गेहूं खरीद दिक्क्तों पर बवाल! आगरा-मुंबई हाइवे पर जुटे किसान, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
मध्य प्रदेश में गेहूं खरीद दिक्कतों को लेकर कई जिलों में किसान संगठन विरोध प्रदर्शन कर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दे रहे हैं. लेकिन, केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद भी जमीन पर स्थितियां विपरीत बनी हुई हैं. मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के आह्वान पर आगरा-मुंबई हाइवे पर किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताों ने जोरदार प्रदर्शन किया है.
मध्य प्रदेश में गेहूं खरीद में अनियमितताओं और देरी की वजह से किसानों में नाराजगी है. किसानों की समस्या को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आज राज्य से गुजरने वाले आगरा-मुंबई हाइवे पर जगह-जगह चक्काजाम किया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर इंदौर, शाजापुर, गुना समेत 7 अलग-अलग जगहों पर कार्यकर्ता जुटे हैं. क्षेत्रीय किसान भी प्रदर्शन में शामिल हुए हैं सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गेहूं खरीद समस्याओं को तत्काल दूर करने की मांग की गई है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज मध्य प्रदेश का किसान खून के आंसू रो रहा है आज पूरी मध्य प्रदेश कांग्रेस मुंबई–आगरा हाईवे चक्का जाम कर मोहन यादव सरकार को जगाएगी.
इंदौर में डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लगा
इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बायपास पर लगाया डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लगाया है. उज्जैन के कांग्रेस कार्यकर्ता सामाजिक न्याय परिसर से मक्सी के पास हाईवे पर प्रदर्शन के लिए निकले हैं. तराना विधायक महेश परमार ने कहा कि तराना के आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान भी जाम में शामिल होंगे.उज्जैन से 150 वाहनों का काफिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में रवाना हुआ। इसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं.
शाजापुर के रोजवास टोल प्लाजा पर फोर्स तैनात
शाजापुर जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर रोजवास टोल प्लाजा पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है. बुधवार सुबह से जिलेभर के पुलिस जवान और अधिकारी लालघाटी स्थित बापू की कुटिया के पास जमा हैं.
“सड़क सत्याग्रह” के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग चक्का जाम का उद्देश्य आमजन को परेशान करना नहीं है।
सभी कांग्रेस परिवार के साथी जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखते हुए किसानों की लड़ाई मजबूती और जिम्मेदारी के साथ लड़ रहे हैं।
जय जवान – जय किसान 🌾 pic.twitter.com/U8vTkihhIR
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) May 7, 2026
किसान आज खून के आंसू रो रहा है- जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि भले ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश से आते हैं, लेकिन राज्य के किसानों को ही सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों के साथ हो रहा अन्याय तुरंत नहीं रोका गया, तो मुख्यमंत्री कार्यालय में भी धरना देंगे. किसान के बेटे हैं, ना डरेंगे ना झुकेंगे. मध्य प्रदेश का किसान आज भाजपा राज में खून के आंसू रो रहा है. आज पूरी मध्य प्रदेश कांग्रेस मुंबई–आगरा हाईवे चक्का जाम कर मोहन यादव सरकार को जगाएगी.
चक्काजाम का उद्देश्य जनता को परेशान करना नहीं
उन्होंने कहा कि “सड़क सत्याग्रह” के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग चक्का जाम का उद्देश्य आमजन को परेशान करना नहीं है. सभी कांग्रेस परिवार के साथी जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखते हुए किसानों की लड़ाई मजबूती और जिम्मेदारी के साथ लड़ रहे हैं.
गहरे कर्ज में डूबे किसान – किसान कांग्रेस
जीतू पटवारी ने कहा कि राज्य के किसानों को खाद की कमी, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद में रुकावट, जूट के बोरों की कमी और जमीन माफियाओं द्वारा जमीन पर कब्जा करने जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल विज्ञापनों के जरिए ‘किसान कल्याण वर्ष’ (2026) मना रही है, जबकि हकीकत यह है कि किसान गहरे कर्ज में डूबे हुए हैं और अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.