3 हजार किसान दिल्ली पहुंचे, बॉर्डर पर हजारों जुटे.. वीएम सिंह, सुरजीत सिंह, गुरनाम चढूनी हिरासत में
दिल्ली में किसान घाट पहुंचे किसान नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. वहीं, हजारों की संख्या में किसान दिल्ली की सीमाओं पर जुटे हुए हैं. जबकि, पुलिस प्रशासन ने गुरनाम सिंह चढूनी समेत कई किसान नेताओं को हाउस अरेस्ट किया है.
भारत अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में दिल्ली कूच करने वाले किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर दिल्ली के किसान घाट में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए 3 हजार से ज्यादा किसान पहुंचे हैं. इन सभी किसानों को दिल्ली के बुराडी पार्क स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में हिरासत में रखा गया है. वहीं, दिल्ली की सीमाएं सील किए जाने से पंजाब, हरियाणा और यूपी से पहुंच रहे किसानों को सीमाओं पर रोक दिया है. हजारों की संख्या में जुटे किसानों ने सीमाओं पर डेरा डाल दिया है. किसानों को पुलिस बसों में भरकर ले गई है. किसान नेताओं ने आह्वान किया है कि वह पुलिस की दमनकारी कार्रवाई का विरोध करते हैं और आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा.
देश बचाओ मोर्चा की लीडरशिप हिरासत में
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के नेता हेमेंद्र कुमार कालदेव ने किसान इंडिया को बताया कि देश के 112 किसान संगठनों ने भारत अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में देश बचाओ मोर्चा तैयार किया है. मोर्चा की समन्वय समिति आंदोलन गतिविधियों को लीड कर रही है. इस समिति में शामिल किसान नेता सरदार वीएम सिंह को पुलिस ने दिल्ली के राजघाट से हिरासत में लिया है.
सुरजीत सिंह फूल हिरासत में
भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी के अध्यक्ष सुरजीत सिंह फूल ने बताया कि किसान जैसे ही दिल्ली की सीमाओं को पार करके जाने लगे उन्हें हिरासत में लिया जाने लगा. उन्होंने बताया कि उनके साथ 200 किसानों को भी हिरासत में लिया गया है.
डल्लेवाल को शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने रोका
जगजीत सिंह डल्लेवाल शंभू सीमा पर जुटे हैं. वहां से किसानों को पुलिस प्रशासन ने दिल्ली जाने नहीं दे रही है. सुरजीत सिंह फूल जो लोग बाहर रह गए हैं उनकी जिम्मेदारी है कि वह मोर्चा को संभालें और जहां हैं डटे रहें.
अनुमति को लेकर दिल्ली पुलिस से कहासुनी
हेमेंद्र कुमार कालदेव ने बताया कि पुलिस कह रही है कि विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं ली गई है. जबकि, वीएम सिंह और टीम ने कल ही दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर बातचीत की थी, जिसमें पुलिस ने आंदोलन स्थल और विरोध प्रदर्शन की अनुमति पर सहमति दी थी. किसानों का प्रदर्शन दोपहर 2 बजे तक के लिए प्रस्तावित था.
दर्जनों किसानों के साथ राजू शेट्टी हिरासत में
महाराष्ट्र के संगठन स्वाभिमान पक्ष के संस्थापक और पूर्व सांसद राजू शेट्टी को दिल्ली पुलिस ने किसान घाट से हिरासत में लिया. उनके साथ दो बसें भरकर किसानों को हिरासत में लेकर राजीव गांधी स्टेडियम में रखा गया है.
किसानों को विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए भारी फोर्स तैनात.
दिल्ली में फोर्स तैनात
किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है. वहीं, किसानों को हिरासत में लेने और ले जाने के लिए रोडवेज बसों का भी प्रशासन ने इंतजाम करके रखा है.