देश में बारिश का दौर शुरू.. दिल्ली-यूपी और बिहार में कब पहुंचेगा मॉनसून, देखें डेट लिस्ट
Rainy Season begins across country: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून 2026 को केरल पहुंच चुका है और अब इसके धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है. किस राज्य में मॉनसून कब पहुंचेगा इस खबर में तारीखों का जिक्र किया गया है...
Monsoon Rain Started In India: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को केरल में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पहुंचने की घोषणा कर दी है. इसके साथ ही देश में बारिश का दौर भी शुरू हो गया है. इसके साथ ही अब देश की राजधानी दिल्ली, यूपी, बिहार समेत अन्य राज्यों में मॉनसून पहुंचने की तारीखों का पूर्वानुमान जारी किया गया है. हालांकि, इस बार कम मॉनसूनी बारिश होने के पूर्वानुमान से कृषि उत्पादन प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है. बता दें कि इस बार मॉनसून की एंट्री 4 दिन देरी से हुई है, क्योंकि हर बार 1 जून के आसपास मॉनसूनी बारिश केरल में शुरू होती हैं.
केरल में एंट्री के बाद मॉनसून अरब सागर से बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ा
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आज 4 जून 2026 को केरल पहुंच गया है. इसके साथ ही मॉनसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के बाकी हिस्सों के साथ पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों की ओर बढ़ गया है. वहीं, मॉनसून पूरे लक्षद्वीप द्वीप समूह, केरल और माहे, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के बाकी हिस्सों, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है.
मॉनसून की एंट्री के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है.
गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक कब पहुंचेगा मॉनसून
मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि आगामी 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और भागों, संपूर्ण गोवा, महाराष्ट्र एवं आंध्र प्रदेश के कुछ भागों, कर्नाटक के और हिस्सों, तमिलनाडु के शेष भागों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य एवं उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों एवं पूर्वोतर भारत के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. मौसम विभाग ने कहा है कि 7 जून तक गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश समेत अन्य तटीय राज्यों और इलाकों में मॉनसूनी बारिशें होंगी.
उत्तर प्रदेश में 18 को पहुंचेगा मॉनसून
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून 2026 को केरल पहुंच चुका है और अब इसके धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है. तटीय हिस्सों से आगे बढ़ते हुए मॉनसून मध्य प्रदेश में 15 से 20 जून के बीच पहुंचने का पूर्वानुमान जारी किया गया है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में मॉनसूनी बारिश 18 जून से शुरू होने की संभावना जताई गई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून के 18–22 जून के बीच दस्तक देने की संभावना है. जबकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22–27 जून के बीच मानसूनी बारिश शुरू होने की बात कही गई है.
दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में कब पहुंचेगा मॉनसून
Monsoon Enter in States Dates:
- मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राजस्थान में मॉनसून के 25 जून को एंटर होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की जाएगी. जबकि, 5 जुलाई तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश देखी जाएगी.
- हरियाणा के कुछ हिस्सों में मॉनसून 26 जून को पहुंचेगा. जबकि, पूरे प्रदेश में 1 जुलाई तक बारिश शुरू हो जाएगी.
- पंजाब में 27 जून से मॉनसूनी बारिशें शुरू हो जाएंगी और 3 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मानसून की एंट्री के साथ झमाझम बारिश जारी रहेगी.
- दिल्ली में मानसून 27 जून को पहुंचेगा और 30 जून तक पूरे दिल्ली एनसीआर में झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा.