सिलेंडर के बाद दूध की महंगाई का झटका, एक सप्ताह में तीसरी कंपनी ने दूध की कीमतें बढ़ाईं

Milk Price Hike : एलपीजी बढ़ोत्तरी के बाद अब दूध की महंगाई ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है. सहकारी मिल्क कंपनी ने दूध के दाम में 4 रुपये बढ़ा दिए हैं. राज्य के मत्स्य और पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मलिक ने कहा ताजा बढ़ोत्तरी टोंड और गोल्ड के साथ ही प्रीमियम मिल्क में की गई है.

नोएडा | Updated On: 3 May, 2026 | 02:30 PM

1 मई को कमर्शियल और छोटे एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोत्तरी से आम व्यक्ति को महंगाई का झटका लगा है. अब दूध की कीमतों में भी बढ़ोत्तरी के ऐलान में मुश्किलें बढ़ा दी हैं. पहले पंजाब और फिर केरल के बाद अब ओडिशा की सहकारी मिल्क कंपनी ने दूध के दाम में बढ़ोत्तरी की घोषणा कर दी है. ताजा बढ़ोत्तरी के फैसले से 4 रुपये प्रति लीटर दूध की कीमत महंगी हो गई है.

टोंड मिल्क 4 रुपये महंगा हुआ

ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (OMFED) ने प्रोसेसिंग और ट्रांसपोर्टेशन की लागत में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए दूध की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है. राज्य के मत्स्य और पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मलिक ने टोन्ड दूध की कीमत 50 रुपये से बढ़ाकर 54 रुपये प्रति लीटर कर दी है, जबकि प्रीमियम दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 58 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

गोल्ड प्रीमियम मिल्क अब 64 रुपये में मिलेगा

राज्य के मत्स्य और पशु संसाधन विकास मंत्री ने कहा कि गोल्ड प्रीमियम दूध की कीमत 56 रुपये से संशोधित करके 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि गोल्ड प्रीमियम प्लस वैरायटी की कीमत अब 60 रुपये से बढ़कर 64 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी.

पंजाब में दूध के दाम बढ़ाने का ऐलान

पंजाब के डेयरी किसानों के लिए राज्य सरकार ने दूध की खरीद कीमत में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. यह निर्णय मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में लिया गया है, जिसके तहत मिल्कफेड पंजाब (वेरका) से जुड़े किसानों को अब पहले से ज्यादा दाम मिलेंगे. सरकार द्वारा घोषित नई दरें 1 मई 2026 से लागू हो जाएंगी. इस फैसले के तहत दूध खरीद की कीमत में प्रति किलोग्राम फैट 20 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. इसका सीधा फायदा उन किसानों को मिलेगा जो मिल्कफेड पंजाब के साथ जुड़े हुए हैं और नियमित रूप से दूध सप्लाई करते हैं.

केरल में मिल्मा ने दूध के दाम बढ़ाएगी

केरल सरकार की ओर से संचालित डेयरी सहकारी संस्था मिल्मा ने दूध की कीमत में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. केरल कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (KCMMF) के चेयरमैन केएस मणि ने कहा कि मिल्मा ब्रांड के तहत बिकने वाले दूध की कीमत में बढ़ोतरी की जरूरत है. उन्होंने मीडिया से कहा कि हमें डेयरी किसानों के साथ-साथ उपभोक्ताओं के हितों का भी ध्यान रखना होगा. इसलिए बढ़ोतरी की मात्रा के बारे में उचित फैसला लिया जाएगा, क्योंकि मिल्मा के लिए दूध की कीमत में बढ़ोतरी जरूरी है और इसे लागू किया जाएगा. कहा जा रहा है कि प्रति लीटर 6 रुपये की बढ़ोत्तरी की सिफारिश की गई है.

गर्मियों में और लग सकता है महंगाई का झटका

सहकारी डेयरी सस्थाओं के दूध के दाम बढ़ाने से उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगेगा. क्योंकि, फिलहाल तो किसानों को ज्यादा भाव देने के लिए दाम में बढ़ोत्तरी की बात कही जा रही है. लेकिन, कंपनी बढ़े भुगतान के साथ ही अपनी अन्य कॉस्ट मैनेज करने के लिए बाजार में बिकने वाले दूध पाउच और पनीर, घी समेत अन्य दूध उत्पादों की रिटेल कीमतों में इजाफा कर सकती है. एक्सपर्ट का कहना है कि आमतौर पर गर्मियों की शुरुआत में हर साल कंपनियां दूध के दाम में बढ़ोत्तरी करती हैं.

Published: 3 May, 2026 | 01:55 PM

Topics: