आंध्र में तंबाकू बाजार सुधरा, 8 करोड़ किलो हुई बिक्री..उत्पादन बढ़ने से कीमतों पर रहा दबाव
आंध्र प्रदेश में FCV तंबाकू की नीलामी में बाजार के हालात सुधर रहे हैं. खरीदारों की भागीदारी और प्रतिस्पर्धा बढ़ने से किसानों को बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है. हालांकि, इस सीजन उत्पादन अधिक होने से कीमतों पर दबाव रहा. सरकार ने अगले सीजन के लिए तंबाकू का अधिकृत उत्पादन घटाने का फैसला किया है, ताकि बाजार में अतिरिक्त स्टॉक न रहे.
आंध्र प्रदेश के कृषि मंत्री किंजरापु अच्चन्नायडू ने कहा कि 2025-26 सीजन की FCV तंबाकू नीलामी में बाजार के हालात अब बेहतर हो रहे हैं. पिछले कुछ हफ्तों में तंबाकू खरीदने वाले कारोबारियों की भागीदारी और आपसी प्रतिस्पर्धा बढ़ी है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के मार्गदर्शन में सरकार तंबाकू किसानों को बेहतर बाजार और उनकी फसल का अच्छा दाम दिलाने के लिए लगातार कदम उठा रही है.
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कृषि मंत्री अच्चन्नायडू ने कहा कि 4 सितंबर तक 132 दिनों की नीलामी में करीब 8.66 करोड़ किलो FCV तंबाकू की बिक्री हो चुकी है. सरकार ने इस सीजन के लिए 14.2 करोड़ किलो फसल की अनुमति दी थी, लेकिन वास्तविक उत्पादन करीब 23.6 करोड़ किलो रहने का अनुमान है. अब तक तंबाकू का औसत भाव 209.83 रुपये प्रति किलो रहा है. पिछले साल सीजन के अंत में औसत भाव 248.86 रुपये प्रति किलो था.
तंबाकू उत्पादन बढ़ने से बाजार पर दबाव, अब हालात में सुधार
कृषि मंत्री अच्चन्नायडू ने कहा कि इस सीजन में तंबाकू का उत्पादन काफी बढ़ गया है. इससे बाजार में जरूरत से ज्यादा स्टॉक हो गया और कीमतों पर दबाव पड़ा. हालांकि, अब स्थिति धीरे-धीरे सुधर रही है. नीलामी में खरीदारों की रुचि बढ़ी है और कारोबारियों के बीच प्रतिस्पर्धा भी तेज हुई है. उन्होंने बताया कि जिन तंबाकू गांठों पर खरीदार बोली नहीं लगाते, उनकी संख्या भी काफी कम हुई है. फिलहाल रोजाना करीब 11-12 फीसदी गांठों पर बोली नहीं लग रही है, जबकि कुछ नीलामी केंद्रों पर यह आंकड़ा 1-2 फीसदी से भी कम रह गया है.
आंध्र प्रदेश में तंबाकू का उत्पादन घटाएगी सरकार
कृषि मंत्री अच्चन्नायडू ने बताया कि हर हफ्ते करीब 1 करोड़ किलो तंबाकू की बिक्री हो रही है. खरीदारों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा से किसानों को अपनी फसल का बेहतर दाम मिलने में मदद मिल रही है. उन्होंने कहा कि सरकार ने 2026-27 के लिए आंध्र प्रदेश में FCV तंबाकू का अधिकृत उत्पादन 14.2 करोड़ किलो से घटाकर 8.1 करोड़ किलो करने का फैसला किया है. इस फैसले का मकसद उत्पादन को बाजार की मांग के हिसाब से रखना है, ताकि जरूरत से ज्यादा तंबाकू का स्टॉक न बने और किसानों को भविष्य में कीमतों के दबाव का सामना न करना पड़े.
तंबाकू की खेती के लिए किसानों को जागरूक करेगा बोर्ड
कृषि मंत्री अच्चन्नायडू ने कहा कि अगले साल किसानों को तय सीमा के अंदर FCV तंबाकू की खेती करने के लिए जागरूक किया जाएगा. इसके लिए तंबाकू बोर्ड बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएगा. उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि नीलामी पूरी होने तक सरकार बाजार पर नजर रखेगी. किसानों के हितों की रक्षा के लिए जरूरत के मुताबिक सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.