बिहार के किसानों को पीएम फसल बीमा का लाभ मिलेगा, केंद्र सरकार ने 11 लाख पक्के मकान सौंपे

PM Fasal Bima Yojana Bihar: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार के किसानों को पीएम फसल बीमा योजना का लाभ मिलेगा. बिहार सरकार ने योजना को लागू करने का निर्णय लिया है. इस कदम से फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक संकट से बचाया जा सकेगा.

नोएडा | Updated On: 20 Aug, 2026 | 01:39 PM

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार के किसानों को पीएम फसल बीमा योजना का लाभ मिलेगा. बिहार सरकार ने योजना को लागू करने का निर्णय लिया है, जो स्वागत योग्य है. क्योंकि इससे राज्य के किसानों को प्राकृतिक आपदा से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सकेगी और किसानों को आर्थिक संकट से बचाया जा सकेगा. केंद्रीय मंत्री ने आज पटना में 11 लाख जरूरतमंदों को पक्के मकान सौंपे. बिहार के सीएम ने कहा कि बीते 12 साल में बिहार के जरूरतमंद लोगों को 50 लाख पक्के घर दिए गए हैं.

शिवराज सिंह ने 11 लाख ग्रामीणों को पक्के घर सौंपे

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पटना में राज्य के 11 लाख से ज्यादा ग्रामीणों और अन्य जरूरतमंद लोगों को 11 लाख पक्के मकानों की सौगात दी. उन्होंने कहा कि बिहार के भाई-बहनों के लिए आज का दिन खुशियों भरा है. बिहार के भाई-बहनों को 11 लाख से अधिक पक्के मकानों की सौगात मिली है. वह अब कच्चे घरों की बजाय पक्के घरों में सुकून भरा जीवन यापन करेंगे.

बिहार के किसानों को पीएम फसल बीमा का लाभ मिलेगा

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को बिहार ने लागू करने का फैसला लिया है. इससे फसलों के नुकसान पर किसानों को उसकी भरपाई मिल सकेगी और उन्हें आर्थिक संकट से बचाया जा सकेगा. केंद्रीय मंत्री ने बिहार के किसानों की फार्मर आईडी बनाने में अग्रणी भूमिका के लिए राज्य सरकार को सराहा. उन्होंने कहा कि बिहार के किसान अब डिजिटल पहचान के साथ सभी सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के हासिल कर सकते हैं.

12 साल में बिहार के लोगों को 50 लाख घर दिए

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह अपने आप में एक ऐतिहासिक पल है. मैंने 1986 में इंदिरा आवास योजना की शुरुआत का दौर भी देखा है. लेकिन जब मोदी सरकार बनी, तो उन्होंने अकेले ही 2014 से 2026 के बीच बिहार में गरीबों को 50 लाख घर आवंटित किए. उन्होंने आगे कहा कि बिहार में प्रधानमंत्री आवास प्लस के 2018 के सर्वे के अनुसार लगभग 19 लाख पक्के घर हमारी सूची से छूट गए थे. पिछले दो वर्षों में शिवराज चौहान के मंत्री रहते हुए लगभग 19 लाख लोगों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं. घर सुरक्षा, सम्मान और एक मजबूत भविष्य देता है. विकास की असली पहचान तब होती है जब उसका लाभ सबसे जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे.

Published: 20 Aug, 2026 | 01:28 PM

Topics: