सितंबर की शुरुआत में बड़ा झटका! LPG सिलेंडर 9.50 रुपये महंगा, जानें दिल्ली-मुंबई में क्या है नए रेट

LPG Price Hike: 1 सितंबर 2026 से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 9.50 रुपये महंगा हो गया है. दिल्ली में इसका नया रेट 2,747.50 रुपये और मुंबई में 2,701 रुपये है. लेह में कमर्शियल सिलेंडर सबसे महंगा 3,385.50 रुपये का है.

नोएडा | Published: 1 Sep, 2026 | 08:24 AM

LPG Price September 1: सितंबर की शुरुआत में एलपीजी सिलेंडर खरीदने वालों के लिए मिला-जुला अपडेट आया है. 1 सितंबर 2026 को तेल कंपनियों ने एलपीजी की नई कीमतें जारी कर दी हैं. इस बार घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है. देशभर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 9.50 रुपये महंगा हुआ है. इस बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और दूसरी व्यावसायिक जगहों पर इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर पर पड़ेगा. वहीं, घर में खाना बनाने वाले लोगों को फिलहाल घरेलू सिलेंडर के लिए पहले जितनी ही कीमत चुकानी होगी.

दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर का नया रेट

इंडियन ऑयल की ओर से जारी कीमतों के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम 9.50 रुपये बढ़कर 2,747.50 रुपये हो गया है. अगस्त में इसकी कीमत 2,738 रुपये थी. चेन्नई में भी कमर्शियल सिलेंडर 10.50 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,916.50 रुपये बताया गया है. वहीं मुंबई में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 2,701 रुपये हो गई है. यहां अगस्त में यह 2,691.50 रुपये में मिल रहा था.

घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में बदलाव नहीं

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 942 रुपये और मुंबई में 941.50 रुपये में मिल रहा है. हालांकि, देश के अलग-अलग शहरों में गैस सिलेंडर के दाम अलग-अलग हैं. लेह में घरेलू एलपीजी सिलेंडर सबसे महंगा है, जहां इसकी कीमत 1,179 रुपये है. यानी 1 सितंबर से घरेलू गैस सिलेंडर खरीदने वाले ग्राहकों को पहले के मुकाबले कोई अतिरिक्त पैसा नहीं देना होगा. इससे घरेलू गैस इस्तेमाल करने वाले परिवारों को फिलहाल राहत मिली है.

5 किलो वाले सिलेंडर के भी अलग-अलग रेट

5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से अंतर है. सामान्य 5 किलो LPG सिलेंडर का रेट 349.50 रुपये पर बना हुआ है. वहीं XTRALITE सिलेंडर की कीमत 339 रुपये है. हालांकि 5 किलो वाले नॉन-डोमेस्टिक भरे हुए सिलेंडर की कीमत 762 रुपये से बढ़कर 764 रुपये हो गई है.

सबसे सस्ता और सबसे महंगा सिलेंडर कहां?

अगर घरेलू और कमर्शियल दोनों सिलेंडरों की कीमत देखें तो मुंबई में इनके दाम देश के कई हिस्सों के मुकाबले कम हैं. मुंबई में घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2,701 रुपये का है. वहीं लेह में एलपीजी सिलेंडर सबसे महंगा है. यहां घरेलू सिलेंडर 1,179 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3,385.50 रुपये का है. कमर्शियल सिलेंडर के दाम में यहां भी 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.

अगस्त से सितंबर के बीच कैसा रहा कमर्शियल LPG का ट्रेंड?

साल अगस्त से सितंबर के बीच बदलाव स्थिति
2014 32.50 रुपये सस्ता
2015 41 रुपये सस्ता
2016 कोई बदलाव नहीं स्थिर
2017 115 रुपये महंगा
2018 47 रुपये महंगा
2019 50.50 रुपये महंगा
2020 2 रुपये सस्ता
2021 70 रुपये महंगा
2022 91.50 रुपये सस्ता
2023 157.50 रुपये सस्ता
2024 39 रुपये महंगा
2025 51.50 रुपये सस्ता
2026 9.50 रुपये महंगा

इन 13 साल के आंकड़ों से साफ है कि सितंबर में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों का रुख हर साल एक जैसा नहीं रहा. 2023 में सबसे बड़ी कटौती 157.50 रुपये की हुई, जबकि 2017 में सबसे ज्यादा 115 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

कारोबारियों पर पड़ सकता है असर

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैंटीन और दूसरी दुकानों में बड़े पैमाने पर होता है. ऐसे में  सिलेंडर के दाम बढ़ने पर कारोबारियों का खर्च भी बढ़ जाता है. इसका असर आगे चलकर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है. हालांकि, आम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 1 सितंबर को कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है. यानी घरों में इस्तेमाल होने वाला गैस सिलेंडर पहले की कीमत पर ही मिलेगा.

Topics: