Today Weather: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, तो दूसरी ओर मौसम विभाग ने कई इलाकों में तेज आंधी, तूफान और भारी बारिश का बड़ा अलर्ट जारी किया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 17 घंटों के भीतर बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड समेत 19 राज्यों में तेज बारिश और तूफानी हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वोत्तर भारत और उससे सटे पूर्वी इलाकों में कई जगह भारी बारिश देखने को मिल सकती है. समुद्र में ऊंची लहरों और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. IMD के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण और अलग-अलग गर्तों की वजह से मौसम तेजी से बदल रहा है. यही कारण है कि कई राज्यों में एक साथ बारिश, तूफान और गर्मी जैसे अलग-अलग हालात देखने को मिल रहे हैं.
19 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, सिक्किम, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश समेत 19 राज्यों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. कई जगहों पर बिजली गिरने और तेज गर्जना की चेतावनी भी जारी की गई है.
दिल्ली में लू और तेज हवाओं का खतरा
राजधानी दिल्ली में फिलहाल राहत के आसार कम दिखाई दे रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 20 मई को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा, लेकिन लू का असर जारी रहेगा. अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री रह सकता है.
दिल्ली में उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार सामान्य तौर पर 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि कुछ समय के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक झोंके चल सकते हैं. 21 मई को भी राजधानी में लू का असर बना रहेगा.
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. बांदा जिले में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना जताई है.
20 से 25 मई के बीच आगरा, नोएडा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, बरेली और जालौन समेत कई जिलों में लू और गर्म हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. तेज गर्म हवाएं लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती हैं.
बिहार और झारखंड में तेज बारिश की चेतावनी
बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 25 मई तक आंधी-तूफान और तेज बारिश की संभावना जताई है. कई जिलों में 81 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
झारखंड में भी रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और मयूरभंज जैसे इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में उष्ण लहर से लहर भीषण उष्ण लहर की स्थिति के जारी रहने की संभावना है।
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में इस सप्ताह के दौरान, तथा पूर्वोत्तर भारत और इससे सटे पूर्वी भारत में 21 से 25 मई, 2026 के दौरान भारी वर्षा की… pic.twitter.com/AY6aiYrUqL
— India Meteorological Department (@Indiametdept) May 19, 2026
उत्तराखंड और हिमाचल में बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में 20 से 23 मई के बीच मौसम बदल सकता है. देहरादून में आंशिक बादल छाने की संभावना है, जबकि उत्तरकाशी और चमोली जैसे पहाड़ी इलाकों में गर्जना के साथ बारिश हो सकती है. कई क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
हिमाचल प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और ऊना में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. इससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है.
राजस्थान और पंजाब में लू का रेड अलर्ट
राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है. जयपुर, बीकानेर, जैसलमेर, कोटा और श्रीगंगानगर जैसे जिलों में 25 मई तक भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर जा सकता है.
पंजाब में भी अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा, पटियाला और फरीदकोट समेत कई शहरों में लू का अलर्ट जारी किया गया है. तेज गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं.
मध्य प्रदेश में गर्मी के साथ बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश में भी अगले कुछ दिन मौसम मिला-जुला रह सकता है. भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, रीवा और जबलपुर में भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा, जबकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग ने 25 मई तक गर्म हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
बड़े शहरों का तापमान
20 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री, लखनऊ और भोपाल का 43 से 45 डिग्री, जयपुर का 44 डिग्री और पटना-रांची का तापमान करीब 36 डिग्री रहने का अनुमान है. वहीं मुंबई में 33 डिग्री, चेन्नई में 38 डिग्री और कोलकाता में 37 डिग्री तापमान रह सकता है. पहाड़ी इलाकों में मौसम थोड़ा राहतभरा रहेगा. शिमला में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और नैनीताल में 29 डिग्री रहने की संभावना है.