Agriculture News in Hindi Live Updates: मौसम हर दिन करवट बदल रहा है. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों में शीतलहर (Cold Wave) चल रही है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) में बारिश और सुबह कोहरे की स्थिति बनी हुई है. दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण (Delhi Air Pollution Latest Updates) कम हुआ है, लेकिन अभी भी साफ हवा का स्तर कमजोर है. वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड जारी है. राजस्थान, झारखंड समेत कई राज्यों में ठंडी हवाओं से सुबह-शाम तापमान नीचे लुढ़क रहा है. पीएम किसान सम्मान निधि 22वीं किस्त (PM Kisan Samman Nidhi 22nd Installment) एमएसपी गारंटी कानून (MSP Guarantee) की मांग और रबी सीजन (Rabi Season) की फसलों की बुवाई और के बाद अब एमएसपी पर फसलों की खरीद प्रक्रिया शुरू हो रही है. किसान आंदोलन (Farmers Protest News), खेती समाचार (Agriculture News India), सरकारी कृषि स्कीम, कृषि योजना पर सब्सिडी, पशुपालन (Animal Husbandry), खाद सब्सिडी (Fertilizer News) और उन्नत बीज (Best Seeds), फसल की नई किस्में (Crops News Verities) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं. इसके अलावा देशभर में होने वाली घटनाओं की ताजा जानकारी (Breaking News Today List) भी आप यहां पर पढ़ सकते हैं. Top News List Today
Todays Top News List: चेन्नई में शिवराज सिंह चौहान ने नारियल किसानों से बातचीत की, पंजाब में गेहूं की फसल को पहुंच सकता है नुकसान, दिनभर की बड़ी खबरें पढ़ें
Agriculture News in Hindi: झारखंड के मौसम में शुक्रवार से एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने छह से नौ मार्च के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है. वहीं 9 मार्च को कुछ जगहों पर बारिश के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है. आज दिनभर की कृषि समाचार (Krashi Samachar) अपडेट्स आपको यहां मिलेंगे.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
अभिनेता और TVK प्रेसिडेंट विजय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया
अभिनेता और TVK प्रेसिडेंट विजय ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के लिए पार्टी इवेंट के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
केरल सिर्फ भारत का एक राज्य नहीं बल्कि एक वैश्विक विचार भी है- राहुल गांधी
केरल में राहुल गांधी ने कहा कि अगर केरल और उसके भविष्य की बात करनी है, तो यह समझना होगा कि केरल सिर्फ भारत का एक राज्य नहीं बल्कि एक वैश्विक विचार भी है. उन्होंने कहा कि राज्य के लाखों लोग मध्य पूर्व के देशों में काम करते हैं और वहां की स्थिति को लेकर चिंतित हैं, खासकर युद्ध की आशंका के कारण. राहुल गांधी ने कहा कि ऐसे समय में सावधान रहने की जरूरत है और अपने लोगों की सुरक्षा और ताकत को बनाए रखना जरूरी है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
वनवासी कल्याण आश्रम का पूरे समाज को जोड़कर चलने का प्रयास है- CM रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम का पूरे समाज को जोड़कर चलने का प्रयास है. मैं देख रही हूं कि दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर आयोजन हो रहे हैं. मेरी ओर से देश की सभी बहनों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बहुत-बहुत बधाई.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
अंडों की कीमत में गिरावट, 4.60 रुपये प्रति पीस हुई कीमत
तापमान में बढ़ोतरी शुरू होने के साथ ही अंडे की कीमत में गिरावट शुरू हो गई है. हालांकि, अभी पूरी तरह से भीषण गर्मी का आगमन नहीं हुआ है. ऐसे में कारोबारियों का कहना है कि आने वाले महीनों में अंडा हो सस्ता हो सकता है. यानी अंडे की कीमतों में और गिरावट आएगी. हालांकि, ये भी कहा जा रहा है कि तमिलनाडु स्थित नमक्कल में अंडों की खपत कम हो गई है. इससे अंडे की कीमत घटकर 4.60 रुपये प्रति पीस हो गई है. जबकि, निर्यातकों का कहना है कि ईरान-अमेरिका और इजराइल युद्ध का फिलहाल अंडों के निर्यात पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
निशांत कुमार कल से पार्टी में काम शुरू करेंगे और आगे की भूमिका पार्टी करेगी- संजय कुमार झा
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि निशांत कुमार पार्टी में आकर काम करें. उन्होंने बताया कि निशांत कुमार कल से पार्टी में काम शुरू करेंगे और आगे उनकी भूमिका क्या होगी, इसका फैसला पार्टी करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि निशांत कुमार राज्यसभा जा रहे हैं, लेकिन सरकार उनके मार्गदर्शन में ही चलेगी.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
CM योगी बोले- भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मस्थली को नमन करने का अवसर मिला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मस्थली को नमन करने का अवसर मिला. उन्होंने बताया कि ब्रज भूमि में होली का उत्सव हमेशा उत्साह के साथ मनाया जाता है और यह भारत की समृद्ध परंपरा और संस्कृति का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि त्योहार हमें जीवन में उमंग और सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया उम्मीद भरी नजरों से भारत की ओर देख रही है और मथुरा और वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
ईरान पर लगातार हो रहे हमलों के कारण वह कमजोर पड़ गया है- डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान पर लगातार हो रहे हमलों के कारण वह कमजोर पड़ गया है. उन्होंने दावा किया कि ईरान ने अपने मध्य-पूर्व के पड़ोसी देशों से माफी मांगी है, सरेंडर किया है और अब उन पर गोली नहीं चलाने का वादा किया है. ट्रंप के अनुसार यह वादा अमेरिका और इज़राइल के लगातार हमलों के दबाव में किया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि आज ईरान को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
ममता बनर्जी का समय अब खत्म हो गया है- भाजपा नेता राहुल सिन्हा
भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि ममता बनर्जी का समय अब खत्म हो गया है और वह पैसे के सहारे सत्ता में बने रहना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है कि यह पैसा ममता बनर्जी का नहीं, बल्कि जनता के टैक्स का है. इसलिए लोग पैसा भी लेंगे और भ्रष्ट शासन को खत्म भी करेंगे..
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
मक्के के रेट में तेजी से गिरावट, किसानों को हो रहा नुकसान
तमिलनाडु के प्रमुख मक्का उत्पादक जिले सलेम में मक्का किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि फसल की कीमतें तेजी से गिर गई हैं और बाजार में मक्का बिका नहीं है. किसानों का कहना है कि मक्का बड़े पैमाने पर व्यापारिक यार्डों में पड़ा है और बिक्री धीमी हो गई है. यह स्थिति राज्य के कई जिलों में देखने को मिल रही है. मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,400 रुपये प्रति क्विंटल (लगभग 24 रुपये प्रति किलो) है, लेकिन वर्तमान बाजार कीमत सिर्फ 16-18 रुपये प्रति किलो है, जिससे किसानों को पिछले साल की तुलना में आर्थिक परेशानी हो रही है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा उत्तर प्रदेश ब्रज विकास तीर्थ परिषद की मीटिंग की अध्यक्षता की
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मथुरा उत्तर प्रदेश ब्रज विकास तीर्थ परिषद की मीटिंग की अध्यक्षता की. मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी भी मौजूद थीं.
#WATCH मथुरा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मथुरा उत्तर प्रदेश ब्रज विकास तीर्थ परिषद की मीटिंग की अध्यक्षता की। मथुरा से भाजपा सांसद हेमा मालिनी भी मौजूद थीं। pic.twitter.com/0Xywru5TRb
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 7, 2026
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
लखनऊ में लोगों ने बिहार के मौलवी मौलाना अब्दुल्ला सलीम चतुर्वेदी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया
लखनऊ में लोगों ने बिहार के मौलवी मौलाना अब्दुल्ला सलीम चतुर्वेदी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और उनका पुतला जलाया. यह टिप्पणी उन्होंने एक धार्मिक सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर की थी.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
चेन्नई में शिवराज सिंह चौहान ने नारियल किसानों से बातचीत की
तमिलनाडु के चेन्नई में केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नारियल किसानों से बातचीत की और नारियल की खेती व किसानों की भलाई से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए नारियल स्टेकहोल्डर्स कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कांग्रेस नेता का बड़ा बयान, कही ये बात
कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए नामांकन पर कहा कि यह फैसला पहले से तय था. उन्होंने कहा कि इसे लिखने वाले प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह हैं. नीतीश कुमार ने इसे स्वीकार किया है, इसलिए जवाब उनकी ही जिम्मेदारी होगी.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
कोटा और हाड़ौती क्षेत्र उद्यम और आस्था का बड़ा केंद्र है- PM मोदी
कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश में कहा कि कोटा और हाड़ौती क्षेत्र उद्यम और आस्था का बड़ा केंद्र है. हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से देश और विदेश से पर्यटक आएंगे, जिससे यहां के युवा, व्यापारी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सीधे फायदा होगा.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
बिहार में भाजपा पूरी तरह से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है- अजय राय
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि बिहार में भाजपा पूरी तरह से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. उन्होंने कहा कि जैसे भाजपा ने महाराष्ट्र में शिवसेना और पंजाब में अकाली दल को कमजोर किया, उसी तरह बिहार में भी विधानसभा चुनाव से ही JDU को कमजोर करना शुरू किया था. अब JDU पूरी तरह भाजपा के साथ खड़ी हो गई है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
भाजपा सरकार के उत्तराखंड में दूसरे कार्यकाल के चार साल पूरे हो गए हैं- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा सरकार के उत्तराखंड में दूसरे कार्यकाल के चार साल पूरे हो गए हैं. इस अवसर पर उन्हें गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन मिला. उन्होंने कहा कि भाजपा अब विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और देश के हर कोने में विकास के नए काम हो रहे हैं. उन्होंने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और आतंकवाद व नक्सलवाद पर नियंत्रण पाने को सरकार की उपलब्धियों में शामिल किया.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
पंजाब में औसत से ज्यादा तापमान, गेहूं की फसल को पहुंच सकता है नुकसान
पंजाब में मार्च की शुरुआत में असामान्य रूप से तेज गर्मी देखने को मिल रही है. राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 7.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है, जिससे गेहूं की फसल पर असर की चिंता बढ़ गई है. मौसम और कृषि विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अनाज बनने के महत्वपूर्ण चरण में ज्यादा गर्मी होने से गेहूं की पैदावार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान बढ़ा है और यह सामान्य से 7.5°C अधिक है. अगले चार दिनों में तापमान में लगभग 2- 3°C और वृद्धि होने की संभावना है, इसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
TMC सरकार घबराई हुई है और जनता में उसके खिलाफ नाराजगी है- गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि TMC सरकार घबराई हुई है और जनता में उसके खिलाफ नाराजगी है. उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा की सरकार आएगी तो शिक्षकों की बहाली होगी और स्वयं सहायता समूह को फायदे मिलेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि TMC का उद्देश्य बंगाल में रोहिंग्या मुसलमानों को भारतीय नागरिकता और वोट देने का अधिकार दिलाना है.
-
Posted By: वेंकटेश कुमार
राजस्थान में गेहूं खरीदी शुरू होने से पहले व्यापारियों में नाराजगी, सरकार से की ये मांग
राजस्थान में इस बार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर 10 मार्च से गेहूं की खरीदी शुरू होगी, लेकिन इससे पहले ही राज्य में माहौल गर्म हो गया है. व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि खरीद प्रक्रिया में अचानक बदलाव करने से मंडियों में गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं और उन्हें सरकारी खरीद से पीछे हटना पड़ सकता है. साथ ही व्यापारियों ने गेहूं खरीदी में पंजाब मॉडल अपनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानती है, तो वे सरकारी खरीद में हिस्सा नहीं लेंगे.
-
Posted By: Kisan India
हिमाचल में अतिरिक्त निर्माण की मंजूरी महंगी, अब 3000 से 7000 रुपये प्रति वर्ग मीटर देना होगा शुल्क
हिमाचल प्रदेश में अतिरिक्त निर्माण की मंजूरी के लिए अब नया शुल्क लागू कर दिया गया है. नगर एवं ग्राम योजना (टीसीपी) विभाग के नए नियमों के अनुसार अतिरिक्त फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) लेने के लिए 3000 से 7000 रुपये प्रति वर्ग मीटर तक शुल्क देना होगा. सरकार का कहना है कि इन नए नियमों का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में नियोजित विकास को बढ़ावा देना और पर्यावरण अनुकूल निर्माण को प्रोत्साहित करना है. साथ ही बड़े व्यावसायिक भवनों में ऊर्जा संरक्षण मानकों और ईवी चार्जिंग प्वाइंट को भी अनिवार्य किया गया है.
-
Posted By: Kisan India
23 साल पुराने पत्रकार हत्या मामले में गुरमीत राम रहीम को राहत, हाई कोर्ट ने किया बरी
पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने 2002 के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को बड़ी राहत देते हुए आरोपों से बरी कर दिया है. हालांकि इस मामले में दोषी ठहराए गए तीन अन्य आरोपियों की उम्रकैद की सजा बरकरार रखी गई है. इससे पहले 2019 में विशेष सीबीआई अदालत ने सभी चारों को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी. करीब दो दशक पुराने इस मामले में हाई कोर्ट के फैसले के बाद एक बड़ा मोड़ आ गया है.
-
Posted By: Kisan India
स्कूल छोड़ चुकी बेटियों को फिर मिलेगा पढ़ने का मौका, एमपी में शुरू होगा ‘सरस्वती अभियान’
मध्य प्रदेश सरकार पढ़ाई छोड़ चुकी लड़कियों को दोबारा शिक्षा से जोड़ने के लिए ‘सरस्वती अभियान’ शुरू करने जा रही है. मुख्यमंत्री मोहन यादव 10 मार्च को इस पहल की शुरुआत करेंगे. अभियान के तहत ओपन स्कूल प्रणाली के माध्यम से बालिकाओं को 8वीं, 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने का मौका मिलेगा. सरकार का उद्देश्य सामाजिक या आर्थिक कारणों से पढ़ाई छोड़ चुकी बेटियों को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है.
-
Posted By: Kisan India
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच कतर की चेतावनी, कच्चा तेल 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकता है
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल-काबी ने बड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में संघर्ष और बढ़ता है और खाड़ी देशों से तेल की आपूर्ति प्रभावित होती है, तो कच्चे तेल की कीमत 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है. उनका कहना है कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मूज जैसे अहम समुद्री मार्ग पर असर पड़ने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित हो सकती है, जिसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और तेल बाजार पर पड़ेगा.
-
Posted By: Saurabh Sharma
टेक्नोपार्क में IT पेशेवरों से मिले राहुल गांधी, युवाओं से टेक्नोलॉजी और रोजगार पर की खुली चर्चा
तिरुवनंतपुरम, केरल में लोकसभा सांसद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी टेक्नोपार्क पहुंचे, जहां उन्होंने IT सेक्टर में काम करने वाले युवाओं और पेशेवरों के साथ एक इंटरैक्टिव सेशन में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप, रोजगार और देश के डिजिटल भविष्य जैसे मुद्दों पर चर्चा की. राहुल गांधी ने युवाओं के सवालों के जवाब दिए और उनके अनुभव भी सुने. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में IT प्रोफेशनल्स मौजूद रहे, जिन्होंने अपने विचार और सुझाव साझा किए. यह संवाद युवाओं और नीति से जुड़े मुद्दों को समझने की दिशा में अहम माना जा रहा है. (ANI)
-
Posted By: Kisan India
दिल्ली में दवा बाजारों पर छापेमारी, 20 लाख से ज्यादा की इंसुलिन जब्त
दिल्ली में दवाओं की गुणवत्ता और स्टोरेज व्यवस्था की जांच के लिए ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने बड़े स्तर पर छापेमारी की. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर होलसेल दवा बाजारों में की गई कार्रवाई के दौरान करीब 20 लाख रुपये से अधिक कीमत की इंसुलिन जब्त की गई. जांच में कई फर्मों द्वारा दवाओं के स्टोरेज और रिकॉर्ड से जुड़े नियमों का उल्लंघन सामने आया है. मामले में दो फर्मों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.
-
Posted By: Kisan India
LPG बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव, अब 21–25 दिन बाद ही मिलेगा गैस सिलिंडर
LPG गैस सिलिंडर को लेकर नए नियम लागू कर दिए गए हैं. अब उपभोक्ता घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग 21 दिन से पहले नहीं करा सकेंगे, जबकि डबल सिलिंडर कनेक्शन वालों को 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग करनी होगी. इसके साथ ही देशभर में घरेलू गैस सिलिंडर के दाम 60 रुपये और कमर्शियल सिलिंडर के दाम 115 रुपये बढ़ा दिए गए हैं. तेल कंपनियों का कहना है कि यह फैसला गैस आपूर्ति को संतुलित रखने और संभावित कमी से बचने के लिए लिया गया है.
-
Posted By: Kisan India
महिला दिवस से पहले दिल्ली में जश्न शुरू, जेएनएल स्टेडियम में तीन दिन तक होंगे खास कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से एक दिन पहले दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में तीन दिवसीय विशेष समारोह की शुरुआत हो गई है. स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और फिट इंडिया अभियान की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम “मजबूत महिलाएं, मजबूत राष्ट्र” रखी गई है. 7 से 9 मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में फिटनेस सेशन, सेल्फ-डिफेंस ट्रेनिंग, वेलनेस एक्टिविटी और साइक्लिंग रैली जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसका उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को सम्मान देना है.
-
Posted By: Kisan India
आज हरिद्वार दौरे पर अमित शाह, 427 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज उत्तराखंड के हरिद्वार दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह करीब सवा चार घंटे धर्मनगरी में रहकर 427 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. शाह राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और बैरागी कैंप में जनसभा को भी संबोधित करेंगे. इसके अलावा वह पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा भी करेंगे.
-
Posted By: Kisan India
एमपी सरकार का बड़ा ऐलान, गेहूं पर 40 रुपये और उड़द पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस मिलेगा
मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए गेहूं और उड़द की फसल पर बोनस देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि उड़द की खरीदी पर किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस मिलेगा, जबकि गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 40 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा. इसके साथ ही गेहूं खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख भी बढ़ाकर 10 मार्च कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें.
-
Posted By: Kisan India
महाराष्ट्र बजट पर विपक्ष का हमला, किसानों और मध्यम वर्ग की अनदेखी का लगाया आरोप
महाराष्ट्र के 2026–27 के बजट को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है. महा विकास अघाड़ी ने आरोप लगाया कि यह बजट किसानों, मध्यम वर्ग और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जरूरतों को नजरअंदाज करता है. शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि चुनाव के दौरान किसानों से कर्ज माफी का वादा किया गया था, लेकिन बजट में इस पर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई. विपक्ष का कहना है कि बजट में किसानों के लिए ठोस राहत उपायों की कमी है.
-
Posted By: Kisan India
योगी सरकार की अभ्युदय योजना का असर, फ्री कोचिंग से UPSC में 6 अभ्यर्थियों ने पाई सफलता
उत्तर प्रदेश सरकार की फ्री कोचिंग योजना ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ का सकारात्मक परिणाम सामने आया है. इस योजना से जुड़े छह अभ्यर्थियों का यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में चयन हुआ है. समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय कोचिंग और मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम से तैयारी करने वाले छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया. सरकार का कहना है कि इस योजना के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और संसाधन मिल रहे हैं, जिससे वे बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर पा रहे हैं.
-
Posted By: Kisan India
उत्तराखंड खनन विभाग ने बनाया नया रिकॉर्ड, 950 करोड़ लक्ष्य के मुकाबले 965 करोड़ राजस्व हासिल
उत्तराखंड के खनन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व वसूली का नया रिकॉर्ड बना दिया है. विभाग को 950 करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन फरवरी 2026 तक ही 965 करोड़ रुपये की कमाई कर लक्ष्य पार कर लिया गया. अधिकारियों के अनुसार अगर यही रफ्तार जारी रही तो वित्तीय वर्ष के अंत तक खनन राजस्व 1100 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. विभाग का कहना है कि डिजिटल निगरानी प्रणाली और अवैध खनन पर सख्ती के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है.
-
Posted By: Kisan India
पटना में निशांत कुमार की युवा विधायकों संग अहम बैठक, 8 मार्च को जेडीयू ज्वॉइन करने की तैयारी
बिहार की राजनीति में हलचल के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने पटना में करीब 20 युवा विधायकों के साथ अहम बैठक की. यह बैठक जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर हुई, जिसमें मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात और पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई. माना जा रहा है कि निशांत कुमार 8 मार्च को आधिकारिक रूप से जेडीयू में शामिल हो सकते हैं.
-
Posted By: Kisan India
मिजोरम के गांवों को केंद्र से 14.80 करोड़ की सहायता, 816 ग्राम परिषदों को मिलेगा फायदा
केंद्र सरकार ने मिजोरम के ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए 14.80 करोड़ रुपये की अनुदान राशि जारी की है. यह फंड 15वें वित्त आयोग के तहत वित्त वर्ष 2025-26 के लिए दिया गया है. इस राशि का लाभ राज्य की 816 ग्राम परिषदों को मिलेगा, जिससे गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी. ग्राम परिषदें इस राशि का उपयोग स्थानीय जरूरतों और पंचायत स्तर के विकास कार्यों के लिए कर सकेंगी.
-
Posted By: Kisan India
12 मार्च से दिल्ली में शुरू होगा कृषि में महिलाओं पर वैश्विक सम्मेलन, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी उद्घाटन
नई दिल्ली के पूसा कैंपस में 12 से 14 मार्च 2026 तक कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिलाओं की भूमिका पर वैश्विक सम्मेलन (GCWAS-2026) आयोजित किया जाएगा. अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष के अवसर पर हो रहे इस सम्मेलन का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी. इस कार्यक्रम में दुनियाभर के वैज्ञानिक, नीति निर्माता और किसान भाग लेंगे, जहां खेती में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.
-
Posted By: Kisan India
महाराष्ट्र बजट में किसानों को बड़ी राहत, 2 लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने का ऐलान
महाराष्ट्र सरकार ने बजट 2026-27 में किसानों के लिए बड़ी घोषणा की है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ऐलान किया कि राज्य के किसानों का 2 लाख रुपये तक का कर्ज माफ किया जाएगा. इसके साथ ही जो किसान नियमित रूप से अपना कर्ज चुका रहे हैं, उन्हें 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी. सरकार का कहना है कि इस फैसले से किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और समय पर कर्ज चुकाने के लिए उन्हें प्रोत्साहन भी मिलेगा.
-
Posted By: Kisan India
तमिलनाडु दौरे पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, नारियल किसानों और स्टेकहोल्डर्स से करेंगे संवाद
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे. चेन्नई में वे नारियल उत्पादक किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े स्टेकहोल्डर्स से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करेंगे. दोपहर 1:30 बजे आईआईटी मद्रास में कोकोनट फार्मर्स और लीडर्स के साथ संवाद करेंगे, जबकि 3 बजे कोकोनट स्टेकहोल्डर्स कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे. दौरे के अंत में शाम 4:45 बजे केंद्रीय मंत्री मीडिया से भी बातचीत करेंगे.
-
Posted By: Kisan India
रबी सीजन के लिए सरकार का बड़ा फैसला, 3.03 करोड़ टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य तय
केंद्र सरकार ने रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए किसानों से 3.03 करोड़ टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य तय किया है. यह खरीद 1 अप्रैल से शुरू होगी और गेहूं को केंद्रीय भंडार के लिए लिया जाएगा. पिछले साल भी सरकार ने करीब 3 करोड़ टन गेहूं खरीदा था. सरकार का कहना है कि इससे किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ मिलेगा और देश में खाद्यान्न की उपलब्धता भी सुनिश्चित रहेगी.
-
Posted By: Kisan India
मार्च की शुरुआत में ही एमपी में बढ़ी गर्मी, नर्मदापुरम में पारा 38°C पार
मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेजी पकड़ ली है. कई शहरों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है, जबकि नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार साफ आसमान और तेज धूप के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है. लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है. आने वाले दिनों में प्रदेश के कई शहरों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है.
-
Posted By: Kisan India
छत्तीसगढ़ में पहली बार होंगे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स, 25 मार्च से 6 अप्रैल तक चलेगा खेल महाकुंभ
देश में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन छत्तीसगढ़ में किया जाएगा. केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया के अनुसार यह प्रतियोगिता 25 मार्च से शुरू होकर 6 अप्रैल 2026 तक चलेगी. रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा में होने वाले इन खेलों में देशभर के आदिवासी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. इस आयोजन का उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देना है.
-
Posted By: Kisan India
देश में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार, सरकार ने किसानों को किया आश्वस्त
खरीफ सीजन से पहले उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर सरकार ने किसानों को भरोसा दिलाया है. उर्वरक विभाग के अनुसार देश में इस समय यूरिया, डीएपी और एनपीके समेत सभी प्रमुख खादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है. सरकार का कहना है कि वैश्विक सप्लाई चेन में बाधाओं के बावजूद किसानों को खाद की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और खरीफ बुवाई के दौरान पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.
-
Posted By: Kisan India
मौसम की मार से घटेगा चीनी उत्पादन, 2025-26 में 2.83 करोड़ टन रहने का अनुमान
देश में गन्ने की फसल पर खराब मौसम का असर दिखाई देने लगा है. ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन (AISTA) के मुताबिक चालू सीजन 2025-26 में भारत का चीनी उत्पादन करीब 4.4% घटकर 2.83 करोड़ टन रह सकता है. पहले इसका अनुमान 2.96 करोड़ टन लगाया गया था. महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश जैसे प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में भारी बारिश, बादल और कम पैदावार के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है. वहीं उत्पादन का एक हिस्सा करीब 32 लाख टन चीनी ईथेनॉल बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
-
Posted By: Kisan India
यूपी में टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षकों का प्रदर्शन तेज, आज से कई जिलों में मशाल जुलूस
उत्तर प्रदेश में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक संगठन आंदोलन तेज करने जा रहे हैं. यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) के नेतृत्व में 7 मार्च से 15 मार्च तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में शाम के समय मशाल जुलूस निकाले जाएंगे. शिक्षक संगठनों की मांग है कि आरटीई लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट दी जाए. आंदोलन की शुरुआत शनिवार शाम बरेली समेत पांच जिलों से होगी, जबकि आगे की रणनीति जल्द घोषित की जाएगी.
-
Posted By: Kisan India
यूपी में बढ़ने लगी गर्मी, कई जिलों में तापमान सामान्य से 1–3°C अधिक
उत्तर प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है. राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में दिन के समय पंखे चलने लगे हैं और अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्मी का असर ज्यादा महसूस हो सकता है. वहीं किसानों को सलाह दी गई है कि वे गेहूं, सरसों, चना और आलू की फसलों में सुबह या शाम के समय हल्की सिंचाई करें, ताकि बढ़ते तापमान का असर कम किया जा सके.
-
Posted By: Kisan India
राजस्थान में बढ़ेगा गर्मी का असर, 9–10 मार्च को लू चलने की चेतावनी
राजस्थान के कई इलाकों में तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 9 और 10 मार्च को लू चलने की चेतावनी दी है. राज्य में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है और दिन के समय तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे गर्मी का असर साफ महसूस होने लगा है. हालांकि रात के समय तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है. वहीं पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अभी भी ठंड का असर बना हुआ है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
-
Posted By: Kisan India
रसोई गैस के दाम बढ़े, घरेलू सिलेंडर 60 और कमर्शियल गैस 115 रुपये महंगी
देशभर में 7 मार्च से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये का इजाफा हुआ है, जबकि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर 115 रुपये महंगे हो गए हैं. नई कीमतों के बाद दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 913 रुपये का हो गया है. वहीं कमर्शियल गैस की कीमत भी बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ने की संभावना है. माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा है, जिससे गैस के दाम बढ़े हैं.