नौतपा की शुरुआत के साथ बढ़ी गर्मी, दिल्ली-यूपी में रेड अलर्ट… जानें बिहार समेत अन्य राज्यों का मौसम

एक तरफ कई राज्यों में लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं, तो दूसरी तरफ कई इलाकों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, सिक्किम समेत 18 राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.

नई दिल्ली | Published: 25 May, 2026 | 07:30 AM

Today Weather: देश में मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. एक तरफ कई राज्यों में लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं, तो दूसरी तरफ कई इलाकों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, सिक्किम समेत 18 राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. वहीं राजस्थान, दिल्ली, पंजाब और यूपी के कई हिस्सों में नौतपा की शुरुआत के साथ गर्मी और ज्यादा खतरनाक हो सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है. इसके असर से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं. केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

दिल्ली में लू का अलर्ट, फिर भी बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में गर्मी लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. मौसम विभाग ने 25 से 27 मई तक लू का अलर्ट जारी किया है. दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि 25 मई की शाम कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और धूल भरी आंधी चलने की संभावना भी जताई गई है. हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

यूपी में लू और बारिश दोनों का खतरा

उत्तर प्रदेश में मौसम का असर अलग-अलग रूप में देखने को मिल रहा है. पूर्वी यूपी में भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है. लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ, आगरा और गोरखपुर जैसे शहरों में तेज गर्मी और धूलभरी हवाएं चल सकती हैं. कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है. वहीं मौसम विभाग ने 25 से 29 मई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना भी जताई है. इससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है.

बिहार में उमस और बारिश का दौर

बिहार में गर्मी के साथ उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया और दरभंगा समेत कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक 26 से 28 मई के बीच कुछ इलाकों में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. पटना में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

हिमाचल और उत्तराखंड में बदलेगा मौसम

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम तेजी से करवट बदल रहा है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और सोलन में 25 से 30 मई तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है.

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि 25 से 29 मई के बीच कई जगहों पर मौसम अचानक बदल सकता है.

राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर

राजस्थान में इस समय सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही है. जयपुर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर और कोटा में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है. मौसम विभाग ने 25 से 30 मई तक लू का अलर्ट जारी किया है. हालांकि कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है.

झारखंड और पंजाब में भी अलर्ट

झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है. वहीं पंजाब में 25 से 28 मई तक भीषण लू चलने की संभावना है. इसके बाद 28 से 30 मई के बीच मौसम बदल सकता है और बारिश होने के आसार हैं.

Topics: