1 मई को सावधान! दिल्ली से बिहार तक बारिश-आंधी का अलर्ट, 70 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

पहाड़ों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है. पिछले दो दिनों से यहां आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो रही है और 1 मई को भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है. इसका असर पूरे उत्तर भारत में भी देखने को मिलेगा, जहां हरियाणा से बिहार तक तेज आंधी, बारिश, ओले और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.

नई दिल्ली | Updated On: 1 May, 2026 | 07:01 AM

Today weather: देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को भले ही कुछ राहत मिल रही है, लेकिन इसके साथ ही आंधी, बारिश और तूफान नई परेशानी भी लेकर आ सकते हैं. मौसम विभाग ने 1 मई को उत्तर भारत समेत कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. कई राज्यों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण को मुख्य कारण बताया जा रहा है. दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के आसपास बने मौसमीय तंत्र से पूरे उत्तर भारत में असर दिखाई देगा.

दिल्ली में बारिश और ओले से मिलेगी राहत

राजधानी दिल्ली में 1 मई को मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा. यहां बारिश, तेज आंधी और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 36°C और न्यूनतम 24°C रहने का अनुमान है. तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन तेज तूफान से सतर्क रहने की जरूरत है.

उत्तर प्रदेशमें कई जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा. सहारनपुर, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 34°C और न्यूनतम 24°C रहने की संभावना है. तेज हवाओं और बादलों की वजह से गर्मी में कमी आएगी, लेकिन कुछ जगहों पर ओले गिरने और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.

बिहार में तेज बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी

बिहार में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पटना, गया, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफान की संभावना जताई गई है. पटना में अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 23°C रहने का अनुमान है. यहां आंधी के साथ ठनका गिरने और ओलावृष्टि का भी खतरा बना हुआ है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

उत्तराखंड में  पहाड़ों में तेज बारिश और ठंडी हवाएं

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे क्षेत्रों में बारिश और आंधी की संभावना है. यहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. देहरादून में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 20°C रहने की संभावना है. बारिश के चलते मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी लेना जरूरी है.

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और ओलावृष्टि से बदला मौसम

हिमाचल प्रदेश में मौसम और ज्यादा ठंडा हो सकता है. शिमला, मनाली और कुल्लू जैसे इलाकों में बारिश के साथ ओले और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. मनाली में तापमान काफी नीचे रहेगा, जहां अधिकतम 9°C और न्यूनतम 1°C तक जा सकता है. यहां मौसम खराब रहने से पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

पंजाब में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना

पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, मोहाली और पटियाला समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. यहां 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम में बदलाव से गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन तेज हवा और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.

राजस्थान में गर्मी के बीच आंधी-बारिश का असर

राजस्थान में जहां एक ओर गर्मी अभी भी बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. जयपुर में अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम 27°C रहने का अनुमान है. बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट आएगी, लेकिन कुछ इलाकों में तेज हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं.

मध्य प्रदेश में गर्मी के बीच राहत के संकेत

मध्य प्रदेश के भोपाल, सागर, रीवा और ग्वालियर समेत कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. भोपाल में अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतम 27°C रहने की उम्मीद है. मौसम में बदलाव से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन कुछ जगहों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा रहेगा.

पश्चिम बंगाल में तापमान में गिरावट

पश्चिम बंगाल में बारिश और आंधी के कारण तापमान में करीब 7°C तक गिरावट आई है. कोलकाता में अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 25°C रहने की संभावना है. यहां भी आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है.

दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेज

दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो रही हैं. यहां तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. चेन्नई में तापमान 36°C/29°C और मुंबई में 32°C/29°C रहने का अनुमान है. बारिश से उमस में कमी आएगी, लेकिन समुद्री इलाकों में सतर्कता जरूरी है.

Published: 1 May, 2026 | 07:00 AM

Topics: