Tractor Sales: ट्रैक्टर बाजार में जोरदार तेजी, जुलाई में बिक्री 28 फीसदी बढ़ी, किसानों ने बढ़ाई खरीदारी
Tractor Sales July 2026: जुलाई 2026 में भारत में ट्रैक्टरों की खुदरा बिक्री 28 फीसदी बढ़कर 1,17,349 यूनिट पहुंच गई. बेहतर मॉनसून, खरीफ बुवाई में तेजी और ग्रामीण इलाकों में किसानों की मजबूत खरीद क्षमता से ट्रैक्टर मांग को सहारा मिला.
July Tractor Sales: भारत के ट्रैक्टर बाजार ने जुलाई 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है. देश में ट्रैक्टरों की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर 28 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई में कुल 1,17,349 ट्रैक्टर बिके, जबकि पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा 91,604 यूनिट था.
खास बात यह है कि, जुलाई में हुई बिक्री इस महीने के लिए अब तक का रिकॉर्ड स्तर है. बेहतर मॉनसून, खरीफ की बुवाई में तेजी और ग्रामीण इलाकों में किसानों की बेहतर आर्थिक स्थिति को ट्रैक्टरों की बढ़ती मांग की बड़ी वजह माना जा रहा है.
खरीफ बुवाई बढ़ने से ट्रैक्टरों की मांग बढ़ी
जुलाई की शुरुआत में मॉनसून की रफ्तार थोड़ी धीमी रही थी, लेकिन बाद में बारिश में सुधार हुआ. इससे खरीफ फसलों की बुवाई ने जोर पकड़ा. खेतों में काम बढ़ने के साथ किसानों की ओर से ट्रैक्टर और खेती से जुड़े दूसरे उपकरणों की मांग भी बढ़ी. FADA के अनुसार, बेहतर बारिश और खरीफ बुवाई की रफ्तार बढ़ने से ग्रामीण बाजार में सकारात्मक माहौल बना. जलाशयों में पानी का स्तर सुधरने और खेती के लिए सरकारी सहायता से भी किसानों का भरोसा बढ़ा है.
सभी प्रमुख कंपनियों की बिक्री बढ़ी
जुलाई में ट्रैक्टर बनाने वाली सभी प्रमुख कंपनियों ने बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की.
- महिंद्रा एंड महिंद्रा ट्रैक्टर बाजार में सबसे आगे रहा.
- इसके बाद कंपनी का Swaraj डिवीजन दूसरे और
- International Tractors Ltd तीसरे स्थान पर रहा.
TAFE ने जुलाई में सबसे ज्यादा बिक्री वृद्धि दर्ज की. वहीं Escorts Kubota भी टॉप-5 कंपनियों में शामिल रही. इससे पता चलता है कि ट्रैक्टर बाजार में मांग केवल एक कंपनी तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे सेक्टर में खरीदारी का माहौल मजबूत हुआ है.
जुलाई 2026 में ट्रैक्टर कंपनियों की बिक्री
| ट्रैक्टर कंपनी | जुलाई 2026 बिक्री (यूनिट) | जुलाई 2026 बाजार हिस्सेदारी (%) | जुलाई 2025 बिक्री (यूनिट) | जुलाई 2025 बाजार हिस्सेदारी (%) |
|---|---|---|---|---|
| महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड (ट्रैक्टर) | 26,863 | 23 | 20,617 | 23 |
| महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड (स्वराज डिवीजन) | 22,334 | 19 | 16,733 | 18 |
| इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड | 15,991 | 14 | 12,824 | 14 |
| टैफे लिमिटेड | 14,178 | 12 | 9,655 | 11 |
| एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड (एग्री मशीनरी ग्रुप) | 12,782 | 11 | 9,202 | 10 |
Source: FADA
चार महीने में बिक्री 25 फीसदी ऊपर
वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती चार महीनों में ट्रैक्टरों की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर करीब 25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. जुलाई में ट्रैक्टर बिक्री जून के मुकाबले भी करीब 12 फीसदी अधिक रही.
आगे की राह में कुछ चुनौतियां भी
हालांकि ट्रैक्टर बाजार में तेजी दिखाई दे रही है, लेकिन आने वाले महीनों को लेकर पूरी तरह बेफिक्र नहीं हुआ जा सकता. जुलाई में अच्छी बारिश से किसानों को राहत मिली है और खरीफ बुवाई भी तेजी से आगे बढ़ी है. लेकिन मौसम विभाग ने अगस्त और सितंबर में सामान्य से कम बारिश का अनुमान जताया है. इसके अलावा अल नीनो के मजबूत होने से मौसम को लेकर अनिश्चितता बढ़ सकती है.