यूपी में भीषण गर्मी का कहर, 10 जिलों में रेड अलर्ट… 48 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. जिला प्रशासन, अस्पतालों और राहत विभागों को जरूरी दवाइयां, बेड, पीने का पानी और एंबुलेंस सेवाएं तैयार रखने को कहा गया है. साथ ही आग लगने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए भी पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं.
UP heatwave alert: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और खतरनाक हीटवेव की चपेट में है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. हालात इतने गंभीर हैं कि लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है. तेज धूप, गर्म हवाएं और लगातार बढ़ता तापमान लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है.
10 जिलों में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और जौनपुर में रेड अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में भीषण से अत्यधिक भीषण हीटवेव चलने की चेतावनी दी गई है.
रेड अलर्ट का मतलब है कि हालात बेहद गंभीर हैं और लगातार कई दिनों तक गर्मी लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकती है.
कई शहरों में 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा
प्रदेश के कई शहरों में तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है. बांदा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रयागराज में 46.6 डिग्री और वाराणसी (BHU) में 45.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा सुल्तानपुर और हमीरपुर में 45.2 डिग्री, फुरसतगंज में 45.1 डिग्री और झांसी में 44.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का असर तेज रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.
#WATCH | Lucknow, UP: IMD issued heatwave alert in several districts of Uttar Pradesh as temperatures in Lucknow soar above 48°C.
Weather Department Scientist, Mohammed Danish says, “… Hot winds continue, coming from Rajasthan. With no cloud cover, temperatures have been… pic.twitter.com/YFd0SfS67n
— ANI (@ANI) May 21, 2026
34 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, मथुरा और बुलंदशहर समेत 34 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां अगले दो दिनों तक तेज लू और भीषण गर्मी बनी रह सकती है. वहीं लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर और अयोध्या समेत 17 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
सीएम योगी ने दिए अलर्ट रहने के निर्देश
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. जिला प्रशासन, अस्पतालों और राहत विभागों को जरूरी दवाइयां, बेड, पीने का पानी और एंबुलेंस सेवाएं तैयार रखने को कहा गया है. साथ ही आग लगने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए भी पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं.
क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है. साफ आसमान और पश्चिमी दिशा से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं की वजह से तापमान लगातार बढ़ रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 48 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है. ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है.