महिला समूहों के लिए 700 नए वीटा बूथ और मिल्क सेंटर खुलेंगे, दूध सब्सिडी बढ़ाकर 10 रुपये की गई
Haryana Milk Subsidy: हरियाणा सरकार ने सहकारी समितियों के तहत पंजीकृत महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना की घोषणा की है. इस पहल के तहत प्रदेश में 700 नए वीटा बूथ खोले जाएंगे, जहां पर दूध उत्पादों की बिक्री होगी. महिला समूहों को दूध पर सब्सिडी भी बढ़ाने की घोषणा की गई है.
हरियाणा सरकार ने महिला डेयरी विकास के लिए 700 नए वीटा बूथ खोलने की घोषणा की है. इसके अलावा राज्य में 21 चिलिंग मिल्क सेंटर लगाने का ऐलान भी किया गया है. वीटा बूथ प्रदेश में महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूती देंगे और उनकी कमाई बढ़ाने में मदद करेंगे. महिला समूहों बढ़ावा देने के लिए दूध सब्सिडी राशि भी बढ़ाकर 10 रुपये कर दी गई है. वीटा बूथ और मिल्क चिलिंग सेंटर्स को हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से महिला समूहों को आवंटित किए जाएंगे.
साझा डेयरी योजना के तहत पशु शेड भी बनेंगे
हरियाणा सरकार ने सहकारी समितियों के तहत पंजीकृत महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए एक विशेष प्रोत्साहन योजना की घोषणा की है. इस पहल के तहत प्रदेश में 700 नए वीटा बूथ खोले जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए स्रोत विकसित होंगे. साथ ही, साझा डेयरी योजना के अंतर्गत पंचायती जमीन पर पशु शेड का निर्माण किया जाएगा और पशुओं की खरीद के लिए समूहों को रियायती दरों पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.
महिला समूहों को दूध पर 10 रुपये सब्सिडी मिलेगी
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंजीकृत महिला समूहों को 10 रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. सहकारिता विभाग ने सर्दियों में दूध पर सब्सिडी 3 रुपये को बढ़ाकर 5 रुपये और गर्मियों की 5 रुपये प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर 7 रुपये प्रति लीटर कर दिया है. इसके अलावा वीटा दूध को बाजार में प्रतिस्पर्धी और लाभदायक बनाने के लिए दुग्ध मार्केटिंग प्रोत्साहन में भी 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है.
राज्य में 674 वीटा बूथ पहले से चालू
प्रदेश में रोजगार संवर्धन की दिशा में तेजी से काम चल रहा है. अब तक 674 वीटा बूथ स्थापित किए जा चुके हैं, 318 नए बूथ जल्द खोले जाएंगे और 240 बूथों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है. अब 700 नए वीटा बूथ खोलने की घोषणा कर दी गई है. वीटा बूथ संचालन के लिए महिला समूह हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ में आवेदन कर सकते हैं. डेयरी विकास संघ ही महिला समूहों को वीटा बूथों का आवंटन करेगा.
वीटा बूथों पर दूध-दही, घी और आइसक्रीम भी मिलेगी
सहकारी समितियों और महिला समूहों के वीटा बूथ केंद्रों के जरिए केवल जींद जिले में रोजाना लगभग 5 लाख लीटर दूध का संकलन किया जा रहा है. सहकारिता फेडरेशन को लाभ में लाने और दुग्ध उत्पादों की विविधता बढ़ाने के लिए जल्द ही वीटा ब्रांड के तहत आइसक्रीम निर्माण भी शुरू किया जाएगा. हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ के अधीन इन वीटा बूथों पर दूध, दही, घी के अलावा अब वीटा ब्रांड के तहत आइसक्रीम जैसे नए उत्पाद भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं.