BKU ने कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन का समर्थन किया, SKM नेता से अभिजीत डीपके को मिला जवाब
Cockroach Janata Party Protest : कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से किसानों का समर्थन मांगने के बाद कई किसान संगठनों से प्रतिक्रिया मिली है. भारतीय किसान यूनियन चढूनी और SKM गैर राजनीतिक की ओर से जंतर मंतर में युवाओं के प्रदर्शन पर जवाब दिया गया है.
नीट पेपर लीक और परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में दिल्ली के जंतर मंतर में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन दो दिनों से चल रहा है और आज तीसरे दिन भी जारी है. कॉकरोच जनता पार्टी के लीडर अभिजीत डीपके ने फिर से प्रदर्शन में किसानों को शामिल होने के लिए समर्थन मांगा है. उन्होंने कहा कि किसान और मजदूरों को युवाओं के आंदोलन का साथ देना होगा. इस पर किसानों के बड़े भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट ने युवाओं के आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया है. वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक के नेतृत्व में 23 जून को कई किसान संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जंतर मंतर पर जुट रहे हैं. वहीं, अभिजीत डीपके ने किसान संगठन का धन्यवाद दिया है.
दिल्ली के जंतर मंतर में शनिवार को शुरू हुआ युवाओं का प्रदर्शन आज तीसरे दिन पहुंच गया. परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के लिए आंदोलनरत हैं. प्रदर्शन के दूसरे दिन रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किसानों से भी समर्थन की अपील की थी, उन्होंने आज तीसरे दिन फिर से किसानों से अपील की है कि वे उनका साथ दें.
छात्रों ने किसानों की लड़ाई लड़ी, अब किसानों की जरूरत छात्रों को है
अभिजीत दीपके ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और इसमें बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है. उन्होंने सोमवार को फिर से दोहराया कि किसानों के अधिकारों की लड़ाई में छात्र-युवा हमेशा साथ खड़े रहे हैं और अब उन्हें किसानों की एकजुटता की जरूरत है. अब किसानों की बारी है कि वे भी छात्रों के आंदोलन का समर्थन करें. उन्होंने किसानों, किसान नेताओं और मजदूरों से उनके आंदोलन का समर्थन करने की अपील की.
भाकियू चढूनी ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को नैतिक समर्थन दिया
भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट ने जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के चल रहे विरोध-प्रदर्शन को अपना समर्थन देने की घोषणा की है. संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि अगर देश में जो गलत हो रहा उसके खिलाफ कोई प्रदर्शन कर रहा है तो उनका संगठन नैतिक समर्थन करता है.
भाकियू से समर्थन मिलने पर कॉकरोच जनता पार्टी के लीडर अभिजीत डीपके ने कहा कि मैं हमारे आंदोलन का समर्थन करने और छात्रों के साथ खड़े होने के लिए भारतीय किसान यूनियन का धन्यवाद करता हूं. जय जवान – जय किसान!
कॉकरोच जनता पार्टी को समर्थन पर एसकेएम प्रवक्ता ने क्या कहा
अभिजीत डीपके के समर्थन मांगने पर किसान इंडिया ने 22 से ज्यादा किसान संगठनों के समूह और तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक से संपर्क किया. मोर्चा के हरियाणा प्रदेश प्रवक्ता मनोज जागलान ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी किन मुद्दों के लिए आंदोलन कर रही है और उनका मकसद और एजेंडा क्या है, वह किस तरह का समर्थन किसानों, किसान नेताओं से चाहते हैं, यह साफ नहीं है.
23 जून को जंतर मंतर पहुंचेंगे किसान संगठन
प्रवक्ता मनोज जागलान ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी उनके संगठन से पत्राचार करे या बैठक करके अपने आंदोलन के बारे में बताए तो उसके बाद तय किया जाएगा. उन्होंने कहा कि उनका संगठन 23 जून मंगलवार को जंतर मंतर पहुंचेगा. इस दौरान अमेरिकी व्यापार समझौते के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. इस दौरान 22 से अधि किसान संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे.