मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी को मंजूरी, देश भर में अल नीनो की आशंका पर अलर्ट…
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अल नीनो के कारण कम बारिश की आशंका के बीच किसानों के लिए कंटिजेंसी प्लान, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और मूंग खरीदी को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं.
अल नीनो के संभावित प्रभाव और कम बारिश की आशंका के बीच किसानों को राहत और सुरक्षा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें पूरी तैयारी में जुट गई हैं. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए व्यापक कंटिजेंसी प्लान तैयार किया जा रहा है. साथ ही उन्होंने बाड़ी की धरती से मूंग खरीदी की औपचारिक मंजूरी देने की घोषणा करते हुए कहा कि किसानों की मेहनत का पूरा मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है.
रायसेन जिले के बाड़ी में आयोजित जनकल्याण शिविर में केंद्रीय मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़े. इस दौरान उन्होंने किसानों, महिलाओं और ग्रामीणों को संबोधित किया.
अल नीनो की चुनौती से निपटने की तैयारी
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष अल नीनो के असर की वजह से कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है. इसे देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारों ने साझा रणनीति बनानी शुरू कर दी है.
- पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी, 9 करोड़ से अधिक किसानों को मिले 2000 रुपये.. ऐसे चेक करें स्टेटस
- 23वीं किस्त जारी, इस बार 12 लाख नए लाभार्थियों को मिली पीएम किसान की राशि.. जानें कैसे बढ़ी संख्या
- PM Kisan की राशि जारी होने से पहले सुर्खियों में तारकेश्वर, आखिर 23वीं किस्त के लिए क्यों चुनी गई यही जगह?
उन्होंने बताया कि किसानों को फसल चयन, वैकल्पिक फसलों, कम अवधि वाली किस्मों, नमी संरक्षण और जल प्रबंधन संबंधी वैज्ञानिक सलाह दी जाएगी. कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि विभागों के माध्यम से किसानों तक यह जानकारी पहुंचाई जाएगी ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में नुकसान कम से कम हो.
मूंग खरीदी को मंजूरी, किसानों को मिलेगा लाभ
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने केंद्र से मूंग खरीदी की अनुमति मांगी थी और अब इसकी स्वीकृति प्रदान की जा रही है. उन्होंने कहा कि मूंग प्रदेश की तीसरी महत्वपूर्ण फसल बन चुकी है और इस फसल ने हजारों किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों के पसीने की हर बूंद की कीमत दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है. किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और पारदर्शी तरीके से खरीद हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
फसल बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड पर जोर
शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की अनिश्चितताओं के दौर में ये योजनाएं किसानों के लिए सुरक्षा कवच का काम करती हैं.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों को इन योजनाओं से जोड़ा जाए ताकि किसी भी संकट की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर के किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण कृषि पहलों की शुरुआत की. इसी कार्यक्रम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एग्रीस्टैक, राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन और प्रधानमंत्री धन–धान्य कृषि योजना को पश्चिम बंगाल में लागू करने की शुरुआत हुई.
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एग्रीस्टैक के माध्यम से डिजिटल कृषि को बढ़ावा मिलेगा, जबकि राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन खेती की लागत कम करने और टिकाऊ कृषि को प्रोत्साहित करने में मदद करेगा. प्रधानमंत्री धन–धान्य कृषि योजना सिंचाई, फसल विविधीकरण और ग्रामीण कृषि अवसंरचना को मजबूत करेगी.
किसानों के सम्मान का प्रतीक है पीएम किसान
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से मिलने वाली सहायता के साथ मध्य प्रदेश सरकार भी किसानों को अतिरिक्त आर्थिक सहयोग दे रही है, जिससे खेती का बोझ कम करने में मदद मिल रही है.