ओडिशा में मिलावटी पनीर पर बड़ा एक्शन, 72 क्विंटल माल जब्त..ऐसे हुआ मामले का खुलासा

ओडिशा में त्योहारों से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है. भुवनेश्वर और कटक में दो दिन की जांच के दौरान 72 क्विंटल संदिग्ध मिलावटी पनीर जब्त किया गया. इसकी कीमत 18 लाख रुपये से ज्यादा है. इसके अलावा 66 किलो बासी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थ भी पकड़े गए हैं.

नोएडा | Updated On: 21 Aug, 2026 | 12:29 PM

Odisha News: त्योहारों के सीजन को देखते हुए ओडिशा सरकार ने भुवनेश्वर और कटक में खाद्य सुरक्षा जांच तेज कर दी है. पिछले दो दिनों में अधिकारियों ने करीब 72 क्विंटल संदिग्ध मिलावटी पनीर जब्त किया है, जिसकी कीमत 18 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है. इसके अलावा 66 किलो बासी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थ भी पकड़े गए हैं. खाद्य सुरक्षा आयुक्त पोमा टुडू ने अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

अधिकारियों के मुताबिक, कटक नगर निगम की संयुक्त टीम ने 18 और 19 अगस्त को छापेमारी की. यह कार्रवाई CDA इलाके में नियमित जांच के दौरान एक होटल में करीब एक क्विंटल संदिग्ध मिलावटी पनीर मिलने के बाद की गई. जांच में पता चला कि यह पनीर ऑटोरिक्शा के जरिए अलग-अलग जगहों पर सप्लाई किया जा रहा था और इसे नियाली इलाके से लाया गया था. इसके बाद कटक में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पुलिस की मदद से छापेमारी कर करीब 71 क्विंटल मिलावटी पनीर जब्त किया है. जब्त पनीर को सतीचौरा के डंपिंग यार्ड में भेज दिया गया है. इसके सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं.

कटक नगर निगम की खाद्य सुरक्षा टीम ने इसके बाद प्रेस छक और लिंक रोड रेलवे लाइन इलाके समेत कई जगहों पर छापेमारी की. अधिकारियों के मुताबिक, कुछ कारोबारी अपने वाहन खड़े करके ऑटो रिक्शा के जरिए अलग-अलग दुकानों और होटलों में मिलावटी पनीर की सप्लाई कर रहे थे. CMC की खाद्य सुरक्षा अधिकारी रश्मिता बेहरा ने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस से कहा पनीर पर रैपिड आयोडीन टेस्ट किया गया, जिसमें मिलावट की पुष्टि हुई. कपड़ों में लपेटकर रखे गए पनीर को अलग-अलग होटल और मिठाई की दुकानों में सप्लाई किया जाना था. जांच में यह भी सामने आया कि नियाली से कटक तक मिलावटी पनीर लाने वाले कारोबारियों ने इसके स्रोत की जानकारी दी है. अधिकारियों के मुताबिक, पनीर में मैदा, अरारोट और पामोलीन तेल मिलाकर इसे तैयार किया जा रहा था. कारोबारियों के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं.

कैसे करें असली और नकली पनीर की पहचान

चिकित्सकों के मुताबिक, असली और नकली पनीर की पहचान करना बहुत ही आसान है. घर पर आयोडीन की कुछ बूंदों से दूध और पनीर में  मिलावट की शुरुआती जांच की जा सकती है. पनीर को तोड़कर या पानी में डालकर उसमें आयोडीन डालें. अगर रंग नीला या गहरा हो जाता है, तो इसमें स्टार्च या किसी दूसरी मिलावट की आशंका हो सकती है. हालांकि, यह घरेलू टेस्ट सिर्फ शुरुआती संकेत देता है, पक्की पुष्टि के लिए लैब जांच जरूरी है.

फॉर्मलीन जैसे खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल

चिकित्सकों के अनुसार, कुछ मिलावटखोर दूध और पनीर को लंबे समय तक खराब होने से बचाने के लिए फॉर्मलीन जैसे खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल कर रहे हैं. फॉर्मलीन का इस्तेमाल शवों को सुरक्षित रखने के लिए भी किया जाता है. क्योंकि हाल के दिनों में लैब जांच में पनीर में फॉर्मलीन की मौजूदगी सामने आई है. ऐसे रसायनों का सेवन शरीर के लिए गंभीर रूप से नुकसानदायक हो सकता है.

 

 

Published: 21 Aug, 2026 | 12:18 PM

Topics: