डेयरी समितियों में पशुओं को मुफ्त इलाज और टीकाकरण शुरू, पशुधन नुकसान से बच पा रहे किसान

Dairy Farming: भारत में डेयरी कोऑपरेटिव किसानों और पशुपालकों के लिए बड़ी मदद बनकर उभरे हैं. इनके जरिए किसानों को पशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण और विशेषज्ञों की सलाह मिलती है. स्वस्थ पशुओं से दूध उत्पादन बढ़ता है, जिससे किसानों की आय में भी इजाफा होता है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होती है.

नोएडा | Published: 12 Mar, 2026 | 03:48 PM

Dairy Cooperatives: भारत में डेयरी सेक्टर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है. देश के लाखों किसान और पशुपालक अपनी आजीविका के लिए डेयरी पर निर्भर हैं. इसी को मजबूत बनाने में डेयरी कोऑपरेटिव (दुग्ध सहकारी समितियां) अहम भूमिका निभा रही हैं. इन समितियों के जरिए किसानों को न केवल दूध बेचने का बेहतर मंच मिलता है, बल्कि पशुओं की सेहत, टीकाकरण और तकनीकी मार्गदर्शन जैसी कई सुविधाएं भी मिलती हैं. पशुपालन और डेयरी विभाग की पहल से डेयरी सहकारी समितियां किसानों की आय बढ़ाने में मदद कर रही हैं.

डेयरी कोऑपरेटिव क्या होते हैं

डेयरी कोऑपरेटिव ऐसी संस्थाएं होती हैं, जिनमें कई किसान और पशुपालक मिलकर दूध उत्पादन और उसके विपणन का काम करते हैं. किसान अपनी गाय या भैंस का दूध इन समितियों को देते हैं और बदले में उन्हें उचित मूल्य मिलता है. इन सहकारी समितियों का मुख्य उद्देश्य किसानों को बिचौलियों से बचाकर उन्हें सीधा लाभ दिलाना है. इसके साथ ही दूध के संग्रह, प्रसंस्करण और बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था भी इन्हीं के माध्यम से होती है.

पशुओं के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा

डेयरी कोऑपरेटिव का एक बड़ा फायदा यह है कि इनके माध्यम से पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं. इन सेवाओं में पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर टीकाकरण, बीमारी की पहचान और इलाज शामिल होता है. कई जगहों पर विशेषज्ञ पशु चिकित्सक किसानों को यह भी बताते हैं कि पशुओं की देखभाल कैसे की जाए, ताकि वे लंबे समय तक स्वस्थ रहें.डेयरी सहकारी समितियों के जरिए किसानों को टीकाकरण अभियान की जानकारी भी दी जाती है. समय पर टीकाकरण होने से पशुओं में होने वाली कई गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है.

इसके अलावा विशेषज्ञ किसानों को यह भी बताते हैं कि पशुओं को किस प्रकार का चारा देना चाहिए, उनका रखरखाव कैसे किया जाए और दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए कौन-सी आधुनिक तकनीक अपनाई जा सकती है.

स्वस्थ पशु, ज्यादा उत्पादन

किसी भी डेयरी व्यवसाय की सफलता काफी हद तक पशुओं की सेहत पर निर्भर करती है. जब पशु स्वस्थ होते हैं तो उनका दूध उत्पादन भी बेहतर होता है. डेयरी कोऑपरेटिव के माध्यम से जब पशुओं को सही इलाज, संतुलित आहार और समय पर टीकाकरण मिलता है, तो इससे उनकी उत्पादकता बढ़ती है. इसका सीधा फायदा किसानों को मिलता है, क्योंकि ज्यादा दूध का मतलब ज्यादा आय होता है.

किसानों की आय बढ़ाने में मदद

डेयरी सहकारी समितियां किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का माध्यम भी बन रही हैं. इन समितियों के जरिए किसानों को दूध का उचित मूल्य मिलता है, साथ ही उन्हें नई तकनीकों और बेहतर पशुपालन के तरीकों की जानकारी भी मिलती है जिससे उत्पादन बढ़ता है.

Topics: