बढ़ती महंगाई के बीच 32 रुपये सस्ता हुआ डीजल! जानें भारत में कब घटे थे पेट्रोल-डीजल के दाम

पाकिस्तान सरकार ने हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 32.63 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की भारी कटौती कर आम जनता, ट्रांसपोर्टर्स और किसानों को बड़ी राहत दी है. वहीं भारत में सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतें स्थिर रखी हैं.

Saurabh Sharma
नोएडा | Updated On: 21 Aug, 2026 | 12:35 PM

Pakistan Diesel Price: पाकिस्तान और भारत में ईंधन की कीमतों को लेकर एक बड़ा अंतर देखने को मिला है. जहां पाकिस्तान सरकार ने हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमत में 32.63 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की भारी कटौती कर आम जनता, ट्रांसपोर्टर्स और किसानों को राहत दी है, वहीं भारत में सरकारी तेल कंपनियों ने 21 अगस्त 2026 तक पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. हालांकि, भारत में निजी कंपनी नायरा एनर्जी पहले ही जुलाई में अपने ग्राहकों को राहत दे चुकी है.

नई कीमतें लागू, 363 रुपये प्रति लीटर हुआ HSD

पाकिस्तान ने स्थानीय रिफाइनरियों के साथ समझौते के बाद हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 32.63 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की कटौती लागू कर दी है. इसके बाद पाकिस्तान में HSD की नई कीमत 363.06 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है. सरकार का कहना है कि यह राहत अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रिफाइनरी प्रीमियम घटने से संभव हुई. ट्रांसपोर्ट संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे अर्थव्यवस्था और आम लोगों के लिए बड़ी राहत बताया.

पाकिस्तान में डीजल क्यों हुआ सस्ता?

आर्थिक संकट और लगातार बढ़ती महंगाई से जूझ रहे पाकिस्तान में डीजल की ऊंची कीमतें  परिवहन, कृषि और रोजमर्रा की जिंदगी पर भारी पड़ रही थीं. तेल एवं गैस नियामक प्राधिकरण (OGRA) और पेट्रोलियम मंत्रालय ने मूल्य समीक्षा के दौरान डीजल सस्ता करने का प्रस्ताव तैयार किया, लेकिन स्थानीय रिफाइनरियों के साथ मार्जिन और प्रीमियम को लेकर विवाद के कारण फैसला अटक गया. इसके बाद प्रधानमंत्री ने सीधे हस्तक्षेप करते हुए रिफाइनरी मालिकों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की, जिसके बाद डीजल की कीमत में ऐतिहासिक कटौती का रास्ता साफ हुआ.

किसानों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को मिलेगा सीधा फायदा

पाकिस्तान में ट्रैक्टर, ट्यूबवेल और मालवाहक वाहनों में डीजल का व्यापक इस्तेमाल होता है. ऐसे में कीमतों में आई यह गिरावट सीधे कृषि लागत और माल ढुलाई खर्च को कम करेगी. विशेषज्ञों का मानना है कि जब परिवहन लागत घटेगी तो खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई भी सस्ती होगी, जिससे खुदरा महंगाई पर नियंत्रण  पाने में मदद मिल सकती है.

भारत में क्या बदले पेट्रोल-डीजल के दाम?

भारत में सरकारी तेल  कंपनियां-इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने 21 अगस्त 2026 को भी खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया. दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बना हुआ है. हालांकि, 1 जुलाई 2026 को निजी ईंधन रिटेलर नायरा एनर्जी ने अपने आउटलेट्स पर पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता किया था. इसके अलावा केंद्र सरकार ने 15 अगस्त 2026 से पेट्रोल पर लगने वाला एक्सपोर्ट विंडफॉल टैक्स घटाकर शून्य कर दिया, जिससे निर्यात क्षेत्र को राहत मिली, लेकिन इसका असर सरकारी खुदरा कीमतों पर नहीं दिखा.

किसे मिली ज्यादा राहत?

दोनों देशों की नीति में बड़ा अंतर साफ दिखाई देता है. पाकिस्तान ने महंगाई से राहत देने के लिए सीधे डीजल की कीमत घटाई, जबकि भारत ने फिलहाल सरकारी खुदरा दरें स्थिर रखी हैं और केवल निजी रिटेलर व निर्यात शुल्क में बदलाव देखने को मिला है. आने वाले समय में वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें ही तय करेंगी कि दोनों देशों में ईंधन की दरें किस दिशा में जाती हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 21 Aug, 2026 | 12:33 PM

लेटेस्ट न्यूज़