने अपने 75 वर्षीय पिता पर लाठी से हमला कर उनकी हत्या कर दी और मां को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
यह घटना रसड़ा थाना क्षेत्र के नत्थूपुर गांव में हुई, जहां महेंद्र चौहान का शव मिला. अधिकारियों ने बताया कि उसी समय शव के पास ही उनकी पत्नी शैला देवी (68) भी घायल अवस्था में मिलीं.
पुलिस उपाधीक्षक आलोक गुप्ता ने बताया कि पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
जैसे-जैसे लिस्ट से नाम गायब हो रहे हैं, मुर्शिदाबाद में चुनाव पहचान और वोट देने के अधिकार की लड़ाई बन गया है
समशेरगंज (WB): (15 अप्रैल) लाउडस्पीकर वाली गाड़ियां सड़कों पर घूम रही हैं, और हमेशा की तरह वही वादे दोहरा रही हैं -- नौकरियां, सड़कें और घर. लेकिन मुर्शिदाबाद ज़िले के प्रतापगंज गांव में एक कच्चे घर में, यह चुनाव पूरी तरह से पहचान और वोट देने के बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार को बचाने के बारे में है.
घर के बाहर चारपाई पर बैठे नौशाद अली बार-बार बदली हुई वोटर लिस्ट पर अपनी उंगली फेर रहे हैं. उनका नाम लिस्ट में है, और उनकी पत्नी का भी। लेकिन लिस्ट से जो नाम गायब है, वह है उनके बेटे राजू का, जो केरल के एक होटल में काम करता है. 60 साल के इस किसान ने बताया कि उनका बेटा कोच्चि जाने से पहले 2024 के आम चुनावों में वोट डाल चुका था.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
BJP के सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, JD(U) के दो नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली
पटना: (15 अप्रैल) BJP नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली. वह इस पद पर बैठने वाले भगवा पार्टी के पहले नेता हैं. राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (रिटायर्ड) ने यहां लोक भवन में चौधरी को मुख्यमंत्री के तौर पर और JD(U) के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को मंत्रिपरिषद के सदस्य के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. विजय कुमार चौधरी और यादव, दोनों ही नीतीश कुमार सरकार में मंत्रिपरिषद का हिस्सा थे. उन्हें JD(U) के मुखिया कुमार का करीबी माना जाता है.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
ग्रेटर नोएडा में यूनिवर्सिटी कर्मचारियों का प्रदर्शन, पिछली अशांति के बाद कड़ी निगरानी के बीच स्थिति शांत
नोएडा: (15 अप्रैल) ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके में एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों ने बुधवार को वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं, पुलिस ने बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण रही और प्रदर्शनकारियों से बातचीत के बाद इसे काबू में कर लिया गया. दादरी इलाके में शिव नादर यूनिवर्सिटी के प्रवेश द्वार के बाहर सड़क पर सैकड़ों पुरुष और महिला कर्मचारी धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर नारे लगाए. उन्होंने वेतन में बढ़ोतरी और ओवरटाइम के भुगतान को दोगुना करने के साथ-साथ अन्य मुद्दों पर भी मांगें रखीं.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
TVK प्रमुख विजय ने 23 अप्रैल के चुनावों में सत्ता में आने पर किसानों के फसल ऋण माफ करने का आश्वासन दिया
तिरुपपुर (तमिलनाडु): (14 अप्रैल) TVK प्रमुख विजय ने मंगलवार को किसानों के फसल ऋण माफ करने का आश्वासन दिया और राज्य में MSME के कथित रूप से बंद होने को लेकर DMK सरकार की आलोचना की.
यहाँ एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, विजय ने 5 एकड़ से कम ज़मीन वाले छोटे किसानों के लिए फसल ऋण पूरी तरह माफ करने और 5 एकड़ से अधिक ज़मीन वाले किसानों के लिए 50 प्रतिशत ऋण माफ करने का वादा किया. इसके अलावा, उन्होंने धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन देने का वादा किया.
-
Posted By: रिजवान नूर खान
BJP के सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली
पटना: (15 अप्रैल) BJP नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली. वह इस पद पर बैठने वाले भगवा पार्टी के पहले नेता हैं. राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (रिटायर्ड) ने चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. बिहार में सत्ताधारी NDA के शीर्ष नेता इस समारोह में शामिल हुए। NDA में BJP, JD(U) और तीन अन्य पार्टियां शामिल हैं. इनमें केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और चिराग पासवान, नीतीश कुमार और NDA के सभी विधायक शामिल थे.
नीतीश कुमार, जो अब राज्यसभा सांसद हैं, ने मंगलवार को मुख्यमंत्री का पद छोड़ दिया और अपनी कैबिनेट भंग कर दी. इस कैबिनेट में चौधरी उपमुख्यमंत्री थे और उनके पास गृह मंत्रालय जैसा अहम विभाग था. चौधरी, जो 2017 में BJP में शामिल हुए थे, को मंगलवार को विधायी दल का नेता चुना गया.
इस मौके पर BJP अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसे शीर्ष पदाधिकारी मौजूद थे. संसदीय बोर्ड ने शिवराज सिंह चौहान को इस सत्ता परिवर्तन के लिए "केंद्रीय पर्यवेक्षक" नियुक्त किया था.
-
Posted By: Kisan India
लोकभवन में जुटे दिग्गज नेता, शपथ ग्रहण से पहले सियासी हलचल तेज
पटना के लोकभवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर माहौल पूरी तरह से गरमा गया है. इस खास मौके पर रविशंकर प्रसाद, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और नित्यानंद राय जैसे कई बड़े नेता पहुंच चुके हैं. इसके अलावा वधेश नारायण सिंह, विजय चौधरी और अशोक चौधरी भी मौजूद है. नई सरकार के गठन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अब कुछ ही देर में शपथ के साथ बिहार में सत्ता का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है.
-
Posted By: Kisan India
राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, भगवंत मान ने साधा निशाना
पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर और उनसे जुड़े संस्थानों पर आज सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की. जालंधर और फगवाड़ा में कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई, जहां अधिकारियों ने वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की जांच शुरू की है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन से जुड़े मामले में की जा रही है. इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस कार्रवाई पर तंज कसते हुए इसे ‘टिपिकल मोदी स्टाइल’ बताया है. हाल ही में मित्तल को राज्यसभा में अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद इस कार्रवाई को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
-
Posted By: Kisan India
रोहिणी में देर रात भीषण आग, झुग्गियां जलकर खाक, एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत
दिल्ली के रोहिणी इलाके में देर रात बड़ा हादसा हो गया, जहां करीब आधा दर्जन झुग्गियों में भीषण आग लग गई. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों पति, पत्नी और 2 साल की बच्ची की मौत हो गई. आग रात करीब 1:25 बजे उस प्लॉट में लगी, जहां प्लास्टिक कबाड़ रखा हुआ था और आसपास झुग्गियां बनी थीं. मौके पर दमकल विभाग की 6 गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. फिलहाल पुलिस और राहत टीमें मौके पर मौजूद हैं और मामले की जांच जारी है.
-
Posted By: Kisan India
पंजाब में बड़ा हादसा: फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 की मौत
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक बस पलट गई. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 9 से 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. सभी श्रद्धालु आनंदपुर साहिब से बैसाखी मेले से लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि बस में तकनीकी खराबी आने के बाद वह बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है और इलाज जारी है. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
-
Posted By: Kisan India
हिसार-दिल्ली फ्लाइट सेवा फिर शुरू, 1 मई से बढ़ेगा हवाई किराया
हरियाणा के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से हिसार-दिल्ली हवाई सेवा 16 अप्रैल से दोबारा शुरू होने जा रही है, जो पिछले चार महीनों से बंद थी. हालांकि जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतों के कारण अब यात्रियों को ज्यादा किराया देना होगा, जो 1 मई 2026 से लागू होगा. नई व्यवस्था के तहत सप्ताह में शनिवार को छोड़कर छह दिन फ्लाइट्स संचालित होंगी और जयपुर, अयोध्या, चंडीगढ़ व दिल्ली के लिए अलग-अलग दिनों में उड़ानें उपलब्ध रहेंगी. एयरपोर्ट को हाल ही में नाइट लैंडिंग की अनुमति भी मिल चुकी है, लेकिन फिलहाल केवल दिन के समय ही उड़ानें संचालित की जा रही हैं.
-
Posted By: Kisan India
नई सरकार नीतीश कुमार के रास्ते पर चलेगी, जदयू ने दिया संदेश; दो डिप्टी सीएम भी जदयू से
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि नई सरकार कोनीतीश कुमार के दिखाए रास्ते पर ही काम करना होगा. उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़कर बड़ा त्याग किया है और अब सरकार को ‘7 निश्चय पार्ट-3’ योजना को आगे बढ़ाना चाहिए. साथ ही जदयू के दो वरिष्ठ नेता विजय चौधरी और विजेंद्र यादव डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेंगे. नीरज कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि निशांत कुमार सरकार में शामिल नहीं होंगे, हालांकि उनके इस फैसले से कार्यकर्ताओं में थोड़ी नाराजगी जरूर है.
-
Posted By: Kisan India
यूपी सरकार की बड़ी कार्रवाई: उर्वरक के साथ जबरन ‘टैगिंग’ पर रोक, किसानों को मिली राहत
उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए उर्वरक खरीद में जबरन “टैगिंग” पर सख्ती दिखाई है. अब सब्सिडी वाले उर्वरकों के साथ किसी भी अन्य उत्पाद को जबरन खरीदने के लिए किसानों को मजबूर नहीं किया जा सकेगा. कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही (सूर्य प्रताप शाही) ने बताया कि इस तरह की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद यह फैसला लिया गया. हालांकि गैर-सब्सिडी उत्पाद अलग से बेचे जा सकेंगे. सरकार के इस कदम से किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी की आजादी मिलेगी, लेकिन जमीनी स्तर पर इसे लागू करना चुनौतीपूर्ण भी माना जा रहा है, क्योंकि कंपनियों के दबाव में दुकानदारों के लिए संतुलन बनाना आसान नहीं होगा.
-
Posted By: Kisan India
केदारनाथ हेली सेवा के टिकट आज से ऑनलाइन, शाम 6 बजे खुलेगा पोर्टल
चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ के लिए हेली सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग आज से शुरू हो रही है. IRCTC शाम 6 बजे अपना बुकिंग पोर्टल खोलेगा, जहां श्रद्धालु 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए टिकट बुक कर सकेंगे. उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ के अनुसार हेली सेवा 22 अप्रैल से शुरू होगी और गुप्तकाशी, सिरसी व फाटा हेलिपैड से संचालित की जाएगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि टिकट केवल आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ही बुक करें और किसी फर्जी लिंक या सोशल मीडिया ऑफर से सावधान रहें.
-
Posted By: Kisan India
लखनऊ में आज से ‘यूपी पोल्ट्री कॉन्क्लेव 2026’ का आगाज, उद्योग को नई दिशा देने पर मंथन
उत्तर प्रदेश में पोल्ट्री सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है. 15–16 अप्रैल को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘पोल्ट्री कॉन्क्लेव 2026’ के जरिए राज्य में अंडा उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय सुधारने पर जोर दिया जा रहा है. फिलहाल प्रदेश में रोजाना 3.5 से 5.5 करोड़ अंडों की मांग है, जबकि उत्पादन सिर्फ 1.5 से 2 करोड़ के बीच है, जिससे दूसरे राज्यों पर निर्भरता बनी हुई है. सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में उत्पादन बढ़ाकर 3.5 करोड़ से अधिक करना है. इस कॉन्क्लेव में वैज्ञानिक, विशेषज्ञ, उद्यमी और किसान मिलकर नई तकनीक, निवेश और साझेदारी के जरिए पोल्ट्री उद्योग को आगे बढ़ाने की दिशा में मंथन कर रहे हैं.
-
Posted By: Kisan India
यूपी में बढ़ेगी गर्मी, बुंदेलखंड में 40 डिग्री पार का खतरा, लू का अलर्ट संभव
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अब तेजी पकड़नी शुरू कर दी है. दिनभर चल रही पछुआ गर्म हवाएं लू के आने के संकेत दे रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार सप्ताह के अंत तक तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. खासकर बुंदेलखंड के जिलों में पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है, जिसके बाद लू का अलर्ट जारी किया जा सकता है. फिलहाल बांदा में तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया है, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है. वहीं, अभी बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं जताई गई है, जिससे गर्मी और बढ़ने के आसार हैं.
-
Posted By: Kisan India
उत्तराखंड में 16 अप्रैल से बदलेगा मौसम, पहाड़ों पर बारिश-ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट
उत्तराखंड में फिलहाल 15 अप्रैल तक मौसम सामान्य बना रहेगा और हल्के बादलों की आवाजाही ही देखने को मिलेगी. लेकिन 16 अप्रैल से मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. खासकर चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम फिलहाल शुष्क ही बना रहेगा.
-
Posted By: Kisan India
MP बोर्ड का रिजल्ट आज सुबह 11 बजे, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे घोषणा, 16 लाख छात्रों का इंतजार खत्म
मध्य प्रदेश बोर्ड के 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए आज बड़ा दिन है. आज सुबह 11 बजे भोपाल में मुख्यमंत्री निवास से डॉ. मोहन यादव रिजल्ट जारी करेंगे. इस साल करीब 16 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे और सभी को लंबे समय से परिणाम का इंतजार था. राहत की बात यह है कि इस बार रिजल्ट पिछले साल के मुकाबले लगभग तीन हफ्ते पहले जारी किया जा रहा है, जिससे छात्रों और अभिभावकों की चिंता कम होगी.
-
Posted By: Kisan India
सम्राट चौधरी आज लेंगे बिहार के 24वें मुख्यमंत्री पद की शपथ, जदयू से दो डिप्टी सीएम भी बनेंगे
बिहार की राजनीति में आज बड़ा दिन है, जहां सम्राट चौधरी 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. राजधानी पटना के लोकभवन में सुबह 10:50 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसकी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए अपनी राजनीतिक विरासत सौंपी है. खास बात यह है कि उनके साथ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कोटे से दो डिप्टी मुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे. इस समारोह में जेपी नड्डा, शिवराज सिंह समेत बीजेपी और एनडीए के कई बड़े नेता शामिल होंगे. बिहार में यह पहला मौका है जब भारतीय जनता पार्टी का नेता मुख्यमंत्री पद संभालने जा रहा है.
-
Posted By: Kisan India
अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, देशभर की 556 बैंक शाखाओं में कराएं पंजीकरण
श्री अमरनाथ यात्रा के लिए आज यानी बुधवार से अग्रिम पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है. श्रद्धालु देशभर में नामित पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक और यस बैंक की कुल 556 शाखाओं में जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. इसके अलावा, ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसे यात्रा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए पूरा किया जा सकता है. श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि समय रहते पंजीकरण करा लें, ताकि यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो.
-
Posted By: Kisan India
दिल्ली में 17 अप्रैल से बदलेगा मौसम, बादल और हल्की बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली में 15 अप्रैल को मौसम सामान्य बना रहेगा, लेकिन 17 अप्रैल से बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार इस दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और पूर्वी व उत्तरी दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. वहीं 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
-
Posted By: Kisan India
महंगी खाद से कॉफी उत्पादन पर खतरा, ICO ने जताई चिंता; मार्च में कीमतों में आई तेजी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब कॉफी बाजार पर भी दिखने लगा है. इंटरनेशनल कॉफी ऑर्गेनाइजेशन (ICO) ने चेतावनी दी है कि उर्वरकों की बढ़ती कीमतें आने वाले समय में कॉफी उत्पादन को प्रभावित कर सकती हैं, खासकर 2026-27 की फसल पर इसका असर पड़ सकता है. हालांकि मौजूदा 2025-26 की फसल पर ज्यादा असर नहीं दिखेगा, क्योंकि खाद का इस्तेमाल पहले ही हो चुका है. इसी बीच मार्च 2026 में कॉफी की कीमतों में 2.3 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो लगातार तीन महीने की गिरावट के बाद आई है. वैश्विक सप्लाई में कमी, शिपिंग रूट में बाधा और बढ़ती लागत ने बाजार में अनिश्चितता बढ़ा दी है. वहीं भारत को इस स्थिति से कुछ फायदा मिला है, जहां फरवरी में कॉफी निर्यात 38.5 फीसदी बढ़कर 0.79 मिलियन बैग तक पहुंच गया.
-
Posted By: Kisan India
11 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट, IMD की चेतावनी
देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में मध्यम से भारी बारिश के साथ तूफान की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा 17 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी तेज बारिश होने की संभावना है. लोगों को इस दौरान सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वहीं, पूर्वी भारत में 20 अप्रैल के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.