राशन योजना के चावल वितरण में भ्रष्टाचार मामले पर सियासत, साइकिल खरीद योजना में भी घोटाले का आरोप
Delhi rice distribution under ration scheme Scam : आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर चावल वितरण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं. इसके साथ ही अब छात्राओं को वितरण के लिए खरीदी गईं साइकिलों के दाम को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं. दिल्ली में सत्ता पक्ष और विपक्ष एक दूसरे के खिलाफ मार्च भी कर रहे हैं.
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार पर राशन के चावल वितरण में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद अब छात्राओं के लिए साइकिल खरीद में भी बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है. आम आदमी पार्टी ने सरकारी सब्सिडी वाले चावल दोगुने दाम पर एक कॉरपोरेशन को देने का आरोप लगाया है. इसके बाद अब साइकिल 4200 रुपये की साइकिल खरीद के लिए 6957 रुपये भुगतान करके भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है. वहीं, दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है और आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा निकाला है.
चावल वितरण में भ्रष्टाचार का मामला
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर 22000 करोड़ के चावल घोटाले की योजना बनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने प्रति सप्ताह 31 हजार मीट्रिक टन चावल तीन साल तक केंद्र सरकार के एफसीआई के गोदामों से 23 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदने और उसे दोगुनी कीमत यानी 46 रुपये प्रति किलो पर बेचने की योजना बनाई थी. आरोप है कि सरकार की योजना थी कि यह चावल खरीद कर गरीबों को नहीं बांटा जाना था बल्कि हरियाणा की एक संस्था को 46 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेच दिया जाए. यानी उसमें 11 हजार करोड़ रुपये की दलाली खाई जानी थी.
असम के कॉरपोरेशन को चावल देने और उसे हरियाणा बेचने के आरोप
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि असम के एक कॉरपोरेशन ने 7 जनवरी 2026 को दिल्ली सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह को पत्र लिखा था कि केंद्र सरकार के पास एक स्कीम है जिसमें केंद्र सरकार राज्यों को बहुत ही सस्ते दामों पर चावल देती है. यह चावल उन लोगों को दिया जाता है जो गरीब हैं और उनके पास राशन कार्ड नहीं है. असम के कॉरपोरेशन ने लिखा कि यह चावल हम लेंगे और गरीबों को बाटेंगे. इस पर दिल्ली सरकार ने मंजूरी पत्र जारी किए गए. केंद्रीय सतर्कता आयोग ने मामले की जांच की तो अनियमितताएं मिलने पर दिल्ली सरकार को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त आयुक्त अरुण कुमार झा निलंबित किया गया.
दिल्ली सरकार ने चावल मामले पर जवाब दिया
दिल्ली सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने चावल वितरण में भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि आप नेता सौरभ भारद्वाज और संजीव झा ने आज बेबुनियाद, झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए हैं. उन्होंने दोनों नेताओं को इन झूठे आरोपों को वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए 24 घंटे का समय दिया है.
Cycle चोर कहाँ मिलेंगे? बीजेपी के दफ़्तर में!
छात्राओं को बांटे जाने वाले साइकिलों की खरीद में बीजेपी की रेखा गुप्ता सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आज AAP विधायक साइकिल से विधानसभा पहुँचे और विरोध प्रदर्शन किया।
दिल्ली की जनता का सिर्फ़ एक सवाल है: जब वही साइकिल ₹4,200 में मिल… pic.twitter.com/qts0ifehph
— AAP (@AamAadmiParty) August 10, 2026
साइकिल वितरण में भ्रष्टाचार का मामला
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर मेधावी छात्राओं को विद्या वाहिनी योजना के तहत दी जाने वाली साइकिलों की खरीद में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं और विरोध में साइकिल मार्च निकाला है. आम आदमी पार्टी ने कहा है कि छात्राओं को बांटे जाने वाले साइकिलों की खरीद में बीजेपी की रेखा गुप्ता सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आज AAP विधायक साइकिल से विधानसभा पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया. दिल्ली की जनता का सिर्फ एक सवाल है कि जब वही साइकिल 4,200 रुपये में मिल रही थी, तो 1.30 लाख साइकिलों की खरीद के लिए 6,957 रुपये प्रति साइकिल क्यों चुकाए गए? यानी करीब 3,000 रुपये प्रति साइकिल का घपला हुआ. आखिर ये पैसा किसकी जेब में गया? सरकार इसका जवाब दे.