केरल में खत्म हुआ 10 दिन का सस्पेंस, वीडी सतीशन होंगे नए CM… जानिए कैसे पड़ गए सब पर भारी?
मुख्यमंत्री पद के लिए वीडी सतीशन के अलावा केसी वेणुगोपाल का नाम भी चर्चा में था. लेकिन आखिर में पार्टी नेतृत्व ने वीडी सतीशन पर भरोसा जताया. कांग्रेस के इस फैसले के साथ ही अब राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है. माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जा सकता है.
VD Satheesan Kerala CM: केरल की राजनीति में पिछले कई दिनों से चल रहा सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन को केरल का नया मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है. विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के करीब 10 दिन बाद पार्टी हाईकमान ने उनके नाम पर अंतिम मुहर लगाई.
कांग्रेस के इस फैसले के साथ ही अब राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है. माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जा सकता है.
10 दिन तक चला मंथन
केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी UDF को बड़ी जीत मिली थी. चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा और बैठकों का दौर शुरू हो गया था. दिल्ली से लेकर तिरुवनंतपुरम तक कई स्तरों पर बातचीत हुई. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय नेतृत्व के बीच लगातार विचार-विमर्श चलता रहा. इस दौरान कई नेताओं के नाम मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सामने आए.
मुख्यमंत्री पद के लिए वीडी सतीशन के अलावा केसी वेणुगोपाल का नाम भी चर्चा में था. लेकिन आखिर में पार्टी नेतृत्व ने वीडी सतीशन पर भरोसा जताया.
UDF को मिली बड़ी जीत
2026 के केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन UDF ने शानदार वापसी की है. गठबंधन ने 140 में से 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. दूसरी ओर LDF को केवल 35 सीटों पर संतोष करना पड़ा. यह परिणाम कांग्रेस के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि करीब 10 साल बाद पार्टी फिर से सत्ता में लौट रही है.
लगातार छठी बार विधायक बने सतीशन
वीडी सतीशन ने इस चुनाव में परावूर विधानसभा सीट से लगातार छठी बार जीत दर्ज की. उन्होंने ई. टी. टाइसन मास्टर को करीब 20,600 वोटों से हराया. सतीशन लंबे समय से केरल की राजनीति में सक्रिय हैं और पार्टी के मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं. विपक्ष के नेता के रूप में भी उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ कई मुद्दों को मजबूती से उठाया था. उनकी साफ छवि और संगठन में मजबूत पकड़ को मुख्यमंत्री चयन में बड़ा कारण माना जा रहा है.
कौन है वीडी सतीशन?
वीडी सतीशन को लंबे समय से केरल की राजनीति में सक्रिय और मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं. वह 2001 से लगातार परवूर विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर रहे हैं. साल 2021 में उन्हें रमेश चेन्निथला की जगह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी. इसके बाद उन्होंने विपक्ष की तरफ से कई बड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा और अपनी अलग पहचान बनाई. भ्रष्टाचार और प्रशासनिक फैसलों को लेकर उन्होंने लगातार लेफ्ट सरकार पर हमला बोला. 2026 विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने पूरे राज्य में कांग्रेस के लिए जोरदार प्रचार किया, जिसका फायदा पार्टी को चुनाव परिणामों में देखने को मिला.
आखिर कांग्रेस ने वीडी सतीशन को ही क्यों चुना?
वीडी सतीशन को केरल कांग्रेस का मजबूत और अनुभवी चेहरा माना जाता है. पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के तौर पर विधानसभा में कई बड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा और अपनी अलग पहचान बनाई. पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है. संगठन और जनता दोनों के बीच बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया और राज्य की कमान सौंपने का फैसला किया.
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
मुख्यमंत्री के नाम को लेकर पिछले कुछ दिनों से पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भी काफी उत्सुकता थी. अलग-अलग गुट अपने नेताओं के समर्थन में सक्रिय थे. जैसे ही पार्टी ने वीडी सतीशन के नाम का ऐलान किया, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई. कई जगह समर्थकों ने मिठाइयां बांटी और जश्न मनाया.
नई सरकार से बढ़ी उम्मीदें
अब लोगों की नजर नई सरकार के गठन और उसके फैसलों पर टिकी हुई है. बेरोजगारी, महंगाई, विकास, पर्यटन और बुनियादी सुविधाएं जैसे मुद्दे नई सरकार के सामने बड़ी चुनौती होंगे.