‘E20 से माइलेज कम हो रहा…’ लोगों की शिकायतें सुनने पेट्रोल पंप पहुंचे केजरीवाल, E20 पर जनता से जाना हाल
E20 Petrol: दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने एक पेट्रोल पंप और सर्विस स्टेशन पर जाकर वाहन चालकों से E20 पेट्रोल को लेकर उनकी राय जानी. उनका दावा है कि कई लोगों ने गाड़ियों की माइलेज कम होने और परफॉर्मेंस प्रभावित होने की शिकायत की.
Arvind Kejriwal: देश में E20 (20 फीसदी इथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को दिल्ली के एक पेट्रोल पंप और सर्विस स्टेशन पहुंचे. यहां उन्होंने लोगों से सीधे बातचीत कर E20 पेट्रोल के इस्तेमाल का अनुभव जाना. केजरीवाल का दावा है कि, कई लोगों ने उनसे गाड़ियों की माइलेज कम होने और कुछ तकनीकी दिक्कतों की शिकायत की. हालांकि, केंद्र सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि, E20 पेट्रोल को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही कई बातें गलत हैं और वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद ही इसे लागू किया गया है.
गाड़ी का माइलेज पहले से कम
अरविंद केजरीवाल ने पेट्रोल भरवाने आए लोगों और सर्विस सेंटर पर अपनी गाड़ियां लेकर पहुंचे वाहन मालिकों से बातचीत की. उनका कहना था कि, वे किसी राजनीतिक बयान के बजाय लोगों का वास्तविक अनुभव जानना चाहते थे. बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि कई वाहन चालकों ने बताया कि E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने के बाद उनकी गाड़ी का माइलेज पहले से कम हो गया है. कुछ लोगों ने इंजन की परफॉर्मेंस को लेकर भी चिंता जताई.
ये वीडियो ज़रूर देखें…
और पढ़ेंकल मैंने दिल्ली में कुछ कार मैकेनिकों और गाड़ी मालिकों से Ethanol पर बात की। E20 के कारण ख़राब हुई गाड़ियों की लाइन लगी हुई थी। गाड़ियों के माइलेज में भी भारी गिरावट है। सब परेशान हैं।
मोदी सरकार को समझना होगा कि टीवी पर झूठे इंटरव्यू देने और फर्जी प्रेस… pic.twitter.com/n2oi6YF3FV
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 12, 2026
सोशल मीडिया पर सरकार पर साधा निशाना
पेट्रोल पंप से लौटने के बाद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि, सरकार E20 पेट्रोल को लेकर जो दावे कर रही है, वे जमीन पर लोगों के अनुभव से मेल नहीं खाते. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों की बात सुनी जानी चाहिए. अगर आम नागरिक किसी नई व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं, तो सरकार को उनकी समस्याओं को समझकर समाधान निकालना चाहिए.
केजरीवाल ने कहा कि E20 पेट्रोल को लेकर सवाल उठाने वाले लोग कोई अफवाह नहीं फैला रहे, बल्कि अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा कर रहे हैं. इसलिए उनकी बात को नजरअंदाज करने या उन्हें गलत ठहराने के बजाय गंभीरता से सुना जाना चाहिए.
सरकार पहले ही दे चुकी है जवाब
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले केंद्र सरकार ने E20 पेट्रोल को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे दावों का विस्तृत जवाब जारी किया था. सरकार ने कहा था कि E20 से इंजन खराब होने, बीमा रद्द होने या पर्यावरण को नुकसान पहुंचने जैसी कई बातें भ्रामक हैं.
सरकार का दावा है कि E20 पेट्रोल को लागू करने से पहले व्यापक वैज्ञानिक परीक्षण किए गए और वाहन निर्माताओं के साथ भी लगातार चर्चा हुई. इसके साथ ही सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना, किसानों की आय बढ़ाना और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देना है. फिलहाल E20 पेट्रोल को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं.