Todays Top News List: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में लू का अलर्ट जारी, हरियाणा में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें

Latest Agriculture News in Hindi: NEET उम्मीदवारों की परीक्षा रद्द होने के बाद आर्थिक दिक्कतों और मानसिक तनाव की शिकायतों के बाद AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अनुरोध करेंगे कि राज्य में उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा के दिन बस यात्रा मुफ्त कर दी जाए. केजरीवाल ने कहा कि NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर उनकी तरफ से फीडबैक और सुझाव मांगे जाने के बाद कई छात्रों ने उनसे संपर्क किया था और यात्रा खर्च को लेकर चिंताओं जताई गई थी. बता दें कि 21 जून को दोबारा परीक्षा होनी है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

Agriculture News in Hindi: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया. IMD लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने आने वाले दिनों में भी हीटवेव जारी रहने की चेतावनी दी है. प्रशासन ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है. कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव और छुट्टियों की घोषणा भी की जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिन और मुश्किल भरे रह सकते हैं. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.

नोएडा | Updated On: 20 May, 2026 | 07:35 PM
The liveblog has ended.
  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    20 May 2026 07:23 PM (IST)

    CM योगी ने मंडी शुल्क एवं मंडी सेस में संभावित छूट जैसे महत्वपूर्ण विषयों की उच्च स्तरीय समीक्षा की

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रदेश के भविष्य की अर्थव्यवस्था से जुड़े तीन महत्वपूर्ण विषयों, उत्तर प्रदेश डाटा सेंटर क्लस्टर (यूपीडीसीसी), प्रोजेक्ट गंगा तथा गेहूं के इन-हाउस प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए मंडी शुल्क एवं मंडी सेस में संभावित छूट जैसे महत्वपूर्ण विषयों की उच्च स्तरीय समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने यूपी डाटा सेंटर क्लस्टर (यूपीडीसीसी) की समीक्षा करते हुए कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश के एआई मिशन की बुनियादी संरचना तैयार करेगी. उन्होंने कहा कि डाटा सेंटर क्लस्टर केवल एनसीआर क्षेत्र तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रदेश के अन्य हिस्सों को भी इससे जोड़ा जाए. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इसकी शुरुआत बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) क्षेत्र से की जा सकती है, जहां बड़े पैमाने पर भूमि उपलब्ध है. उन्होंने यह भी कहा कि टाटा समूह सहित बड़ी टेक कंपनियों से संवाद स्थापित कर लखनऊ को “एआई सिटी” के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाए.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    20 May 2026 07:10 PM (IST)

    मंत्रि-परिषद की बैठक में 30,055 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक हुई. मंत्रि-परिषद की बैठक में मध्यप्रदेश के विकास और जन-कल्याण को गति देने के लिए कुल 30,055 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियां दी गई. मंत्रि-परिषद ने राज्य के कर्मचारियों की स्थानांतरण नीति -2026 को भी मंजूरी दी है. राज्य के विभिन्न वर्गों के हित में कई बड़े निर्णय लिए गए. इसमें वृद्धजनों, कल्याणी महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन योजना के लिए 15,184.42 करोड़ रुपये के साथ ही विभिन्न आपदाओं में किसानों को संबल देने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के निरंतर क्रियान्वयन के लिए 11,608.47 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    20 May 2026 06:51 PM (IST)

    सरकार का बड़ा फैसला, MP में 28 मई तक होगी गेहूं की खरीदी

    मध्य प्रदेश में जिन किसानों ने 23 मई तक स्लॉट बुक कर लिए थे, अब वे 28 मई तक अपना गेहूं बेच सकेंगे. पहले अंतिम तारीख 23 मई तय की गई थी, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है. यह घोषणा 20 मई को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की. सरकार का कहना है कि इस फैसले से किसानों को सुविधा मिलेगी और वे आसानी से अपनी फसल बेच सकेंगे. मध्यप्रदेश सरकार का लक्ष्य इस साल करीब 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन करने का है। सरकार ने कहा है कि वह किसान हित में लगातार काम कर रही है और इस कदम से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    20 May 2026 06:33 PM (IST)

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत-गणतंत्र कोरिया रक्षा उद्योग व्यापार गोलमेज बैठक में शामिल हुए

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भारत-गणतंत्र कोरिया रक्षा उद्योग व्यापार गोलमेज बैठक में शामिल हुए.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    20 May 2026 06:20 PM (IST)

    भारत और इटली एकमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए गंभीर चुनौती है- PM मोदी

    इटली के रोम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और इटली एकमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए गंभीर चुनौती है. आतंक वित्तपोषण के खिलाफ हमारी साझा पहल ने पूरे विश्व के सामने एक महत्वपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत किया है. भारत और इटली ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जिम्मेदार लोकतंत्र केवल आतंकवाद की निंदा नहीं करतीं, बल्कि उसके वित्तीय नेटवर्क को तोड़ने के लिए ठोस कदम भी उठाती हैं. यूक्रेन, पश्चिम एशिया तथा अन्य तनावों को लेकर हम लगातार संपर्क में रहे हैं. भारत का मत स्पष्ट है कि सभी समस्याओं का समाधान वार्ता और कूटनीति के माध्यम से होना चाहिए.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    20 May 2026 06:04 PM (IST)

    मेरे और मेरे प्रतिनिधिमंडल के भव्य स्वागत के लिए मैं जियोर्जिया मेलोनी का आभार व्यक्त करता हूं- PM मोदी

    इटली के रोम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे और मेरे प्रतिनिधिमंडल के भव्य स्वागत के लिए मैं इटली की पीएम जियोर्जिया मेलोनी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. रोम को विश्व में आंतरिक शहर के रूप में जानना जाता है. भारत में मेरे लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र काशी उसको भी अनादि और शाश्वत नगर मना जाता है. जब दो सभ्यताएं मिलती हैं तो बातचीत केवल एजेंडा तक सीमित नहीं होती है. इसमें इतिहास की गहराई, भविष्य की दृष्टि और मित्रता की सहजता तीनों साथ दिखाई देते हैं.

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    20 May 2026 05:51 PM (IST)

    CM योगी ने डेटा क्लस्टर डेवलपमेंट, डिजिटल एंटरप्रेन्योरशिप और मंडी फीस में छूट पर मीटिंग की

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डेटा क्लस्टर डेवलपमेंट, डिजिटल एंटरप्रेन्योरशिप और मंडी फीस में छूट पर मीटिंग की.
    \

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    20 May 2026 05:33 PM (IST)

    कीमत बढ़ने के बाद अब केरल में एक लीटर दूध 56 रुपये की जगह 60 रुपये में मिलेगा

    दूध की कीमत बढ़ने के बाद अब केरल में एक लीटर दूध 56 रुपये की जगह 60 रुपये में मिलेगा. मिल्मा ने पहले 6 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी की मांग की थी, क्योंकि उत्पादन और खरीद लागत लगातार बढ़ रही है. हालांकि राज्य सरकार ने लोगों पर ज्यादा बोझ न पड़े, इसके लिए 4 रुपये की बढ़ोतरी की सलाह दी, जिसे मिल्मा ने मान लिया.'

  • Posted By: वेंकटेश कुमार

    20 May 2026 05:18 PM (IST)

    केरल में दूध हुआ हंगा, 1 जून से नई दर होगी लागू

    केरल के लोगों के लिए दूध की कीमतों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. केरल को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन यानी मिल्मा ने दूध के दाम में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. नई कीमतें 1 जून से लागू होंगी. यह फैसला मिल्मा बोर्ड की अहम बैठक में लिया गया, जिसमें राज्य के डेयरी सेक्टर की मौजूदा चुनौतियों पर चर्चा की गई.

  • Posted By: Isha Gupta

    20 May 2026 05:03 PM (IST)

    रोम में भारत-इटली की दोस्ती पर मुहर! PM मोदी बोले, '3.5 साल में कई मुलाकातें, लगातार बढ़ रहा सहयोग’

    रोम में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ संयुक्त प्रेस बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले साढ़े तीन सालों में उन्हें पीएम मेलोनी से कई बार मिलने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि यह भारत और इटली के बीच लगातार बढ़ते सहयोग और मजबूत होते संबंधों को दर्शाता है. दोनों नेताओं ने साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर जोर दिया.

  • Posted By: Isha Gupta

    20 May 2026 04:44 PM (IST)

    केरल में बड़ा राजनीतिक फेरबदल! नेताओं को मिले अहम विभाग, नई कैबिनेट जिम्मेदारियां घोषित

    केरल में नेताओं को नए विभागों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. वी. डी. सतीशन को वित्त, केरल फाइनेंशियल कॉरपोरेशन, बंदरगाह, कानून, प्रदूषण नियंत्रण, एयरपोर्ट, मेट्रो रेल और रेलवे जैसे अहम विभाग दिए गए हैं. रमेश चेन्निथला को गृह, विजिलेंस, फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज, जेल और कॉयर विभाग की जिम्मेदारी मिली है.

    सनी जोसेफ को बिजली, पर्यावरण, संसदीय कार्य और ANERT विभाग सौंपे गए हैं. के. मुरलीधरन को स्वास्थ्य, मेडिकल एजुकेशन, आयुष, ड्रग्स कंट्रोल और देवस्वम विभाग दिए गए हैं. वहीं ए. पी. अनिल कुमार को भी महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मिली है.

  • Posted By: Isha Gupta

    20 May 2026 04:30 PM (IST)

    ‘विपक्ष हिंसक है, पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित नहीं’, राजनाथ सिंह का बड़ा बयान

    सियोल, दक्षिण कोरिया में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष काफी समय से हिंसक रुख अपनाए हुए है, लेकिन सरकार पर अब तक भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ विरोध होता रहे, इससे उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन तथ्य यही है कि भ्रष्टाचार का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है. राजनाथ सिंह ने यह भी दावा किया कि 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है.

  • Posted By: Isha Gupta

    20 May 2026 04:15 PM (IST)

    AAP को बड़ी राहत! दिल्ली हाई कोर्ट ने डीरजिस्ट्रेशन की याचिका को किया खारिज

    दिल्ली हाई कोर्ट ने एक जनहित याचिका (PIL) को खारिज कर दिया, जिसमें चुनाव आयोग से आम आदमी पार्टी का रेजिस्ट्रेशन रद्द करने और पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया और दुर्गेश पाठक को चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित करने की मांग की गई थी. अदालत ने कहा कि व्यक्तिगत स्तर पर चल रही अवमानना या अन्य कार्यवाही का असर किसी राजनीतिक पार्टी के रजिस्ट्रेशन पर नहीं पड़ सकता. इस फैसले को AAP के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है.

  • Posted By: Isha Gupta

    20 May 2026 03:58 PM (IST)

    NEET-UG 2026 पेपर लीक केस में बड़ा अपडेट! कोर्ट ने 5 आरोपियों को फिर भेजा रिमांड पर

    दिल्ली में NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने आरोपी मंगीलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल, यश यादव, शुभम खैरनार और धनंजय लोखंडे को पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद अदालत में पेश किया. राउज एवेन्यू कोर्ट ने मंगीलाल बिवाल, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल, यश यादव और धनंजय लोखंडे को 2 जून तक रिमांड पर भेज दिया है. मामले की जांच तेजी से जारी है और एजेंसियां पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं.

  • Posted By: Isha Gupta

    20 May 2026 03:42 PM (IST)

    NEET पेपर लीक केस में बड़ा एक्शन! पुणे का मशहूर कोचिंग सेंटर सील, CBI गिरफ्तारी के बाद हड़कंप

    महाराष्ट्र में NEET पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है. पुणे नगर निगम ने आरसीसी कोचिंग क्लासेस (RCC Coaching Classes) को सील कर दिया है. यह कोचिंग सेंटर शिवराज मोटेगांवकर का बताया जा रहा है, जिन्हें पिछले सप्ताह CBI ने इस मामले में गिरफ्तार किया था. कार्रवाई के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच हड़कंप मच गया है. मामले की जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.

  • Posted By: Isha Gupta

    20 May 2026 03:27 PM (IST)

    मणिपुर में महिलाओं का बड़ा प्रदर्शन! 6 नागा बंधकों की रिहाई की मांग को लेकर सड़कों पर उतरीं हजारों महिलाएं

    मणिपुर के सेनापति जिले में आज बड़ी संख्या में महिलाओं ने धरना प्रदर्शन किया. यह विरोध प्रदर्शन सेनापति जिला महिला संघ ने नागा वूमेन्स यूनियन के बैनर तले आयोजित किया. प्रदर्शनकारियों ने छह नागा बंधकों की तुरंत रिहाई की मांग उठाई. महिलाओं ने कहा कि जब तक बंधकों को सुरक्षित रिहा नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

  • Posted By: Isha Gupta

    20 May 2026 03:11 PM (IST)

    ‘देश में महंगाई और PM इटली की PM के साथ Melody खाने में व्यस्त’… राहुल गांधी का PM मोदी पर तंज!

    अमेठी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, देश का युवा डिप्रेशन में जा रहा है, NEET परीक्षा रद्द हो चुकी है, पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं और महंगाई लगातार आसमान छू रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे समय में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ ‘Melody’ खाने में व्यस्त हैं. राहुल गांधी ने कहा कि यही देश की असली स्थिति है.

  • Posted By: Isha Gupta

    20 May 2026 02:55 PM (IST)

    राजस्थान में गर्मी का ‘टॉर्चर’ जारी! 46.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा, अगले 7 दिन हीटवेव से नहीं मिलेगी राहत

    जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पिछले 2-3 दिनों में राजस्थान में दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है. बीते 24 घंटों में चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. कई इलाकों में रात का न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5-7 दिनों तक हीटवेव का असर बना रहेगा, हालांकि अगले 48 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की मामूली गिरावट संभव है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 02:41 PM (IST)

    अत्चन्नायडू ने खरीफ की तैयारियों का रिव्यू किया, किसानों को सही इनपुट का भरोसा दिया

    अमरावती: (18 मई) आंध्र प्रदेश के मंत्री के अत्चन्नायडू ने सोमवार को कहा कि सरकार खरीफ 2026 सीजन के लिए पूरी तरह तैयार है और किसानों को एल नीनो की वजह से होने वाली संभावित मुश्किलों से बचाने के लिए बड़े एडवांस प्लान लागू किए जा रहे हैं.

    मंत्री ने एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट के सीनियर अधिकारियों के साथ खरीफ की तैयारियों का रिव्यू किया और पूरे राज्य में बीज, खाद, फसल की प्लानिंग और यूरिया सप्लाई मैनेजमेंट पर खास निर्देश जारी किए.

    अत्च्चन्नायडू ने एक प्रेस रिलीज में कहा, "एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट खरीफ 2026 सीजन के लिए पूरी तरह तैयार है, और यह पक्का करने के लिए बड़े प्लान लागू किए जा रहे हैं कि किसानों को एल नीनो की वजह से मुश्किलों का सामना न करना पड़े.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 02:28 PM (IST)

    केरल सरकार ने सिल्वरलाइन प्रोजेक्ट रद्द करने का फैसला किया: CM सतीशन

    तिरुवनंतपुरम: (20 मई) केरल के मुख्यमंत्री V D सतीशन ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार ने सिल्वरलाइन सेमी हाईस्पीड रेल प्रोजेक्ट को रद्द करने का फैसला किया है। यह पिछली LDF सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल थी. सतीशन ने यहाँ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए ज़मीन अधिग्रहण से जुड़ी अधिसूचनाएं रद्द कर दी जाएंगी.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 02:18 PM (IST)

    ओडिशा बोर्ड के 12वीं के नतीजे घोषित, 85 फीसदी छात्र पास, बीते साल से बढ़िया रहा पासिंग परसेंटेज

    भुवनेश्वर: (20 मई) ओडिशा के उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बुधवार को 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के नतीजे घोषित कर दिए. परीक्षा में शामिल हुए 3.98 लाख छात्रों में से लगभग 86 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा पास कर ली है.

    नतीजे घोषित करते हुए राज्य के स्कूल और जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने बताया कि वार्षिक उच्च माध्यमिक परीक्षा-2026 (कक्षा 12) के लिए 4.01 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था.

    उन्होंने बताया कि इनमें से 3.98 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 3.41 लाख छात्र पास हुए. उन्होंने आगे कहा कि कुल पास प्रतिशत 85.85 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल के 82.45 प्रतिशत से अधिक है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 02:06 PM (IST)

    तमिलनाडु के मंत्री अधव अर्जुन ने VCK और IUML नेताओं को TVK कैबिनेट में शामिल होने का न्योता दिया

    चेन्नई: (20 मई) तमिलनाडु के लोक निर्माण और खेल विकास मंत्री अधव अर्जुन ने बुधवार को VCK और IUML को TVK सरकार की कैबिनेट में शामिल होने का न्योता दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि DMK और AIADMK ने सत्ता में आने के लिए आपस में हाथ मिलाकर TVK पार्टी को सरकार बनाने से रोकने की कोशिश की है.

    यह कहते हुए कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय चाहते हैं कि कैबिनेट "एक परिवार" की तरह काम करे, अर्जुन ने संकेत दिया कि मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट में वामपंथी पार्टियों को भी शामिल करने में दिलचस्पी रखते हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 01:40 PM (IST)

    पुरी का जगन्नाथ मंदिर बुधवार शाम को 4 घंटे के लिए बंद रहेगा

    पुरी: (20 मई) मंदिर प्रशासन ने बताया कि यहां का जगन्नाथ मंदिर बुधवार शाम से चार घंटे के लिए भक्तों के लिए बंद रहेगा, ताकि मंदिर के भाई-बहन देवताओं की एक विशेष रस्म पूरी की जा सके. एक सार्वजनिक सूचना में, श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) ने कहा कि 'बनकलगी' रस्म के लिए बुधवार शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक दर्शन बंद रहेंगे.

    मंदिर कार्यालय के अनुसार, बनकलगी, जिसे "श्रीमुख श्रृंगार" भी कहा जाता है, एक विशेष रस्म है जिसमें तीनों देवताओं भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ  के चेहरों को नए सिरे से रंगा जाता है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 01:20 PM (IST)

    'बस अपने पिता को याद किया, इसमें गलत क्या है?' शपथ ग्रहण में जाति-सूचक उपनाम के इस्तेमाल पर विवाद होने पर केरल के CM ने पूछा

    तिरुवनंतपुरम: (20 मई) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को अपने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जाति-सूचक उपनाम "मेनन" के इस्तेमाल का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने केवल अपने पिता का नाम लिया था और ऐसे मौके पर ऐसा करने में उन्हें कुछ भी गलत नहीं लगा.

    उनकी यह टिप्पणी तब आई, जब शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जाति-सूचक उपनाम का इस्तेमाल करने को लेकर उन्हें सोशल मीडिया के कुछ हिस्सों के साथ-साथ कांग्रेस के कुछ नेताओं की आलोचना का सामना करना पड़ा था. इस घटना ने राज्य में जातिगत पहचान और राजनीतिक संदेश को लेकर एक बहस छेड़ दी है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 01:08 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में लू का अलर्ट जारी

    उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जबकि मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में पूरे सप्ताह हीट वेव की आशंका जताई गई है. लोगों को बार-बार तरल पदार्थ पीने, धूप से बचने और दोपहर के समय बाहर निकलने से परहेज करने की सलाह दी गई है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 12:46 PM (IST)

    राजस्थान: भरतपुर में ग्रामीणों ने पैंथर को पीट-पीटकर मार डाला, जांच जारी

    जयपुर: (20 मई) अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि राजस्थान के भरतपुर ज़िले के सीतापुरा गांव के निवासियों ने कथित तौर पर एक मादा पैंथर को पीट-पीटकर मार डाला. अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम को वीर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई, जब वह जानवर एक घर में घुस गया था. सूचना मिलने के बाद, वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 12:32 PM (IST)

    निजी दवा कारोबारियों की हड़ताल के चलते सुबह 8 बजे रात 10 बजे तक खुले रहेंगे सहकारी दवा बिक्री केन्द्र

    जयपुर, 20 मई। प्रदेश में सहकारिता उपभोक्ता भंडार और क्रय-विक्रय सहकारी समितियों की ओर से चलाये जा रहे सभी दवा बिक्री केन्द्र और प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र आज खुले रहेंगे. ये केन्द्र सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक खुले रहेंगे. सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने बताया कि दवा विक्रेताओं की बुधवार को प्रस्तावित हड़ताल के कारण लोगों को परेशानी से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है.

    गौरतलब है कि कॉनफेड, सहकारी उपभोक्ता भण्डारों एवं क्रय-विक्रय सहकारी समितियों द्वारा प्रदेश भर में कुल 538 दवा विक्रय केन्द्र संचालित हैं, जो आमजन की सुविधा के लिए बुधवार को 14 घंटे खुले रहेंगे. इन दवा विक्रय केन्द्रों पर लगभग दो हजार प्रकार की दवाएं उपलब्ध रहेंगी. शासन सचिव डॉ. शर्मा ने कॉनफेड एवं जिला सहकारी भण्डारों को जीवनरक्षक दवाओं के साथ अन्य आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 12:18 PM (IST)

    ओडिशा के कटक में जादू-टोना के शक में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, 25 लोग गिरफ्तार

    कटक: (20 मई) पुलिस ने बुधवार को बताया कि ओडिशा के कटक ज़िले में भीड़ ने एक व्यक्ति को उसके घर से बाहर खींचकर निकाला, जादू-टोना करने के शक में उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी और फिर सबूत मिटाने के लिए उसके शव को जला दिया; इस घटना के बाद 25 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.यह घटना 10 मई को हुई थी, लेकिन गिरफ़्तारियाँ मंगलवार को की गईं—पीड़ित के पिता द्वारा पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के एक दिन बाद.

    अपनी शिकायत में, श्वेता बेहरा ने आरोप लगाया कि 10 मई को तालमुंडुली गांव में भीड़ ने उनके बेटे, टिकिमा बेहरा को घर से बाहर खींचकर निकाला और उसकी पिटाई की, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पिता ने आरोप लगाया कि सबूत मिटाने के लिए उसके शव को जला दिया गया.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 11:59 AM (IST)

    दिल्ली में सुबह रही गर्म और दिन में लू के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी, तापमान समान्य से 1.8 डिग्री बढ़ा

    नई दिल्ली: (20 मई) दिल्ली में बुधवार की सुबह गर्म रही, क्योंकि न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा. मौसम विभाग ने लू की स्थिति के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत शहर के कुछ इलाकों में दिन के समय भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है.

    'ऑरेंज' अलर्ट का मतलब है 'तैयार रहें', जबकि अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शहर के कुछ इलाकों में दिन के समय लू से लेकर भीषण लू जैसी स्थितियां बनी रहने की संभावना है. मौसम केंद्रों में, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है.

  • Posted By: रिजवान नूर खान

    20 May 2026 11:46 AM (IST)

    किसानों ने खाद की बढ़ती कीमतों का विरोध किया, कालाबाजारी रोकने में नाकाम रहने के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराया

    नई दिल्ली: (18 मई) अखिल भारतीय किसान सभा (AIKS) ने सोमवार को खाद की कीमतों में कथित बढ़ोतरी पर आपत्ति जताई और केंद्र तथा राज्य सरकारों पर कालाबाज़ारी और जमाखोरी रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया. संगठन ने चेतावनी दी कि खाद की अपर्याप्त उपलब्धता से फ़सलों की पैदावार प्रभावित हो सकती है, ग्रामीण संकट गहरा सकता है और खाद्य महंगाई बढ़ सकती है.

    एक बयान में, CPI(M) से जुड़े किसानों के इस संगठन ने कहा कि पूरे देश में किसान खेती के मौसम से पहले, मुख्य खादों की बाज़ार कीमतों में भारी बढ़ोतरी का सामना कर रहे हैं. AIKS ने आरोप लगाया कि म्यूरिएट ऑफ़ पोटाश (MOP) की खुदरा कीमत पिछले मौसम के 1,500 रुपये प्रति बोरी से बढ़कर 1,800-2,000 रुपये प्रति बोरी हो गई है। केरल के कुट्टानाड, कोट्टायम और पलक्कड़ जैसे कृषि क्षेत्रों में यह बढ़ोतरी 20 से 33 प्रतिशत तक दर्ज की गई है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 11:31 AM (IST)

    हरियाणा में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की बड़ी तैयारी, गुजरात मॉडल पर 1 लाख एकड़ का लक्ष्य तय

    अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते वैश्विक खाद सप्लाई चेन पर पड़े असर के बीच हरियाणा सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है. सरकार ने वर्ष 2026-27 में प्राकृतिक खेती का दायरा बढ़ाकर 1 लाख एकड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. इसके तहत 5 हजार एकड़ जमीन पर किसानों को प्राकृतिक खेती के लाइव प्रदर्शन भी दिखाए जाएंगे. सबसे ज्यादा 10 हजार एकड़ का लक्ष्य कुरुक्षेत्र जिले को दिया गया है, जबकि सिरसा को 7 हजार एकड़ और हिसार, जींद, कैथल, करनाल, सोनीपत तथा यमुनानगर को 6-6 हजार एकड़ का लक्ष्य तय किया गया है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 11:15 AM (IST)

    पुणे एग्री हैकाथॉन में चमका महाराष्ट्र का रेशम विभाग, पूर्व अधिकारी दिलीप हाके की टीम को मिला बड़ा सम्मान

    महाराष्ट्र सरकार के रेशम उत्पादन विभाग के पूर्व उप निदेशक दिलीप हाके को पुणे एग्री हैकाथॉन में सम्मानित किया गया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया. हाके की टीम ‘सिल्कस्कैन इनोवेटर्स’ को कृषि प्रसंस्करण और वैल्यू चेन श्रेणी में उपविजेता घोषित किया गया. वहीं ‘विन विन बाइट्स’ को इस श्रेणी का विजेता चुना गया. दिलीप हाके वर्ष 2023 में रेशम उत्पादन विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 11:02 AM (IST)

    डिंडौरी ने जल संरक्षण में रचा इतिहास, तीन लाख जल संरचनाओं के साथ देश में हासिल किया दूसरा स्थान

    मध्य प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य डिंडौरी जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी मिसाल पेश की है. ‘जल संचय से जन भागीदारी’ अभियान के तहत जिले में करीब तीन लाख जल संरचनाएं तैयार की गई हैं. लोगों ने वाटर हार्वेस्टिंग, ड्रिप इरिगेशन और टपक सिंचाई जैसी तकनीकों को अपनाकर पानी बचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. जन सहयोग से चलाए गए इस अभियान में डिंडौरी ने प्रदेश में पहला और देश में दूसरा स्थान हासिल किया है. अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जलस्तर बढ़ाना और आने वाले समय के जल संकट से बचाव करना है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 10:46 AM (IST)

    मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड गेहूं खरीदी, 12 लाख से ज्यादा किसानों को मिला फायदा

    मध्य प्रदेश में इस साल गेहूं खरीदी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. खाद्य मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत के अनुसार अब तक 12 लाख 30 हजार से ज्यादा किसानों से 90 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदा जा चुका है. किसानों को करीब 18 हजार 707 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया है. सरकार MSP के साथ 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देकर कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीद रही है. किसानों की सुविधा के लिए तौल पर्ची और भुगतान का समय भी बढ़ा दिया गया है, जबकि खरीदी केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या बढ़ाकर व्यवस्था को और बेहतर बनाया गया है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 10:31 AM (IST)

    उत्तराखंड और हिमाचल में बदलेगा मौसम, कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

    उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों में मौसम बदलने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 20 से 23 मई के बीच देहरादून समेत कई इलाकों में आंशिक बादल छा सकते हैं, जबकि उत्तरकाशी और चमोली जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और ऊना में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है. मौसम बदलने से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 10:15 AM (IST)

    यूपी में पंचायत चुनाव टलने के संकेत, प्रधानों और जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल बढ़ाने पर मंथन

    उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तय समय पर होने को लेकर संशय बढ़ गया है. पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि सरकार को दो प्रस्ताव भेजे गए हैं. पहले प्रस्ताव में ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल बढ़ाने की बात कही गई है, जबकि दूसरे प्रस्ताव में प्रशासक नियुक्त करने का विकल्प रखा गया है. प्रदेश में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को खत्म हो रहा है. ऐसे में अब सरकार के फैसले पर नजर टिकी हुई है कि पंचायतों का संचालन मौजूदा प्रतिनिधियों के जरिए होगा या प्रशासकों की नियुक्ति की जाएगी.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 10:01 AM (IST)

    तमिलनाडु में आज होगा कैबिनेट विस्तार, कांग्रेस के दो विधायक बनेंगे मंत्री

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रहे हैं. इस विस्तार में कांग्रेस के दो विधायकों के. राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है. जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे लोक भवन में होगा. वहीं AIADMK के सीवी षणमुगम और एसपी वेलुमणि गुट के किसी भी नेता को इस बार मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई है. तमिलनाडु के अतिरिक्त प्रभार वाले राज्यपाल आर. वी. अर्लेकर भी चेन्नई पहुंच चुके हैं.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 09:46 AM (IST)

    बिहार-झारखंड में मौसम का बड़ा अलर्ट, तेज बारिश और 81 KM/H की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

    बिहार और झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 25 मई तक कई जिलों में आंधी-तूफान, तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. बिहार के पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई इलाकों में 81 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और मयूरभंज में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 09:33 AM (IST)

    पश्चिम बंगाल के जूट उद्योग पर संकट गहराया, कच्चे माल की कमी से कई मिलों में काम प्रभावित

    पश्चिम बंगाल का जूट उद्योग इस समय बड़े संकट का सामना कर रहा है. कच्चे जूट की भारी कमी और लगातार बढ़ती कीमतों के कारण हुगली औद्योगिक क्षेत्र की कई जूट मिलों में उत्पादन प्रभावित हुआ है. उद्योग संगठनों के अनुसार करीब 14 मिलों में कामकाज ठप होने जैसी स्थिति बन गई है, जबकि लगभग 75 हजार मजदूरों पर रोजगार का संकट मंडरा रहा है. जूट उद्योग ने नई सरकार से बचे हुए स्टॉक जारी करने, आपातकालीन आयात की अनुमति देने और बाजार में स्थिरता लाने की मांग की है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 09:16 AM (IST)

    मनरेगा मजदूरों की अटकी करोड़ों की मजदूरी, 14.93 करोड़ रुपये भुगतान का इंतजार

    छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में मनरेगा मजदूरों की मेहनत की कमाई अब भी सरकारी फाइलों में अटकी हुई है. मजदूरों ने कुआं खोदाई, तालाब गहरीकरण और दूसरे विकास कार्यों में दिनभर मेहनत की, लेकिन उन्हें समय पर मजदूरी नहीं मिल सकी. जिले में करीब 14.93 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित बताया जा रहा है. मनेंद्रगढ़, खड़गवां और भरतपुर विकासखंडों में करोड़ों रुपये की मजदूरी अटकी हुई है, जिससे गरीब परिवारों की आर्थिक परेशानी बढ़ गई है. मजदूर अब अपनी मेहनत की कमाई के लिए पंचायत और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 09:02 AM (IST)

    उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, बांदा में पारा 47.6°C पहुंचा; कई जिलों में लू का अलर्ट जारी

    उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री के पार जाने की संभावना जताई है. 20 से 25 मई के बीच आगरा, नोएडा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, बरेली और जालौन समेत कई जिलों में लू और तेज गर्म हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 08:46 AM (IST)

    दिल्ली-NCR में तीन दिन का ट्रांसपोर्ट चक्का जाम, ट्रकों के पहिए थमने से सप्लाई और बाजार पर असर

    दिल्ली-NCR में 21 से 23 मई तक ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने तीन दिन के चक्का जाम का ऐलान किया है. ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) के नेतृत्व में 68 से ज्यादा परिवहन संगठनों ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) और दिल्ली सरकार की नीतियों के विरोध में यह फैसला लिया है. यूनियनों का आरोप है कि पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क (ECC) में भारी बढ़ोतरी और बीएस-4 कमर्शियल वाहनों पर प्रस्तावित प्रतिबंध से ट्रांसपोर्ट कारोबार पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है. हड़ताल के कारण दिल्ली-NCR में सामान की सप्लाई, मंडियों और बाजारों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 08:32 AM (IST)

    ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज देशभर में मेडिकल स्टोर बंद, 24 घंटे की हड़ताल से मरीजों की बढ़ी चिंता

    ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ आज देशभर में केमिस्ट और ड्रगिस्ट 24 घंटे की हड़ताल पर रहेंगे. अखिल भारतीय दवा विक्रेता संगठन (AIOCD) ने ऑनलाइन दवाओं की बिक्री को गैरकानूनी बताते हुए इस बंद का आह्वान किया है. संगठन का कहना है कि बिना सख्त नियमों के ऑनलाइन दवा बिक्री मरीजों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है. हड़ताल के कारण देशभर में मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे, जिससे मरीजों और आम लोगों को दवाइयों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 08:17 AM (IST)

    नेपाल से बढ़ा ड्यूटी फ्री खाद्य तेल आयात, भारत का कुल आयात 3 प्रतिशत बढ़ा

    नेपाल से ड्यूटी फ्री खाद्य तेल आयात बढ़ने का असर अब भारत के कुल आयात पर भी दिखाई देने लगा है. वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का खाद्य तेल आयात करीब 3 प्रतिशत बढ़कर 166.51 लाख टन पहुंच गया. विशेषज्ञों के मुताबिक SAFTA समझौते के तहत नेपाल को बिना शुल्क भारत में रिफाइंड खाद्य तेल निर्यात की सुविधा मिल रही है, जिससे वहां से आयात में 113 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. घरेलू उत्पादन कुल जरूरत का केवल 40 प्रतिशत ही पूरा कर पा रहा है, जिसकी वजह से भारत अब भी बड़े पैमाने पर विदेशों पर निर्भर बना हुआ है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 08:02 AM (IST)

    शिमला में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का पांचवां दिन, शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर से बढ़ी परेशानी

    हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल लगातार पांचवें दिन भी जारी रही. SEHB सोसाइटी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने कहा कि हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं और सड़कों पर गंदगी फैल गई है. उन्होंने कहा कि कर्मचारी भी नहीं चाहते कि शहर की हालत खराब हो, लेकिन अपनी मांगों को लेकर वे आंदोलन करने को मजबूर हैं. लगातार बढ़ते कचरे से लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है और स्वास्थ्य संबंधी चिंता भी सामने आने लगी है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 07:47 AM (IST)

    सोया खली निर्यात में बड़ी गिरावट, बढ़ती कीमतों से वैश्विक बाजार में कमजोर हुई भारत की पकड़

    भारत से सोया खली का निर्यात इस साल करीब आधा रहकर चार साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच सकता है. पिछले एक महीने में कीमतों में करीब 47 प्रतिशत की तेजी के कारण भारतीय सोया खली वैश्विक बाजार में महंगी हो गई है. इसका फायदा दक्षिण और उत्तर अमेरिका के आपूर्तिकर्ताओं को मिल रहा है, जो एशियाई देशों को सस्ती दरों पर सप्लाई कर रहे हैं. उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार भारत की सोया खली जहां करीब 680 डॉलर प्रति टन के भाव पर बिक रही है, वहीं दक्षिण अमेरिकी देश इसे करीब 430 डॉलर प्रति टन में उपलब्ध करा रहे हैं. यही वजह है कि खरीदार अब भारतीय बाजार से दूरी बना रहे हैं.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 07:32 AM (IST)

    दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर जारी, 46 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान; तेज हवाओं और लू का अलर्ट

    राजधानी दिल्ली में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 मई को भी दिल्ली में लू का असर बना रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार कुछ समय के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय जरूरी होने पर ही बाहर निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 07:16 AM (IST)

    19 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी

    मौसम विभाग ने उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, सिक्किम, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश समेत 19 राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर बिजली गिरने और तेज गर्जना की भी चेतावनी दी गई है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तेज बारिश की वजह से कुछ इलाकों में तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. हालांकि तेज हवाओं और तूफान के कारण नुकसान की आशंका भी बनी हुई है.

  • Posted By: Kisan India

    20 May 2026 07:00 AM (IST)

    महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, बारिश से खराब फसलों के लिए किसानों को मिलेंगे 164 करोड़ रुपये

    महाराष्ट्र सरकार ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है. सरकार ने मार्च महीने में हुई भारी बारिश से खराब हुई फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए करीब 164 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की है. अंगूर समेत कई फसलें बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुई थीं, जिसके बाद किसानों ने मुआवजे की मांग की थी. अब राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों को कुल 1,64,83,44,000 रुपये की राहत राशि देने का फैसला लिया है. सरकार के इस कदम से लाखों किसानों को आर्थिक मदद मिलने की उम्मीद है.

Agriculture News in Hindi Live Updates: मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में लू-लपट  (Heat Wave) चल रही है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और झुलसाने वाली गर्मी हो रही है. दिल्ली एनसीआर में गर्मी से लोगों को दोपहर में बाहर निकलना लगभग बंद हो गया है (Delhi Weather Latest Updates). वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लूट और गर्म हवाएं चलने का दौर जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में गर्म हवाओं से सुबह-शाम तापमान तीजे से ऊपर जा रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 23वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 23rd Installment) एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और रबी सीजन (Rabi Season) की फसलों की बुवाई और के बाद अब एमएसपी पर फसलों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today

Published: 20 May, 2026 | 06:55 AM