CM योगी के नेतृत्व में यूपी बना देश का सबसे बड़ा फूड प्रोसेसिंग हब, 3.50 लाख प्रोसेसिंग यूनिट्स के साथ नंबर-1

Food Processing Hub: उत्तर प्रदेश अब देश का सबसे बड़ा फूड प्रोसेसिंग हब बन गया है. राज्य में 3.5 लाख से ज्यादा फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स संचालित हैं, जो देश में सबसे अधिक हैं. इस मामले में यूपी ने पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र जैसे राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है. फूड प्रोसेसिंग उद्योग के तेजी से विस्तार का फायदा रोजगार के रूप में भी देखने को मिला है.

नोएडा | Updated On: 14 Jun, 2026 | 10:24 AM

UP Food Processing Industry: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. खेती और कृषि उत्पादों के दम पर प्रदेश अब देश का सबसे बड़ा फूड प्रोसेसिंग हब बन गया है. राज्य में 3.5 लाख से ज्यादा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां संचालित हो रही हैं, जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिला है और किसानों की फसलों को बेहतर बाजार भी मिल रहा है. आम, आलू, मटर और अमरूद जैसे उत्पादों में अग्रणी उत्तर प्रदेश अब कृषि आधारित उद्योगों का भी नया केंद्र बनकर उभरा है.

देश का सबसे बड़ा फूड प्रोसेसिंग हब बना उत्तर प्रदेश

राज्य सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में इस समय 3,50,883 खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां संचालित हो रही हैं. यह संख्या देश के किसी भी अन्य राज्य से अधिक है. फूड प्रोसेसिंग उद्योग के विस्तार ने उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है. सरकार का कहना है कि बेहतर औद्योगिक नीतियां, मजबूत परिवहन और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था तथा कृषि क्षेत्र में भरपूर उत्पादन इस सफलता के मुख्य कारण हैं. किसानों से सीधे जुड़ी यह इंडस्ट्री अब राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही है.

महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल को छोड़ा पीछे

राज्य फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स की संख्या स्थिति
उत्तर प्रदेश 3.50 लाख से ज्यादा देश में सबसे आगे
पश्चिम बंगाल 3,22,590 दूसरे स्थान पर
महाराष्ट्र 2,29,372 तीसरे स्थान पर
पूरे देश में कुल 24.59 लाख                –

उत्तर प्रदेश में 3.50 लाख से ज्यादा फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स चल रही हैं, जो देश में सबसे ज्यादा हैं. देश की कुल फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 14-15 फीसदी है. पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र इसके बाद दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं.

लाखों लोगों को मिला रोजगार

फूड प्रोसेसिंग उद्योग के बढ़ने का सबसे बड़ा फायदा रोजगार के रूप में देखने को मिला है. इस समय राज्य में 2.5 लाख से ज्यादा लोग इस क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आने वाले समय में नई इकाइयां शुरू होने से रोजगार के और अवसर पैदा होंगे. इससे गांवों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम मिलने की संभावना मजबूत होगी.

कृषि उत्पादन बना सफलता की सबसे बड़ी ताकत

उत्तर प्रदेश की कृषि क्षमता इस उपलब्धि की मजबूत नींव है. राज्य देश में कई प्रमुख फसलों और बागवानी उत्पादों के उत्पादन में अग्रणी है. आम, अमरूद, आलू, मटर, लौकी, सिंघाड़ा, तरबूज, खरबूजा और शिमला मिर्च जैसी नौ प्रमुख फसलों के उत्पादन में यूपी पहले स्थान पर है. देश के कुल आलू उत्पादन में सबसे बड़ा योगदान उत्तर प्रदेश का है. इसी तरह मटर और आम के उत्पादन में भी राज्य की हिस्सेदारी सबसे अधिक है. अमरूद और लौकी के उत्पादन में भी यूपी अग्रणी राज्यों में शामिल है. यही वजह है कि फूड प्रोसेसिंग उद्योगों को पर्याप्त मात्रा में कच्चा माल आसानी से उपलब्ध हो जाता है.

फल और सब्जियों के उत्पादन में भी नंबर वन

सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, देश में होने वाले कुल फल उत्पादन का 14.44 प्रतिशत हिस्सा अकेले उत्तर प्रदेश से आता है. राज्य में हर साल लगभग 175 लाख मीट्रिक टन फलों का उत्पादन होता है. वहीं, सब्जियों के मामले में भी उत्तर प्रदेश की स्थिति बेहद मजबूत है. देश के कुल सब्जी उत्पादन में राज्य की हिस्सेदारी करीब 19.73 प्रतिशत है. यहां हर वर्ष लगभग 436 लाख मीट्रिक टन सब्जियों का उत्पादन किया जाता है.

किसानों और उद्योग दोनों को होगा फायदा

फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में बढ़ती गतिविधियां किसानों के लिए भी लाभदायक साबित हो रही हैं. फसल का बेहतर मूल्य मिलने के साथ-साथ भंडारण और प्रसंस्करण की सुविधाएं बढ़ रही हैं. इससे फसलों की बर्बादी कम होगी और किसानों की आय में बढ़ोतरी की संभावना बनेगी. कुल मिलाकर, कृषि उत्पादन, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन के मजबूत तालमेल ने उत्तर प्रदेश को देश का सबसे बड़ा फूड प्रोसेसिंग हब बना दिया है. आने वाले समय में यह क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

Published: 14 Jun, 2026 | 10:21 AM

Topics: