मजदूर यूनियन के विरोध प्रदर्शन से दिल्ली-नोएडा बॉर्डर बंद, आगजनी-पथराव के बाद भारी फोर्स तैनात

Labor Union Protest Noida: मजदूर यूनियन के विरोध प्रदर्शन से दिल्ली-नोएडा बॉर्डर जाम होने के बाद बंद कर दिया गया है. ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को बेरीकेडिंग लगाकर रोक दिया है, जिससे दिल्ली से नोएडा जाने वाली हजारों गाड़ियां फंस गई हैं. 

नोएडा | Updated On: 13 Apr, 2026 | 12:27 PM

मजदूर यूनियन के विरोध प्रदर्शन से दिल्ली-नोएडा बॉर्डर जाम होने के बाद बंद कर दिया गया है. ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को बेरीकेडिंग लगाकर रोक दिया है, जिससे दिल्ली से नोएडा जाने वाली हजारों गाड़ियां फंस गई हैं. वहीं, नाराज मजदूरों और कर्मचारियों ने राहगीरों की गाड़ियों में आग लगा दी और पुलिस की गाड़ियों पर पत्थर बरसाए हैं. जिसके बाद भारी पुलिस फोर्स दिल्ली सीमा पर तैनात किया गया है और यूपी दिल्ली सीमा को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है.

सोमवार की सुबह यात्रियों के लिए बेहद मुश्किल भरी रही, जब वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर एक लेबर यूनियन के विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया और गाड़ियों की आवाजाही लगभग ठप हो गई.

वादे के बाद भी सैलरी नहीं बढ़ाने पर भड़के कर्मचारी

रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश के नोएडा में फेज-2 में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर एक कंपनी के कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और कुछ अन्य गाड़ियों में आग लगा दी गई. यह विरोध प्रदर्शन सुबह-सुबह शुरू हुआ, जिसके चलते दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों- जिनमें NH 9 भी शामिल है. इन हाइवे पर भारी भीड़ जमा हो गई. इससे ऑफिस जाने के समय (रश आवर) में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पुलिस ने बताया लेबर यूनियन ने बंद जाम किया यूपी बॉर्डर

गाड़ियों की लंबी कतारें कई किलोमीटर तक फैली हुई दिखाई दीं, और कई यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे. पुलिस सूत्रों ने मीडिया को बताया कि उत्तर प्रदेश के लेबर यूनियन के सदस्य बॉर्डर के पास जमा होकर प्रदर्शन कर रहे थे. उन्होंने सड़क के कुछ हिस्सों को रोक दिया था, जिससे ट्रैफिक की गति धीमी हो गई थी. हालात को संभालने और ट्रैफिक को दूसरी तरफ मोड़ने के लिए दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था, लेकिन गाड़ियों की भारी संख्या के कारण अफरा-तफरी और बढ़ गई.

सुबह से जाम में फंसे रहे राहगीर

परेशान यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (ट्विटर) का सहारा लिया और अधिकारियों से दखल देने तथा सड़कों को खाली कराने की अपील की. ​कई यात्रियों ने शिकायत की कि ट्रैफिक के सबसे व्यस्त समय (पीक आवर) में होने वाली भीड़ से बचने के लिए जल्दी निकलने के बावजूद वे जाम में फंसे रहे. एक प्राइवेट कंपनी की कर्मचारी ने पीटीआई को बताया कि वह सुबह करीब 7:30 बजे अपने घर से निकली थी, लेकिन एक घंटे से भी ज्यादा समय तक ट्रैफिक में फंसी रही और गाड़ी बिल्कुल भी आगे नहीं बढ़ पाई. उन्होंने कहा कि गाड़ियां बिल्कुल भी आगे नहीं बढ़ रही हैं. लोग अपनी गाड़ियों से उतरकर यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आगे क्या हो रहा है.

अधिकारियों ने बताया कि जाम को हटाने और जल्द से जल्द ट्रैफिक की आवाजाही को सामान्य बनाने के प्रयास जारी हैं।

 

Published: 13 Apr, 2026 | 12:19 PM

Topics: