3000 करोड़ का मालिक, फिर भी सबसे प्यारा 150 एकड़ का फार्म, इस सुपरस्टार का खेती वाला अंदाज जीत लेगा दिल

Celebrity Ka Gaon Connection: बॉलीवुड का एक ऐसा सुपरस्टार जो करोड़ों की दौलत का मालिक है, लेकिन उसकी सबसे पसंदीदा जगह कोई आलीशान बंगला नहीं, बल्कि 150 एकड़ में मौजूद उनका अपना फार्म है. यहां वह खुद खेती करते हैं, फल-सब्जियां उगाते हैं और जानवरों के बीच सुकून के पल बिताता है. खबर में आगे जानिए की आखिर कौन है ये स्टार?

नोएडा | Published: 6 Jul, 2026 | 03:59 PM

Salman Khan Farmhouse: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान अपनी फिल्मों, शानदार लाइफस्टाइल और लग्जरी संपत्तियों के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं. करीब 3000 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के मालिक सलमान के पास देश-विदेश में कई महंगी प्रॉपर्टी हैं. लेकिन इन सबके बीच एक ऐसी जगह है, जिससे उनका सबसे खास लगाव है. यह है नवी मुंबई के पनवेल में स्थित उनका 150 एकड़ का फार्महाउस, जिसे ‘अर्पिता फार्म्स’ के नाम से जाना जाता है.

यह फार्महाउस उनकी बहन अर्पिता खान शर्मा के नाम पर रखा गया है. हरियाली, खेतों और प्राकृतिक माहौल से घिरी यह जगह सलमान के लिए सिर्फ छुट्टियां बिताने का ठिकाना नहीं, बल्कि सुकून और प्रकृति के करीब रहने का जरिया भी है.

सिर्फ फार्महाउस नहीं, यहां होती है असली खेती

अक्सर बड़े सितारों के फार्महाउस सिर्फ घूमने-फिरने या पार्टी करने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन सलमान खान का फार्महाउस इससे बिल्कुल अलग है. यहां बड़े पैमाने पर फल और सब्जियों की खेती की जाती है. सलमान खुद भी खेती में रुचि लेते हैं और समय मिलने पर खेतों में काम करते नजर आते हैं. कोरोना लॉकडाउन के दौरान उन्होंने कई वीडियो साझा किए थे, जिनमें वे ट्रैक्टर चलाते, खेतों में काम करते और खेती से जुड़े दूसरे काम करते दिखाई दिए थे. उस समय उन्होंने परिवार के साथ फार्महाउस पर लंबा समय बिताया और खेती को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया.

सलमान खुद समय मिलने पर खेतों में काम करते नजर आते हैं (Photo Credit: Instagram)

बागों में उगते हैं कई तरह के फल

अर्पिता फार्म्स की सबसे बड़ी खासियत इसकी हरियाली है. पूरे परिसर में अलग-अलग तरह के पेड़ और बगीचे हैं, जहां कई तरह के फल उगाए जाते हैं. बताया जाता है कि यहां विदेशी किस्मों (Exotic) के फलों के भी पेड़ लगाए गए हैं. यही वजह है कि, यह फार्महाउस किसी नेचुरल रिसॉर्ट जैसा दिखाई देता है. चारों तरफ फैली हरियाली और खुले खेत इस जगह को शहर की भागदौड़ से बिल्कुल अलग बना देते हैं.

जानवरों से भी है खास लगाव

सलमान खान का जानवरों से प्रेम किसी से छिपा नहीं है. उनके पनवेल फार्महाउस में घोड़ों के लिए अलग अस्तबल (स्टेबल) बनाया गया है. वे अक्सर अपने घोड़ों के साथ समय बिताते हैं और उनकी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा करते रहते हैं. इसके अलावा फार्महाउस में कुत्ते, बकरियां और दूसरे पालतू जानवर भी रहते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां एक छोटा पशु आश्रय (Animal Shelter) भी बनाया गया है, जहां जानवरों की देखभाल की जाती है.

सलमान खान के पनवेल फार्महाउस में घोड़ों के लिए अलग अस्तबल (स्टेबल) बनाया गया है (Photo Credit: Instagram)

 

80 करोड़ रुपये का है फार्महाउस

करीब 150 एकड़ में फैले इस फार्महाउस की अनुमानित कीमत 80 करोड़ रुपये बताई जाती है. यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ प्राकृतिक माहौल को भी खास महत्व दिया गया है. बड़े-बड़े लॉन, खुले खेत, बगीचे और घुड़सवारी के लिए पर्याप्त जगह इस फार्महाउस को खास बनाती है.

लॉकडाउन में बना था परिवार का ठिकाना

कोरोना महामारी के दौरान जब पूरे देश में लॉकडाउन लगा था, तब सलमान खान अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ लंबे समय तक इसी फार्महाउस में रहे थे. इस दौरान उन्होंने खेती, पशुपालन और प्राकृतिक जीवनशैली से जुड़े कई वीडियो साझा किए, जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया. इससे यह भी पता चला कि सलमान सिर्फ खेती का शौक नहीं रखते, बल्कि खेतों में खुद काम करना भी पसंद करते हैं.

फिल्मों और शूटिंग की व्यस्त जिंदगी से समय निकालकर सलमान अक्सर पनवेल फार्महाउस पहुंच जाते हैं. यहां वे खेती, बागवानी, घोड़ों की देखभाल और परिवार के साथ समय बिताकर खुद को तरोताजा महसूस करते हैं. यही वजह है कि अर्पिता फार्म्स आज सलमान खान की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक माना जाता है.

Topics: